जीतने के बाद हाथ में कप पकड़े खड़े लक्ष्य।
अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने 23 नवंबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। अल्मोड़ा जिले के तिलकपुर वार्ड निवासी लक्ष्य ने फाइनल में जापान के युशी तानाका को सीधे सेटों में 21-15, 21-11 से हराया।
.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी लक्ष्य सेन से बात कर उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से लक्ष्य को सम्मानित करने की घोषणा भी की। 18 से 23 नवंबर तक आयोजित इस चैंपियनशिप में लक्ष्य सेन का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन रहा। फाइनल में जीत के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यह इस वर्ष लक्ष्य सेन का पहला वर्ल्ड टूर खिताब है। इससे पहले उन्होंने जापान ओपन में कांस्य पदक, हांगकांग ओपन में रजत पदक और मकाऊ ओपन में कांस्य पदक जीता था।

जीत के बाद गले में मेडल पहने अपने परिवार के साथ खड़े लक्ष्य।
जीत पर बोले लक्ष्य- अगले सीजन पर नजर लक्ष्य सेन ने अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साल की शुरुआत में चोटों के कारण उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा, “साल के अंत में मिली यह जीत बेहद अहम है और मेरा ध्यान अब अगले सीज़न पर केंद्रित है।” टूर्नामेंट के दौरान उनके पिता और कोच डी.के. सेन तथा उनकी माता निर्मला धीरेंद्र सेन उनके साथ मौजूद थे।
पर्यटन के ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं लक्ष्य
लक्ष्य की जीत पर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चीफ पैटर्न अशोक कुमार (पूर्व डीजीपी), प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, अध्यक्षा अलकनंदा अशोक, जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह, एसएसपी देवेंद्र सिंह पिंचा, कोषाध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल सहित उत्तराखंड बैडमिंटन संघ और अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों तथा खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने लक्ष्य सेन की उपलब्धि पर कहा कि भविष्य में उन्हें उत्तराखंड पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा।