कॉमनवेल्थ गेम्स की महिला जिम्नास्टिक स्पर्धा में भारत की 22 साल की प्रतिष्ठा सामंत ने वॉल्ट इवेंट के फाइनल में जगह बना ली। क्वालिफिकेशन में पश्चिम बंगाल की प्रतिष्ठा ने 13.025 अंक के साथ 5वां स्थान हासिल कर टॉप-8 में जगह बनाई। वहीं, भारत की अनुभवी जिम्नास्ट प्रणति नायक 12.555 अंक के साथ 11वें स्थान पर रहीं और तीसरी रिजर्व खिलाड़ी बनीं। ईशिता रेवाले (11.725) 15वें तथा निष्का अग्रवाल (11.075) 19वें स्थान पर रहीं। ऑल-अराउंड में प्रतिष्ठा (42.250) 27वें और ईशिता (41.700) 28वें स्थान पर रहीं। दोनों फाइनल में नहीं पहुंच सकीं। टीम इवेंट में भारत 123 अंकों के साथ 9वें स्थान पर रहा। ऑस्ट्रेलिया (158.400) ने गोल्ड, कनाडा (157.300) ने सिल्वर और इंग्लैंड (154.300) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। बटरफ्लाई यूटीटी: यू मुंबा लगातार दूसरी बार फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन यू मुंबा टीटी ने गोवा में खेले गए बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 के दूसरे सेमीफाइनल में एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स को 8-3 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली। कप्तान मनुष शाह और अन्ना हर्सी टीम की जीत के हीरो रहे। दोनों ने मिक्स्ड डबल्स में अंकुर भट्टाचार्जी और आयहिका मुखर्जी की जोड़ी को 3-0 से हराया। इसके बाद मनुष ने अंकुर को 2-0 से हराकर टीम की जीत पक्की कर दी। अन्ना ने महिला एकल और मिक्स्ड डबल्स मिलाकर 6 में से 5 गेम जीते, जबकि मनुष ने अपने दोनों मुकाबलों के सभी 5 गेम जीते। रविवार को फाइनल में यू मुंबा का सामना डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से होगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर होगा। सब-जूनियर हॉकी एशियन चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता गोल्ड ओमान के मस्कट में खेली गई FIH यूथ हॉकी5्स एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारत की सब-जूनियर पुरुष टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 3-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। भारत के लिए रोमित पाल, कप्तान केतन कुशवाहा और शाहरुख अली ने एक-एक गोल किया। टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। वहीं, सब-जूनियर महिला टीम फाइनल में चीन से हारकर सिल्वर मेडल जीतने में सफल रही। फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें पहले FIH यूथ हॉकी5्स वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹2 लाख और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1 लाख देने की घोषणा की है। महिला टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1 लाख और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹50 हजार मिलेंगे।
Source link