PAK vs NED T20 WC 2026

कोलंबो1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। भारत के मैच का बॉयकॉट करने के बीच पाकिस्तान टूर्नामेंट की शुरुआत करने जा रहा है।

दोनों टीमों की नजरें अगले राउंड में जगह बनाने पर होंगी, लेकिन फॉर्म और तैयारी के लिहाज से पाकिस्तान साफ तौर पर आगे दिख रहा है।

लेफ्ट आर्म स्पिनर मोहम्मद नवाज पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। 4 विकेट लेते ही नवाज पाकिस्तान के चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर बन जाएंगे।

पाकिस्तान ने सभी मैच जीते

पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच अब तक कुल 2 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही मैच पाकिस्तान ने जीते हैं। नीदरलैंड्स को अभी तक इस फॉर्मेट में उसके खिलाफ पहली जीत का इंतजार है।

9 महीने में सबसे ज्यादा टी-20 खेलने वाली टीम

पाकिस्तान पिछले नौ महीनों में सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल खेलने वाली टीम रही है। इस दौरान उसने 10 अलग-अलग देशों के खिलाफ 34 मैच खेले और 24 जीते। हाल ही में उसने ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार तैयारी भी दिखाई है।

बॉयकॉट का असर

भारत के खिलाफ बॉयकॉट के कारण पाकिस्तान पहले ही नेट रन रेट और पॉइंट्स टेबल में दबाव में है। ऐसे में उसके लिए हर मैच करो या मरो जैसा हो सकता है।

अयूब टॉप स्कोरर

2024 से अब तक टी-20 क्रिकेट में सईम अयूब पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 53 मैचों में 1105 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 98 रन रहा है। इस दौरान अयूब का स्ट्राइक रेट 137.43 का रहा है।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने अटैकिंग क्रिकेट खेला है। पहले स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना झेलने वाले आगा ने श्रीलंका के खिलाफ 12 गेंदों पर 45 और ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 70 गेंदों पर 120 रन बनाए।

बॉलिंग में शाहीन अफरीदी पाकिस्तान के सबसे असरदार गेंदबाजों में रहे हैं। उन्होंने 46 मैचों में 64 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 4 विकेट पर 30 रन रहा, जबकि उनकी इकॉनॉमी रेट 7.42 की रही।

माइकल लेविट 142+ स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं

नीदरलैंड्स के युवा ओपनर माइकल लेविट टीम की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। 22 साल की उम्र में वे टीम के टॉप रन-स्कोरर्स में शामिल हैं और 142+ स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं।

2024 से अब तक माइकल लेविट ने 26 मैचों में 866 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 135 रन रहा है। वहीं गेंदबाजी में काइल क्लेन नीदरलैंड्स के प्रमुख विकेट-टेकर रहे हैं। उन्होंने 17 मैचों में 28 विकेट झटके हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 4 विकेट पर 16 रन रहा है, जबकि 7.94 की इकॉनॉमी रेट है।

रोचक फैक्ट्स…

2022 टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स ने साउथ अफ्रीका को हराकर पाकिस्तान को फायदा पहुंचाया था, उसी जीत से पाकिस्तान सेमीफाइनल पहुंचा था।

मोहम्मद नवाज, शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ पाकिस्तान के टॉप टी-20 विकेट-टेकर लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंचने से 4 विकेट दूर हैं।

नीदरलैंड्स के आखिरी टी-20 के बाद से पाकिस्तान 24 टी-20 खेल चुका है।

पॉसिबल प्लेइंग-XI

पाकिस्तान- साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान/शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, उस्मान तारीक, अबरार अहमद।

नीदरलैंड्स- माइकल लेविट, मैक्स ओ’डाउड, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान/विकेटकीपर), बास डी लीडे, जैक लायन-कैशे, लोगन वैन बीक, रोलोफ वैन डेर मेरवे, काइल क्लाइन, आर्यन दत्त, पॉल वैन मीकेरेन।

पिच और मौसम

कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर अब तक सिर्फ दो ही टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, ऐसे में पिच का व्यवहार पूरी तरह आंकड़ों से समझ पाना आसान नहीं है। हालांकि सतह बल्लेबाज़ी के लिए अनुकूल मानी जा रही है, जबकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलने की उम्मीद है।

स्पिन गेंदबाज़ों की भूमिका रहेगी, लेकिन यह मदद आर. प्रेमदासा स्टेडियम जितनी ज्यादा नहीं होगी। वहीं मौसम भी मुकाबले पर असर डाल सकता है, मैच के दौरान हल्की बारिश की आशंका जताई गई है।

Source link

Leave a Comment