- Hindi News
- Sports
- Khushbu Wins Silver Medal In Judo At Youth Olympic Games In Dakar
डकार9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

खुशबू तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंची थी, हालांकि उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
भारत की खुशबू राजकबाई दरजादा ने सेनेगल के डकार में चल रहे यूथ ओलिंपिक गेम्स में सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने जूडो में महिलाओं की 63kg कैटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की।
सोमवार देर शाम खेले गए फाइनल में उन्हें जर्मनी की जोलिना रेनहोल्ड से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही खुशबू यूथ ओलिंपिक में मेडल जीतने वाली दूसरी भारतीय जूडो खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले 2018 में मणिपुर की तबाबी देवी ने सिल्वर मेडल जीता था।

खुशबू यूथ ओलिंपिक में मेडल जीतने वाली भारत का दूसरी जूडो खिलाड़ी हैं।
तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचीं
खुशबू ने फाइनल तक का सफर तीन मुकाबले जीतकर तय किया। उन्होंने पहले राउंड में गिनी की मामाइसा कामारा को हराया। इसके बाद क्वार्टरफाइनल में मोरक्को की अबीर बुआज्जाउई और सेमीफाइनल में अल्जीरिया की दुनिया बेराहुआल को शिकस्त दी।
फाइनल में उनका सामना जर्मनी की जोलिना रेनहोल्ड से हुआ। खुशबू ने कहा कि वे अनुभवी जर्मन खिलाड़ी का सामना करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार थीं। उन्होंने डकार में इंटरनेशनल लेवेल पर खेलने के अनुभव को शानदार बताया।
इस साल दूसरा इंटरनेशनल मेडल जीता
खुशबू का यह इस साल इंटरनेशनल लेवेल पर दूसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में हुई एशियन कैडेट चैंपियनशिप की 63 किलोग्राम कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
गुजरात के सोमनाथ की रहने वाली खुशबू सात भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उन्होंने 2021 में सोमनाथ की जूडो एकेडमी से जिला स्तर पर खेलना शुरू किया था। यहां प्रतियोगिताओं में मिली सफलता ने उन्हें इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

खुशबू ने 2021 में सोमनाथ की जूडो एकेडमी से जिला स्तर पर खेलना शुरू किया था।
अहमदाबाद में ट्रेनिंग से निखरा खेल
2023 में खुशबू का चयन अहमदाबाद के विजय भारत फाउंडेशन (VBF) हाई परफॉर्मेंस सेंटर में हुआ। यहां जूडो कोच लाल कृष्ण बघेल की देखरेख में उन्होंने ट्रेनिंग की।
कोच बघेल के मुताबिक, सेंटर में बेहतर ट्रेनिंग और अच्छे स्पैरिंग पार्टनर्स की वजह से खुशबू को डकार में मेडल जीतने में मदद मिली।
अगली प्रतियोगिता की तैयारी में जुटीं
सिल्वर मेडल जीतने के बाद खुशबू फिलहाल परिवार के साथ जश्न मनाने के बजाय अगली प्रतियोगिता की तैयारी कर रही हैं। उन्हें खेलो इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है।
खुशबू ने कहा कि प्रतियोगिता की तैयारी के कारण उन्हें माता-पिता से मिलने के लिए छुट्टी मिलना मुश्किल लग रहा है।
————————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
पाकिस्तानी गेंदबाज मोहम्मद आमिर IPL ऑक्शन में नहीं उतरेंगे:ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद भी फैसला नहीं बदला; 16 दिसंबर को खिलाड़ियों की नीलामी

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने IPL 2027 ऑक्शन में शामिल होने से इनकार कर दिया है। 33 साल के आमिर ने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली है, इसके बावजूद वे IPL में खेलने के लिए अपना नाम रजिस्टर नहीं कराएंगे। उन्होंने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पूरी खबर पढ़ें…
