लखनऊ15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बेटे रियो के साथ क्रिकेटर सुरेश रैना। (फोटो- इंस्टाग्राम)
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना के बेटे रियो ने क्रिकेट खेलना शुरू किया है। रैना ने इसकी जानकारी सोमवार को एक इंस्टा पोस्ट के जरिए की।
फोटो में रियो क्रिकेट किट पहने नजर आए। वे बैट फैक्ट्री जाकर अपने लिए बल्ले चुनते दिखे। रैना ने 2005 से 2018 तक भारत के लिए 322 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्होंने 2020 में संन्यास ले लिया था।

रैना ने इस फोटो के जरिए बेटे रियो के क्रिकेट खेलने की जानकारी दी।
रैना ने लिखा- तुम्हारी नजरों से खेल देखूंगा
39 साल के रैना ने पोस्ट में लिखा, ‘जैसा पिता, वैसा बेटा! और अब हमारी क्रिकेट यात्रा शुरू होती है। मैं इस खेल की खुशी, उत्साह और मासूमियत फिर महसूस करने का इंतजार कर रहा हूं, इस बार तुम्हारी नजरों से। चलो, साथ में कुछ खूबसूरत यादें बनाते हैं।’

क्रिकेट किट में रैना के बेट रियो। (फोटो- इंस्टाग्राम)
2020 में एमएस धोनी के संन्यास लेने के बाद रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। 13 साल के इंटरनेशनल करियर में उन्होंने भारत के लिए 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं।
तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं रैना
सुरेश रैना तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं। उनके ये शतक भारत के बाहर बने थे। उन्होंने 226 वनडे में 35.31 की औसत से 5,615 रन बनाए। इनमें 5 शतक और 36 अर्धशतक शामिल रहे।
बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना ने 78 टी-20 इंटरनेशनल में 29.18 की औसत से 1,605 रन बनाए। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए। रैना ने 18 टेस्ट की 31 पारियों में 26.48 की औसत से 768 रन बनाए। उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए।

CSK के साथ दो IPL टाइटल जीते
IPL में रैना ने 205 मैचों में 5,528 रन बनाए हैं। रैना चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे।
उन्होंने अपने करियर का ज्यादातर हिस्सा चेन्नई के लिए खेला। रैना ने टीम के साथ दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब जीते। उन्होंने IPL में 39 अर्धशतक और एक शतक लगाया है।
घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेले
रैना ने घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने टीम के लिए 2002-03 सीजन में डेब्यू किया और 2020-21 सीजन तक खेले।
109 फर्स्ट क्लास मैचों में रैना ने 42.15 की औसत से 6,871 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 204 रन है। उन्होंने 14 शतक और 45 अर्धशतक लगाए।
लिस्ट ए क्रिकेट में रैना ने 302 मैचों में 35.42 की औसत से 8,078 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 129 रन है। इस फॉर्मेट में उन्होंने सात शतक और 55 अर्धशतक लगाए।
336 टी20 मैचों में रैना ने 32.17 की औसत से 8,654 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 126 रन है। उन्होंने टी20 में चार शतक और 53 अर्धशतक लगाए।
———————————————
भारतीय क्रिकेटर्स से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
कोहली के शरीर पर 12वां टैटू; बाएं हाथ पर 5 सेशन के बाद भी काम अधूरा

विराट कोहली बाएं हाथ पर नया टैटू बनवा रहे हैं। यह उनके शरीर का टोटल 12वां टैटू है। वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज से पहले उन्होंने अपने टैटू कलेक्शन में यह नया डिजाइन जोड़ा है। इसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं। पढ़ें पूरी खबर
