1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बेन स्टोक्स ने आखिरी IPL सीजन 2023 में खेला था।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने IPL 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले ऑक्शन में उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए है। स्टोक्स ने इस साल की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था।
BCCI ने मंगलवार शाम फ्रेंचाइजी को 1,220 खिलाड़ियों की शुरुआती रजिस्ट्रेशन लिस्ट भेजी। ऑक्शन की इस शुरुआती लिस्ट में बांग्लादेश के 11 खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। हालांकि, मुस्तफिजुर रहमान और शाकिब अल हसन जैसे बड़े नाम इसमें शामिल नहीं हैं।

2025 के मेगा ऑक्शन में शामिल नहीं हुए थे स्टोक्स
- 35 साल के बेन स्टोक्स का ऑक्शन में शामिल होना पहले तय नहीं माना जा रहा था। उन्होंने 2025 के मेगा ऑक्शन में अपना नाम नहीं दिया था। BCCI के नियमों के मुताबिक, किसी विदेशी खिलाड़ी को अगले साल के ऑक्शन में शामिल होने के लिए मेगा ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है।
- नियम के तहत मेगा ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले विदेशी खिलाड़ी अगले साल के ऑक्शन के लिए अयोग्य हो जाते हैं। हालांकि, स्टोक्स को इस बार रजिस्ट्रेशन की अनुमति मिल गई है।
- स्टोक्स IPL में 3 फ्रेंचाइजी की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट, 2018 से 2021 तक राजस्थान रॉयल्स और 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 45 मैचों में 935 रन बनाए और 28 विकेट लिए हैं।

स्टोक्स आखिरी बार 2023 IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले थे।
लिस्ट में 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी
BCCI की ओर से जारी शुरुआती लिस्ट में कुल 1,220 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी हैं। ऑक्शन में फ्रेंचाइजी के पास कुल 66 खाली स्लॉट होंगे, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।
लिस्ट में 184 कैप्ड भारतीय, 170 कैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा पिछले IPL सीजन में खेलने वाले 127 अनकैप्ड भारतीय और 69 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ियों ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है।

27 नवंबर तक अतिरिक्त खिलाड़ियों के नाम मांग सकेंगी फ्रेंचाइजी
BCCI ने फ्रेंचाइजी को शुरुआती रजिस्ट्रेशन लिस्ट में छूटे खिलाड़ियों के नाम शामिल कराने का मौका भी दिया है। टीमें 27 नवंबर शाम 5 बजे तक अतिरिक्त खिलाड़ियों के नाम भेज सकेंगी।
इसके बाद फ्रेंचाइजी को 1 दिसंबर तक उन खिलाड़ियों की सूची देनी होगी, जिन्हें वे IPL 2027 के ऑक्शन में शामिल देखना चाहती हैं। इसके आधार पर ऑक्शन की फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी।
