IOA Athletes Commission Election | PV Sindhu Mirabai Chanu List Update

  • Hindi News
  • Sports
  • IOA Athletes Commission Election | PV Sindhu Mirabai Chanu List Update

32 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और मीराबाई चानू समेत 10 खिलाड़ी भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) के एथलीट्स कमीशन में निर्विरोध चुन लिए गए हैं। मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर संजय के श्रीवास्तव ने सभी 10 सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा की। इनमें 5 पुरुष और 5 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सभी का कार्यकाल 2026 से 2030 तक रहेगा।

पूर्व एथलीट सुधा सिंह ने सोमवार देर रात अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। इससे पहले बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने भी सोमवार को नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद 10 पदों के लिए 10 ही उम्मीदवार मैदान में बचे। ऐसे में 3 नवंबर को प्रस्तावित मतदान की जरूरत नहीं पड़ी।

इनके अलावा एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) के एथलीट्स कमीशन के दो भारतीय प्रतिनिधि भी IOA कमीशन के पदेन सदस्य होंगे। इनमें उपाध्यक्ष शिवा केशवन और हाल ही में नियुक्त राजेश्वरी कुमारी शामिल हैं।

ओलिंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए तय हैं सीटें

IOA के चुनाव नियमों के मुताबिक, 10 सदस्यीय एथलीट्स कमीशन में 6 खिलाड़ी ऐसे होने चाहिए, जिन्होंने पिछले तीन ओलंपिक में से कम से कम एक में हिस्सा लिया हो। इनमें 3 पुरुष और 3 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

बाकी 4 सीटें उन खिलाड़ियों के लिए हैं, जिन्होंने पिछले तीन एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप/कप या नेशनल गेम्स में कम से कम एक पदक जीता हो। इस कैटेगरी में 2 पुरुष और 2 महिला खिलाड़ियों को जगह मिलनी है।

ओलंपिक कैटेगरी के 6 सदस्य:

पुरुष: हरमनप्रीत सिंह, साजन प्रकाश और तजिंदरपाल सिंह तूर।

महिला: पीवी सिंधु, मीराबाई चानू और बॉम्बेला देवी।

पदक विजेता कैटेगरी के 4 सदस्य:

पुरुष: स्वप्निल कुसाले और मंजीत सिंह।

महिला: सलीमा टेटे और भवानी देवी।

सुधा सिंह और श्रीकांत के हटने से निर्विरोध हुआ चुनाव

16 अक्टूबर को रिटर्निंग ऑफिसर ने एथलीट्स कमीशन के चुनाव के लिए 34 मतदाताओं की सूची जारी की थी। ये प्रतिनिधि 17 राष्ट्रीय खेल महासंघों से चुने गए थे।

हालांकि, सुधा सिंह और किदांबी श्रीकांत के नाम वापस लेने के बाद सभी 10 पदों पर एक-एक उम्मीदवार बचा। रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि ऐसी स्थिति में चुनाव कराने का कोई औचित्य नहीं था। इसलिए मतदान रद्द कर दिया गया।

मैरी कॉम की अध्यक्षता वाले पिछले एथलीट्स कमीशन में भी सिंधु, मीराबाई और भवानी देवी सदस्य थीं। तीनों इस बार भी कमीशन में जगह बनाने में सफल रहीं।

7 नवंबर को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव

नए चुने गए सदस्य अब एथलीट्स कमीशन के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव करेंगे। दोनों पदों में एक पुरुष और एक महिला का चुना जाना जरूरी है।

4 और 5 नवंबर: उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे।

6 नवंबर: उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी।

7 नवंबर: वर्चुअल मोड में मतदान होगा।

चेयरमैन पद के लिए केवल ओलंपिक कैटेगरी के 6 सदस्य ही चुनाव लड़ सकेंगे। वहीं, शिवा केशवन और राजेश्वरी कुमारी समेत कुल 12 सदस्य इन चुनावों में वोट डालेंगे। हालांकि, OCA के दोनों प्रतिनिधि इन पदों के लिए उम्मीदवार नहीं बन सकते।

एक सदस्य चेयरमैन-वाइस चेयरमैन के चुनाव या IOA जनरल बॉडी के दो प्रतिनिधियों के चुनाव में से किसी एक में ही उम्मीदवार बन सकता है।

चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनेंगे IOA की कार्यकारी परिषद के सदस्य

एथलीट्स कमीशन के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन IOA की कार्यकारी परिषद (Executive Council) के सदस्य भी बनेंगे। इसके अलावा, कमीशन के दो प्रतिनिधि (एक पुरुष और एक महिला) IOA की जनरल बॉडी में मतदान के अधिकार के साथ शामिल होंगे।

ये दोनों प्रतिनिधि 5 दिसंबर को होने वाले IOA की कार्यकारी परिषद के चुनाव में भी वोट डालेंगे।

हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे 24 साल की हैं। इसलिए वे चेयरमैन या वाइस चेयरमैन का चुनाव नहीं लड़ सकतीं। इन पदों के लिए न्यूनतम उम्र 25 साल है। हालांकि, जनरल बॉडी के दो प्रतिनिधियों के चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल है। इसलिए सलीमा इस चुनाव में दावेदारी पेश कर सकती हैं।

Source link

Leave a Comment