स्पोर्ट्स डेस्क1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लियोनल मेसी मेजर लीग सॉकर में 52 गोल दाग चुके हैं।
दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के शानदार 2 गोल की बदौलत इंटर मियामी ने ओरलैंडो सिटी को 4-2 से हरा दिया। रविवार रात इंटर एंड कंपनी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मियामी ने 2 गोल से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की और मैच जीत।
खास बात यह रही कि इंटर मियामी ने अपने इतिहास में पहली बार ओरलैंडो के घरेलू मैदान पर जीत दर्ज की, इससे पहले खेले गए 9 मैचों में टीम को यहां कभी जीत नहीं मिली थी।
हाफ टाइम तक 2-0 से आगे था ओरलैंडो मैच की शुरुआत इंटर मियामी के लिए किसी बुरे सपने जैसी रही। ओरलैंडो सिटी ने घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए शुरुआती 25 मिनट में ही मियामी को बैकफुट पर धकेल दिया था।
- 18वां मिनट: मार्को पासालिक ने इवान एंगुलो के पास पर गोल कर ओरलैंडो को 1-0 की बढ़त दिलाई। पासालिक का मियामी के खिलाफ यह लगातार चौथा गोल रहा।
- 24वां मिनट: डिफेंडर ग्रिफिन डोर्सी की मदद से मार्टिन ओजेडा ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक मियामी की टीम परेशानी में नजर आई।
मार्टिन ओजेडा के गोल ने ओरलैंडो को 2-0 से आगे कर दिया।
सेकेंड हाफ में मेसी और सेगोविया का तूफान दूसरे हाफ में कहानी पूरी तरह बदल गई। मियामी के खिलाड़ियों ने अटैकिंग फुटबॉल खेलना शुरू कर दिया।
- 49वां मिनट: 20 साल के युवा फॉरवर्ड माटेओ सिल्वेटी ने अपने करियर का पहला गोल कर स्कोर 2-1 किया।
- 57वां मिनट: लियोनल मेसी ने सेगोविया के पास पर सटीक गोल दागते हुए स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
- 85वां मिनट: पूरे मैच में छाए रहे टेलैस्को सेगोविया ने बिना किसी मदद के सोलो गोल कर मियामी को पहली बार मैच में 3-2 की बढ़त दिला दी।
- 90वां मिनट: मैच के आखिरी पलों में मेसी ने अपने ट्रेडमार्क ‘फ्री किक’ पर गोल दागकर मियामी की 4-2 से जीत पक्की कर दी।
मेसी के 55 मैचों में 52 गोल मौजूदा एमवीपी (MVP) लियोनल मेसी ने इस सीजन के अपने पहले 2 गोल दागे। मेसी के अब MLS के शुरुआती 55 मैचों में 52 गोल हो गए हैं।
लियोनल मेसी के बेहतरीन 2 गोल ने इंटर मियामी को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
टर्निंग पॉइंट्स
- रेड कार्ड की मार: ओरलैंडो के 19 साल के कॉलिन गुसके को मैच के 88वें मिनट में दूसरा यलो कार्ड मिला, जिससे उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
- शानदार गोलकीपिंग: मियामी के गोलकीपर डेन सेंट क्लेयर ने दूसरे हाफ में 3 इम्पॉर्टेंट सेव किए, जिससे ओरलैंडो सिटी की टीम वापसी नहीं कर सकी।
मियामी की सीजन में पहली जीत इंटर मियामी पिछले मैच में लॉस एंजिल्स के खिलाफ 3-0 से हार गई थी। इस जीत ने न केवल टीम का आत्मविश्वास लौटाया, बल्कि ओरलैंडो के खिलाफ उनके खराब रिकॉर्ड को भी सुधारा। दोनों के बीच 19 मैच खेले गए। 8 मैच मियामी और 7 ओरलैंडो ने जीते। दोनों ने 4 ड्रॉ भी खेले।
इंटर मियामी को नए सीजन में पहली ही जीत मिली।
7वें नंबर पर पहुंची इंटर मियामी इस शानदार जीत के साथ इंटर मियामी ने मेजर लीग सॉकर (MLS) के पॉइंट्स टेबल में 7वां स्थान हासिल कर लिया। टीम के पास 1 हार और 1 जीत से 3 पॉइंट्स हैं। दूसरी ओर, लगातार दूसरी हार से ओरलैंडो सिटी 15 टीमों में 11 नंबर पर है। वहीं NY रेड बुल्स टीम टॉप पर है।
