Afsal creates history by breaking the 1:45 minute barrier

चेन्नई5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
मोहम्मद अफसल अपनी शादी से ठीक एक दिन पहले अपने घर पहुंचे और शादी के कपड़ों की खरीदारी भी एक दिन पहले ही हो पाई।- फाइल फोटो - Dainik Bhaskar

मोहम्मद अफसल अपनी शादी से ठीक एक दिन पहले अपने घर पहुंचे और शादी के कपड़ों की खरीदारी भी एक दिन पहले ही हो पाई।- फाइल फोटो

तमिलनाडु के कुन्नूर में 1,850 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सिंथेटिक ट्रैक पर जब मोहम्मद अफसल दौड़ते हैं, तो उनकी रफ्तार देखने लायक होती है। अफसल भारत के 800 मीटर दौड़ के नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हैं। 1:45 मिनट के बैरियर को तोड़ने वाले वे देश के पहले एथलीट हैं।

अफसल को 10 साल की उम्र तक सिर्फ फुटबॉल का शौक था। लेकिन एक दिन मैच के दौरान पिता का पैर फ्रैक्चर हो गया। डर के मारे पिता ने अफसल के फुटबॉल खेलने पर पाबंदी लगा दी। इसके बाद अफसल का रुख एथलेटिक्स की ओर हुआ। उनके घर से एथलेटिक्स के लिए मशहूर परली गवर्नमेंट स्कूल की दूरी 22 किलोमीटर थी। परली में ट्रेनिंग सुबह 5:30 बजे शुरू होती थी, लेकिन अफसल के गांव से पहली बस ही सुबह 6:30 बजे चलती थी। समय पर ट्रेनिंग में पहुंचने के लिए अफसल के परिवार ने अखबार बांटने वाले स्थानीय वैन चालकों से बात की। वे अफसल को स्कूल छोड़ने को तैयार हो गए। अफसल तड़के 3 बजे स्कूल पहुंचते। वे अपने साथ छोटा गद्दा और टॉर्च ले जाते थे। वे दो घंटे स्कूल के बरामदे में गद्दा बिछाकर सो जाते थे। मेहनत रंग लाई और अफसल जूनियर स्तर पर मेडल जीतने लगे। अखबारों में उनकी तस्वीरें छपने लगीं। सुखद पहलू यह रहा कि जिन अखबार की गाड़ियों में वे सफर करते थे, उन ड्राइवरों ने अफसल से पैसे लेना बंद कर दिया। साल 2018 में उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन उसी दौड़ में जिनसन जॉनसन ने नेशनल रिकॉर्ड बना दिया। इसके बाद अफसल के करियर में ठहराव आ गया।

2021 में चोट के कारण उन्हें ओ​लिंपिक कैंप से बाहर कर दिया गया। हताश होकर अफसल एथलेटिक्स छोड़ने की सोचने लगे। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने दौड़ने की टेक्निक में बदलाव किया। नतीजा यह रहा कि मई 2025 में दुबई में अफसल ने जिनसन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1:45.61 मिनट का समय निकाला। दो महीने बाद पोलैंड में उन्होंने 1:44.93 मिनट का समय निकालकर इतिहास रच दिया। 30 वर्षीय अफसल का लक्ष्य अब एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना है।

शादी से एक दिन पहले घर पहुंचे, अगले ही दिन ट्रैक पर लौटे

अपने लक्ष्य को लेकर अफसल इतने समर्पित हैं कि उन्होंने निजी जिंदगी में भी कई बड़े समझौते किए हैं। पिछले साल अपनी शादी से ठीक पहले वे बेल्जियम में एक रेस में हिस्सा ले रहे थे। उनकी सास ने फोन करके मजाकिया अंदाज में चेतावनी दी थी, ‘बस शादी के समय पर पहुंच जाना।’ अफसल शादी से ठीक एक दिन पहले अपने घर पहुंचे और शादी के कपड़ों की खरीदारी भी एक दिन पहले ही हो पाई। खेल के प्रति उनका जुनून ऐसा है कि शादी के अगले ही दिन कोच अजीत के निर्देश पर वे फिर से ट्रैक पर दौड़ लगा रहे थे। अफसल मुस्कुराते हुए कहते हैं, ‘पत्नी भी अब तंज कसती है कि उसे इतने समझौतों की उम्मीद नहीं थी।’

Source link

Leave a Comment