BBC Director General Tim Davie resigns | BBC के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी का इस्तीफा: CEO डेबोरा टर्नेस ने भी पद छोड़ा; अमेरिकी राष्ट्रपित ट्रम्प के खिलाफ प्रौपैगेंडा फैलाने का आरोप

12 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

BBC यानी ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और हेड ऑफ द न्यूज (CEO) डेबोरा टर्नेस ने 9 नवंबर को अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

BBC पैनोरामा के प्रोग्राम पर आरोप लगा है कि उसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भाषण को एडिट कर दर्शकों को गुमराह किया गया। इन आरोपों के बाद डेवी और टर्नेस का इस्तीफा आया है।

इन दोनों इस्तीफों की मुख्य वजह ब्रिटिश अखबार ‘द टेलीग्राफ’ द्वारा जारी एक इंटरनल व्हिसल ब्लोइंग मेमो था। मेमो में खुलासा किया गया कि BBC ने ट्रम्प के एक ‘एडिटेड’ भाषण को प्रसारित किया था। मेमो में दावा किया गया कि ‘पैनोरामा’ प्रोग्राम ने अमेरिकी राष्ट्रपति के भाषण के दो हिस्सों को जोड़कर एडिट कर दिया। इसको देखने पर ऐसा लग रहा है कि ट्रम्प ने जनवरी 2021 में कैपिटल हिल दंगे को भड़काया।

जबकि ट्रम्प ने असल में अपने भाषण में कहा था कि वे कैपिटल की ओर जाएंगे और अपने सीनेटरों और कांग्रेस के लोगों का हौसला बढ़ाएंगे।

टिम डेवी ने Procter & Gamble कंपनी में ट्रेनी के रूप में करियर शुरू किया। फिर वो PepsiCo से जुड़े। यहां उन्होंने लगभग 12 सालों तक काम किया। एग्जीक्यूटिव लेवल से मार्केटिंग & फाइनेंस के वाइस-प्रेसिडेंट तक बने। फिर 2005 में कंपनी छोड़कर BBC से के साथ काम करना शुरू किया।

काउंसिल का चुनाव भी लड़ चुके हैं डेवी

डेवी ने 1993 और 1994 में हैमरस्मिथ और फुलहम लंदन बरो काउंसिल चुनावों में कंजरवेटिव पार्टी की ओर से काउंसलर के पद पर चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें इसमें हार का सामना करना पड़ा। 1990 के दशक में वो हैमरस्मिथ और फुलहैम कंजरवेटिव एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भी रहे।

BBC में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले CEO रहे

डायरेक्टर जनरल बनने के पहले साल 2019 में डेवी ने £642,000 (ब्रिटिश पाउंड) यानी आज के 7.5 करोड़ रुपए कमाए। साथ ही वो BBC के सबसे अधिक वेतन पाने वाले CEO थे।

BBC के 17वें डायरेक्टर जनरल रहे

जनवरी 2020 में तत्कालीन डायरेक्टर जनरल टॉनी हॉल ने घोषणा की कि वो अपने कार्यकाल से पहले ही इस्तीफा दे रहे हैं। मई 2020 में डेवी उन 4 कैंडिडेट्स में शामिल थे, जिन्हें इस पोस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। 5 जून 2020 को घोषणा हुई कि वो 1 सितंबर, 2020 से BBC के 17वें डायरेक्टर जनरल बनेंगे।

टर्नेस ने यूनिवर्सिटी से PG डिप्लोमा खत्म करने के तुरंत बाद न्यूज एजेंसी ITN के साथ काम करना शुरू किया। वो पेरिस ब्यूरो में बतौर फ्रीलांस प्रोड्यूसर कार्यरत थीं। इसके बाद वो नॉर्थ ऑफ इंग्लैंड की प्रोड्यूसर बनीं और आगे चलकर कंपनी की CEO के रूप में भी काम किया।

इस बीच उन्होंने ITV News और NBC News के लिए भी काम किया। फिर साल 2022 में BBC News की CEO बनी थीं।

दुनिया का सबसे बड़ा ब्रॉडकास्टर है BBC

यह यूनाइटेड किंगडम का नेशनल ब्रॉडकास्टर है और दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े मीडिया हाउसों में से एक है। BBC में कुल 21,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं, जिनमें से लगभग 17,200 कर्मचारी सार्वजनिक प्रसारण (पब्लिक सेक्टर ब्रॉडकास्टिंग) से जुड़े हुए हैं। ये दुनिया का सबसे बड़ा इंटरनेशनल ब्रॉडकास्टर भी है।

BBC इंग्लिश, हिंदी और उर्दू समेत 40 से ज्यादा भाषाओं में अपनी सर्विसेज प्रोवाइड करता है। इसकी स्थापना 1922 में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के रूप में हुई थी। वहीं, BBC हिंदी सेवा की शुरुआत 11 मई, 1940 को हुई थी।

BBC की डॉक्यूमेंट्री से जुड़े 3 अन्य विवाद:

1. निर्भया पर बनी डॉक्यूमेंट्री से भारत को बदनाम करने का आरोप

6 दिसंबर 2012 को दिल्ली में 23 वर्षीय फिजियोथेरेपी स्टूडेंट निर्भया के साथ बस में सामूहिक बलात्कार और क्रूर हिंसा की घटना हुई। विश्वभर में आक्रोश फैला और भारत में कड़े बलात्कार कानून बनाए गए।

इसके 3 साल बाद साल 2015 में, BBC ने इस घटना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘India’s Daughter’ बनाई। फिल्म में दोषियों, वकीलों और परिवारजनों के इंटरव्यू शामिल थे- यही इसका सबसे बड़ा विवाद बना।

मोदी सरकार ने BBC पर इंटरव्यू में जेल नियमों का उल्लंघन करने और भारत की छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए इसके प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस पर विदेशी मीडिया ने भारत की सेंसरशिप की खूब आलोचना की थी।

2. गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री के चलते IT के छापे पड़े

BBC ने जनवरी 2023 में एक दो-भाग वाली डॉक्यूमेंट्री ‘India: The Modi Question’ रिलीज की। इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (तब के मुख्यमंत्री) और 2002 गुजरात दंगों में उनकी कथित भूमिका की पड़ताल की गई। सरकार ने इसे एक ‘प्रोपेगैंडा’ बताया और सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफार्मों पर प्रसारण और शेयरिंग पर रोक लगा दी।

इसके कुछ ही दिन बाद फरवरी 2023 में दिल्ली-मुंबई में BBC कार्यालयों पर आयकर विभाग के 3-दिन छापे पड़े।

3. गाजा स्ट्रिप की डॉक्यूमेंट्री को iPlayer से हटाना पड़ा

BBC ने 17 फरवरी, 2025 में ‘Gaza: How to Survive a Warzone’ नाम की डॉक्यूमेंट्री प्रसारित की, जो गाजा स्ट्रिप में बच्चों की जिंदगी पर आधारित थी।

इसमें फिल्म का नेरेटर यानी कथाकार अब्दुल्ला अल-यजूरी (Abdullah al‑Yazouri) के बारे में जानकारी (बैकग्राउंड) छुपाई गई। प्रसारण के कुछ दिनों बाद ये जानकारी सामने आई कि 13-14 साल के नरेटर अब्दुल्ला के पिता अयमान अल-यजूरी (Ayman al‑Yazouri) गाजा में उप कृषि मंत्री रह चुके हैं।

जानकारी छिपाने के कारण BBC को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। फरवरी में ही इसे BBC iPlayer से हटा लिया गया था। जांच में पाया गया कि फ्रीलांस प्रोडक्शन कंपनी होयो फिल्म्स के 3 सदस्यों को इस संबंध की जानकारी थी, लेकिन BBC को यह नहीं बताया गया।

————————-

ये खबर भी पढ़ें…

क्रिकेटर ऋचा घोष बंगाल पुलिस की DSP बनीं: ‘बंग भूषण’ से सम्मान भी मिला; 16 की उम्र में डेब्यू, 2 बार वर्ल्ड चैंपियन बनीं

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ‘X’ फैक्‍टर कही जाने वाली विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को पश्चिम बंगाल पुलिस में DSP यानी पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें यह नियुक्ति पत्र सौंपा। साथ ही उन्हें राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बंग भूषण से भी सम्मानित किया। ऋचा ने हाल ही में ICC विमेंस वर्ल्ड कप जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। पढ़े पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Comment