लखनऊ8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भारत ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रन से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारतीय टीम 402 रन पर ऑलआउट हो गई। वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 400 रन बनाने वाली टीम ऑल आउट भी हुई है।
बुधवार को शुभमन गिल (154 रन) और ईशान किशन (125 रन) ने एक ही ओवर अपने-अपने शतक पूरे किए। श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। वे सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बने। मैच के दौरान दरविश रसूली को चोटिल होने पर स्ट्रेचर से मैदान से बाहर ले जाया गया।
भारत-अफगानिस्तान मैच के रिकॉर्ड्स
1. पहली बार 2 भारतीयों ने 80 से कम गेंद में शतक लगाया
गिल ने 77 और किशन ने 71 गेंद में शतक पूरा किया। इसके साथ ही दोनों ने भारतीय क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड बनाया। वनडे क्रिकेट में पहली बार दो भारतीय बल्लेबाजों ने एक ही पारी में 80 या उससे कम गेंद में शतक लगाया।

शुभमन गिल और ईशान किशन शतक सेलिब्रेट करते हुए।
2. भारत ने साउथ अफ्रीका की बराबरी की
भारत ने 8वीं बार वनडे में 400 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया। टीम ने इस मामले में साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली। साउथ अफ्रीका भी वनडे में 8 बार यह कारनामा कर चुका है।

4. श्रेयस अय्यर के 3 हजार वनडे रन
श्रेयस अय्यर ने 11वां रन बनाते ही वनडे में 3 हजार रन पूरे किए। उन्होंने 72 पारी और 3049 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने सबस कम पारी में 3 हजार रन बनाने वाले विराट कोहली (75 पारी) को पीछे छोड़ दिया है। अब वे शिखर धवन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में शुभमन गिल 62 पारी के साथ पहले स्थान पर हैं।

अय्यर सबसे कम गेंद में यह आंकड़ा छूने वाले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव 2995 गेंद के साथ पहले नंबर पर हैं।

5. गिल का भारत के लिए तीसरा फास्टेस्ट 150 रन
गिल ने 108 गेंद में 150 रन पूरे किए। यह वनडे में किसी भारतीय का तीसरा सबसे तेज 150+ का स्कोर है। पहले स्थान पर ईशान किशन हैं। उन्होंंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 103 गेंद पर 150 रन बनाए थे।

6. अफगानिस्तान के खिलाफ फास्टेस्ट सेंचुरी में ईशान और गिल शामिल
ईशान और गिल अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। इस लिस्ट में ईशान (71 गेंद) तीसरे और गिल (77 गेंद) 5वें नंबर पर आ गए हैं। पहले स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी इयोन मॉर्गन हैं। उन्होंने 2019 में मैनचेस्टर के मैदान पर अफगान टीम के खिलाफ 57 गेंद पर शतक लगाया था। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी 63 गेंद पर शतक लगा चुके हैं।

7. वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी
गिल-ईशान ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की। यह वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ संयुक्त रुप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इस लिस्ट में डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ की जोड़ी पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 2015 में अफगान टीम के खिलाफ 260 रन की साझेदारी की थी।

8. ईशान-गिल ने दूसरी सबसे तेज 200+ की साझेदारी की
ईशान-गिल ने 9.60 के रनरेट से 224 रन जोड़े। यह भारत के लिए वनडे में दूसरी सबसे तेज 200+ रन की साझेदारी की है। इस मामले में केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की जोड़ी पहले स्थान पर हैं। दोनों ने 2023 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड के खिलाफ 9.82 के रनरेट से 208 रन की साझेदारी की थी।

9. अफगानिस्तान की वनडे में दूसरी सबसे बड़ी हार
अफगानिस्तान को 170 रन की हार का सामना करना पड़ा। यह अफगानिस्तान की वनडे में दूसरी सबसे बड़ी हार है। टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2015 में सबसे बड़ी हार मिली थी। तब पर्थ के मैदान पर उसे 275 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

10. गुरबाज सबसे तेज 2 हजार वनडे रन बनाने वाले अफगानी बल्लेबाज
रहमानुल्लाह गुरबाज ने 33 गेंद पर 41 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने वनडे में 2 हजार रन भी पूरे किए। वे वनडे में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले अफगानी बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 54 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। रहमत शाह 57 पारी के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

मैच के टॉप-4 मोमेंट्स…
1. गिल ने गले में आइस पैक पहनकर बैटिंग की
लखनऊ में मैच के दौरान काफी ज्यादा उमस थी। इसकी वजह से एक पारी में 3 ड्रिंक्स ब्रेक रखे गए थे। ब्रेक में खिलाड़ी तौलिए से पसीना पोछते नजर आए। 14वें ओवर में ड्रिंक्स ब्रेक के बाद कप्तान गिल ने गले में आइस पैक पहनकर बैटिंग की।

गिल ने 110 गेंद पर 154 रन बनाए।
2. गिल-ईशान ने एक ही ओवर में शतक पूरे किए
भारतीय पारी के 33वें ओवर में गिल और ईशान ने अपने शतक पूरे किए। बिलाल सामी के ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर गिल ने 9वां वनडे शतक लगाया। आखिरी गेंद पर किशन ने भी चौका मारकर अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया।

गिल और ईशान दोनों ने चौका लगाकर सेंचुरी पूरी की।
3. नो-बॉल से टला प्रिंस यादव का पहला वनडे विकेट
दूसरी पारी के 7वें ओवर में प्रिंस यादव को विकेट मिलते-मिलते रह गया। डेब्यू कर रहे प्रिंस ने ओवर की 5वी गेेंद शॉर्ट डाली। गेंद रहमनुल्लाह गुरबाज के बल्ले का किनारा लेकर मिड-ऑन की ओर गई, जहां ने कैच पकड़ लिया। प्रिंस अपना पहला वनडे विकेट मिलने का जश्न मना ही रहे थे। इसी दौरान नो-बॉल का हूटर बज गया। हालांकि, बाद में प्रिंस ने दो विकेट निकाले।

प्रिंस यादव ने 2 विकेट लिए।
4. दरविश रसूली स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर गए
25वें ओवर में अफगानी बैटर दरविश रसूली चोट के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए। ओवर की तीसरी गेंद पर शॉट खेलने के बाद रसूली दाईं हैमस्ट्रिंग खिंचने की वजह से मैदान पर गिर पड़े। भारतीय खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे।
इसके बाद फिजियो ने उनके पैर पर पट्टी बांधी, लेकिन दर्द कम नहीं हुआ। इसके बाद अफगानिस्तान के कोच रिचर्ड पायबस ने उन्हें मैदान से बाहर आने का इशारा किया। अपना डेब्यू मैच खेल रहे रसूली को स्ट्रेचर पर लादकर मैदान से बाहर ले जाया गया।

स्ट्रेचर के जरिए रसूली मैदान से बाहर गए। इसके बाद वह बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।
——————————————–
IND-AFG दूसरे वनडे से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
भारत ने अफगानिस्तान को 170 रन से हराया, गिल-किशन के शतक

भारत ने लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 402 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर ऑलआउट हो गई। दारविश रसूली चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए और फिर बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे। पढ़ें पूरी खबर
