- Hindi News
- Sports
- An Se young Wins Denmark Open | Breaks Susy Susanti Badminton Record
2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

साउथ कोरिया की आन से-यौंग ने बैडमिंटन के विमेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल टाइटल जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने रविवार को डेनमार्क ओपन के फाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 21-23, 21-14, 21-18 से हराया।
डेनमार्क के ओडेंस शहर में मिली इस जीत के साथ सी-यंग के इंटरनेशनल टाइटल की संख्या 47 हो गई। उन्होंने इंडोनेशिया की दिग्गज सुसी सुसांती (46 टाइटल) के 29 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) ने इसकी पुष्टि की। BWF के रिकॉर्ड 1989 से रखे जा रहे हैं और इनमें रीजनल टूर्नामेंट में जीते खिताब शामिल नहीं हैं। BWF ने 24 साल की एन सी-यंग को ‘ऑल टाइम ग्रेट’ बताया।

सी-यंग ने कहा- मैं और रिकॉर्ड तोड़ना चाहती हूं
जीत के बाद सी-यंग ने कहा, ‘मैं बहुत इतिहास बनाना और रिकॉर्ड तोड़ना चाहती हूं, लेकिन एक समय में एक मैच पर ध्यान देती हूं।’ उन्होंने कहा, ‘यही मेरी प्रेरणा है। दर्शक मेरे लिए आते हैं और मुझे खुशी है कि लोग मेरा हर मैच पसंद करते हैं।’
दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी अन लगातार 105 हफ्तों से शीर्ष रैंकिंग पर हैं। उन्होंने 2025 में एक सीजन में रिकॉर्ड 11 खिताब जीते थे। इस साल भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी है।

फाइनल में टखने की चोट के बाद वापसी की
आन से-यौंग फाइनल में यामागुची के खिलाफ पहला गेम 21-23 से हार गई थीं। उन्होंने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की और इसे 21-14 से जीत लिया। इससे मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंच गया।
तीसरे गेम में आन एक समय 5-11 से पीछे थीं। कोर्ट पर फिसलने के बाद उनके दाएं टखने में चोट लगी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी लय वापस हासिल की। उन्होंने कोर्ट के धीमे हिस्से का फायदा उठाया और तीसरा गेम 21-18 से जीत लिया।
आन ने मैच के बाद कहा, ‘कोर्ट खराब था और मैं फिसल गई। मैं अपने शरीर की जांच कराऊंगी और अपने कोच से बात करूंगी।’ उन्होंने कहा, ‘अंतिम गेम में मैं कोर्ट के धीमे हिस्से में थी और मुझे ज्यादा भरोसा था।’

सी-यंग ने इस सीजन 9 टाइटल जीते
सी-यंग ने इस सीजन में BWF वर्ल्ड टूर के छह सिंगल्स और ओवरऑल 9 खिताब जीते हैं। उन्होंने एशियन चैंपियनशिप, वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स में भी बड़े खिताब हासिल किए हैं।
टीम प्रतियोगिताओं में भी उन्हें सफलता मिली है। 2026 में उन्हें अब तक सिर्फ एक हार मिली है। मार्च में ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में चीन की वांग झियी ने उन्हें हराया था।
—————————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़िए…
बिना हाथ की तीरंदाज शीतल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बराबर किया:पैरा एशियन गेम्स में 704 अंक लिए

बिना हाथ की तीरंदाज शीतल देवी ने नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में सोमवार को वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। जोकि तुर्की की ओज्नुर गिर्डी के नाम था। पढ़ें पूरी खबर
