राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से जारी किए गए वेटेनरी ऑफिसर भर्ती के अस्थायी परीक्षा परिणाम में ऐसे कैंडिडेट्स भी सिलेक्ट हुए हैं, जिनके माइनस में मार्क्स हैं। ये भर्ती 1100 पदों के लिए थी और आयोग ने 16 जून को रिजल्ट जारी किया। इसकी कट ऑफ मार्क्स का अवलोकन करने पर पता चला कि माइनस 11.74 मार्क्स के बावजूद कैंडिडेट्स का सिलेक्शन हो गया। इस संबंध में आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया-इस परीक्षा में न्यूनतम मार्क्स का कोई नियम नहीं है। इसलिए माइनिंग मार्किंग वाले भी सिलेक्ट हुए हैं। यह अत्यंत महत्वपूर्ण पद है और इस स्कीम को परिवर्तित करने के लिए पशुपालन विभाग व कार्मिक विभाग को अवगत कराया जाएगा। 2165 अभ्यर्थियों की सूचि जारी, 22 अयोग्य घोषित पशु चिकित्सा अधिकारी (पशुपालन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के लिए विचारित सूची जारी की गई है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। सूची में 2165 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थायी रूप से सूची में शामिल किया गया है। इसके साथ ही ओएमआर उत्तर पत्रक में 10 प्रतिशत से ज्यादा प्रश्नों में 5 विकल्पों में से कोई भी विकल्प नहीं भरने के कारण 22 अभ्यर्थियों को उक्त परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। इन अभ्यर्थियों के रोल नंबर अलग से आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी होगी सूचि आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया-यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य जारी की गई है। यह चयन या वरीयता सूची नहीं है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग (पशुपालन विभाग) द्वारा दस्तावेज सत्यापन कराए जाने के बाद आयोग की ओर से जारी की जाएगी। भरना होगा डिटेल फार्म सूची में शामिल अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरने होंगे। आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 23 से 29 जून 2026 (रात 11.59) तक खोला जाएगा। अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन तथा दस्तावेज सत्यापन के संबंध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी होगी। विचारित सूची में अस्थायी रूप से शामिल किए गए अभ्यर्थियों को अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना होगा। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग की ओर से ही की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने व सबमिट करने के बाद प्रिंट ऑप्शन पर जाकर सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र को 2 प्रतियों में प्रिंट कर अपने पास संभाल कर रखना होगा। संबंधित विभाग की सूचना के अनुसार निर्धारित दिनांक, समय व स्थान पर विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त मूल दस्तावेजों व स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होना होगा। विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थी को अपात्र माना जाएगा और उसके परिणाम पर विचार नहीं किया जाएगा।
Source link