दीपेंद्र द्विवेदी | कानपुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी। (फाइल फोटो)
भारतीय क्रिकेट टीम के फिरकी गेंदबाज कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी करने जा रहे हैं। दोनों 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में सात फेरे लेंगे। तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होगी।
इस बीच, सोमवार को कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने लखनऊ में CM योगी को शादी का न्योता दिया। कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें क्रिकेटर रिंकू सिंह, प्रिया सरोज समेत कई करीबी लोग शामिल हुए थे।
कुलदीप के कोच और पारिवारिक मित्र कपिल देव पांडेय ने बताया-
शादी की रस्में 13 मार्च से शुरू होंगी। इस दिन हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम होगा। शादी के बाद लखनऊ के होटल सेंट्रम में रिसेप्शन दिया जाएगा। इसमें जाने-माने क्रिकेटर्स, बॉलीवुड की नामचीन हस्तियां और यूपी के दिग्गज राजनेता शामिल होंगे।


मुख्यमंत्री को निमंत्रण कार्ड देते हुए कुलदीप के पिता राम सिंह यादव।
टी20 वर्ल्ड चैंपियन टीम का हिस्सा थे कुलदीप
- कुलदीप टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। टूर्नामेंट में कुलदीप ने सिर्फ एक मुकाबला खेला, जो पाकिस्तान के खिलाफ था। मैच में कुलदीप ने 14 रन देकर एक विकेट लिया था।
- चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर भारत के लिए अब तक 191 मैच खेले हैं। उन्होंने 22.50 के एवरेज और 4.84 की इकोनॉमी रेट से 365 विकेट झटके हैं। 31 साल के कुलदीप ने 9 मौकों पर पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।

वर्ल्ड कप जीतने के बाद कुलदीप ने ट्रॉफी और मेडल के साथ स्वैग के साथ तस्वीर दिखाई दी।
पहले कुलदीप-वंशिका की रिंग सेरेमनी की तस्वीरें-

रिंग सेरेमनी में कुलदीप और वंशिका ने जमकर सेल्फी क्लिक की थी। इस दौरान उनके परिवार वाले और दोस्त भी मौजूद थे।

स्टेज पर खड़े होकर कुलदीप और वंशिका ने रिंग सेरेमनी में आए मेहमानों का वेलकम किया था।

रिंग सेरेमनी में मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज भी पहुंची थीं।
कानपुर में कुलदीप-वंशिका के घर की दूरी 3 किमी
कुलदीप की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं। वर्तमान में LIC में कार्यरत हैं। जबकि, कुलदीप यादव वंशिका के घर से 3 किलोमीटर दूर लाल बंगले में रहते हैं। कुलदीप और वंशिका बचपन के दोस्त हैं और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं।
पहले यह चर्चा थी कि शादी नवंबर 2025 में होगी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल और विश्व कप की वजह से इसे टाल दिया गया था। अब T-20 विश्व कप जीतने के बाद कुलदीप नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
कुलदीप ने कहा था- पत्नी ऐसी होगी, जो परिवार का ध्यान रख सके
वंशिका, कुलदीप की बचपन की दोस्त हैं। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। वंशिका ने कानपुर से अपनी पढ़ाई भी पूरी की है। कुलदीप ने साल- 2024 में एक इंटरव्यू में कहा था कि वह किसी बॉलीवुड अभिनेत्री से शादी नहीं करेंगे। उनकी पत्नी ऐसी होगी, जो परिवार का ध्यान रख सके। वंशिका के बारे में बात करते हुए कुलदीप ने बताया कि वह उनकी जिंदगी में एक विशेष स्थान रखती हैं। उनका रिश्ता बहुत पुराना है।

कुलदीप और वंशिका के साथ क्रिकेटर रिंकू सिंह।
पिता की वजह से क्रिकेटर बने कुलदीप यादव कुलदीप का जन्म यूपी के उन्नाव जिले के एक गांव में हुआ था। पिता ईंट-भट्ठा चलाते थे। उन्हें क्रिकेट का जबरदस्त शौक था। वो जब भी मैच का प्रसारण होता, तो टीवी पर देखना भी नहीं भूलते थे। 14 दिसंबर, 1994 को कुलदीप यादव का जन्म हुआ, तो पिता ने उन्हें क्रिकेटर बनाने का ही सोचा।
कुलदीप कहते हैं- मुझे ये खेल बिल्कुल पसंद नहीं था। बस फ्रेंड्स के साथ टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलता था। मैं पढ़ाई में काफी अच्छा था। क्रिकेट का खेल मुझे कभी भी पसंद नहीं रहा। हालांकि, आज कुलदीप खुद और पिता की मेहनत से इंडियन क्रिकेट के करिश्माई ऑफ स्पिनर हैं। आज बेहद रॉयल लाइफ जीते हैं। कानपुर के लाल बंगले जैसे पॉश इलाके में रहते हैं। उनके पास कई महंगी लग्जरी गाड़ियां हैं।
———————–
ये खबर भी पढ़िए-
केशव को 18 साल पुराना हेलिकॉप्टर मिला:3 साल से मरम्मत तक नहीं हुई; अखिलेश बोले- नया वाला मिलना चाहिए

डिप्टी सीएम केशव मौर्य के जिस हेलिकॉप्टर की 7 मार्च को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई, वह 18 साल पुराना है। यही नहीं, उसकी 3 साल से मरम्मत भी नहीं हुई है। नागरिक उड्डयन विभाग के अफसरों ने दैनिक भास्कर को यह जानकारी दी। दरअसल, 8 सालों में केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की चौथी बार इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इसके चलते सवाल उठने लगे थे कि हेलिकॉप्टर की आखिरी बार तकनीकी जांच कब हुई थी? उड़ान भरने से पहले तकनीकी दिक्कत क्यों पकड़ में नहीं आई? पढ़ें पूरी खबर…
