अफगानिस्तान के 31 साल के बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि निजी कारणों से यह फैसला लिया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अभी नए वनडे कप्तान का ऐलान नहीं किया है। शाहिदी ने 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाली थी। उनकी कप्तानी में टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी खेली। 2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स को हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका। इस्तीफे का ऐलान करते हुए शाहिदी ने लिखा,’निजी कारणों से मैं कप्तान पद छोड़ रहा हूं। यह जिम्मेदारी निभाना मेरे लिए सम्मान की बात रही। मैंने पूरी ईमानदारी और टीम के साथ मिलकर अपना काम किया।’ उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और बोर्ड का भी धन्यवाद दिया। अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड जल्द नए वनडे कप्तान के नाम का ऐलान कर सकता है। शाहिदी बल्लेबाज के रूप में टीम के लिए खेलते रहेंगे। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स में वर्ल्ड चैंपियन गुकेश की लगातार दूसरी हार चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स-2026 चेस टूर्नामेंट के छठे राउंड में मंगलवार को एम प्रनेश ने वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को 39 चालों में हराया। टूर्नामेंट में यह गुकेश की लगातार दूसरी हार है। वहीं, निहाल सरीन ने अर्जुन एरिगैसी को 60 चालों में हराया। इस हार के बाद अर्जुन दूसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोजा 4 अंकों के साथ अकेले टॉप पर पहुंच गए। नोदिरबेक अब्दुसातोरोव भी 3.5 अंकों के साथ अर्जुन के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। गुकेश पूरे मुकाबले में कई बार गलत कैलकुलेशन कर बैठे, जिसका फायदा उठाते हुए प्रनेश ने टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत दर्ज की। दूसरी ओर, ड्रॉ की ओर बढ़ रहे मुकाबले में निहाल ने शानदार रुक सैक्रिफाइस खेलकर बाजी अपने पक्ष में कर ली और एरिगैसी ने 60 चालों के बाद हार स्वीकार कर ली। अन्य मुकाबलों में अलीरेजा फिरोजा और नोदिरबेक अब्दुसातोरोव तथा हंस नीमन और दिमित्री अंद्रेकिन के बीच बाजी ड्रॉ रही। अब बुधवार को होने वाले अंतिम राउंड में गुकेश का सामना हंस नीमन से होगा, जबकि फिरोज़ा और एरिगैसी के बीच मुकाबला खिताब का फैसला करेगा। हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान को 7-4 से हराया, महिला टीम की 16-0 से जीत एफआईएच यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को एलीट पूल मुकाबलों में पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 7-4 और मेजबान ओमान को 14-0 से हराया। वहीं महिला टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद उज्बेकिस्तान को 16-0 से मात दी। इन नतीजों के साथ भारत की दोनों टीमें टूर्नामेंट में अजेय हैं और यूथ हॉकी 5s वर्ल्ड कप में जगह बनाने के करीब पहुंच गई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ करण गौतम ने हैट्रिक लगाई, जबकि राहुल यादव, प्रह्लाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने एक-एक गोल किया। इससे पहले ओमान पर 14-0 की जीत में केतन ने चार और आशीष तानी पूर्ति ने तीन गोल दागे। अल्टीमेट टेबल टेनिस: कोलकाता ने यू मुंबा को 8-7 से हराया अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 में मंगलवार को एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने यू मुंबा टीटी को 8-7 से हरा दिया। इस जीत के साथ कोलकाता ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। हार के बावजूद बेहतर गेम काउंट के आधार पर यू मुंबा भी अंतिम-4 में पहुंच गया। डेम्पो गोवा चैलेंजर्स के साथ अब तीन सेमीफाइनलिस्ट तय हो चुके हैं। कोलकाता ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की। एडुआर्ड इयोनेस्कू ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए मानुष शाह को 2-1 (9-11, 11-8, 11-7) से हराकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कोलकाता के लिए तनीषा कोटेचा ने इस सीजन में पहली बार एना हर्सी को हराया, जबकि जेंग जियान ने निर्णायक तीसरा गेम जीतकर टीम को मुकाबला जिताया।
Source link