47 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शेड्यूल में बदलाव किया है। अब गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले दो मैचों की तारीखें आपस में बदल दी गई हैं।
दरअसल, गुजरात में नगर निगम चुनाव होने वाले हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि मैचों के आयोजन में किसी तरह की दिक्कत न आए।
अहमदाबाद की जगह अब चेन्नई में होगा 26 अप्रैल का मैच
गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 26 अप्रैल को होने वाला मुकाबला अब अहमदाबाद की बजाय चेन्नई में खेला जाएगा। पहले यह मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना तय था, लेकिन अब इसे चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में शिफ्ट कर दिया गया है।
हालांकि, मैच के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह मुकाबला पहले की तरह दोपहर 3:30 बजे ही खेला जाएगा।
21 मई को अहमदाबाद में होगा दूसरा मुकाबला
वहीं, 21 को चेन्नई और गुजरात के बीच खेले जाना वाला दूसरा मुकाबला चेन्नई की बजाय अहमदाबाद में खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से होगी। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बदलाव की पुष्टि की है।
गुजरात में 26 अप्रैल को नगर निगम चुनाव
BCCI ने बताया कि यह बदलाव इसलिए जरूरी था क्योंकि 26 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद सहित गुजरात के कई हिस्सों में नगर निगम चुनाव होने हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती एक बड़ी चुनौती होती है।
मैच के लिए हजारों की संख्या में फैंस जुटते हैं, ऐसे में चुनावी ड्यूटी और मैच की सुरक्षा एक साथ संभालना प्रशासन के लिए मुश्किल होता। इसी को देखते हुए BCCI ने गुजरात सरकार और स्थानीय प्रशासन से चर्चा के बाद यह फैसला लिया।
