सात्विक-चिराग चीन मास्टर्स के सेमीफाइनल में पहुंचे:डेनमार्क की जोड़ी को हराया; पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में हारे


भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीन मास्टर्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जोड़ी ने शुक्रवार को डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स रासमुसेन को 21-13, 16-21, 21-18 से हराया। चीन के शेनझेन शहर में खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय जोड़ी ने 15-17 से पिछड़ने के बाद वापसी की। उन्होंने तीसरे गेम के आखिरी सात में से छह पॉइंट जीतकर मैच अपने नाम किया। वहीं, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत का अभियान क्वार्टर फाइनल में हार के साथ खत्म हो गया। उन्हें हांगकांग के ली चेक यू ने 21-16, 21-16 से हराया। सात्विक-चिराग ने दबाव में वापसी की भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में तेज शुरुआत की और 15-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने गेम आसानी से 21-13 से जीत लिया। दूसरे गेम में डेनमार्क की जोड़ी ने जोरदार वापसी की। गेम में स्कोर बराबरी का चल रहा था, लेकिन एस्ट्रुप और रासमुसेन ने आखिरी आठ में से सात पॉइंट जीत लिए। उन्होंने एक पॉइंट की पिछड़ने को पांच पॉइंट की बढ़त में बदला और निर्णायक गेम कराया। तीसरे गेम में भी डेनमार्क की जोड़ी 17-15 से आगे थी। रैलियों में उसका दबदबा नजर आ रहा था। इसके बाद सात्विक और चिराग ने अपना खेल बेहतर किया और आखिरी सात में से छह पॉइंट जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। श्रीकांत सीधे गेम में हारे श्रीकांत ने दोनों गेम में कुछ मौकों पर लय बनाई, लेकिन वह अपनी चुनौती को कायम नहीं रख सके। ली चेक यू ने संयम बनाए रखा और सीधे गेम में मुकाबला जीत लिया। इससे पहले गुरुवार को श्रीकांत और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की पुरुष डबल्स जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन मास्टर्स सुपर 750 के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी। श्रीकांत ने कनाडा के वर्ल्ड नंबर 9 और हाल में वर्ल्ड चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। पुरुष डबल्स में पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 सात्विक-चिराग ने फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव और क्रिस्टो पोपोव को 21-17, 22-24, 21-9 से हराया था। लक्ष्य को कनाडा के विक्टर लाई ने हराया वर्ल्ड नंबर 13 लक्ष्य को कनाडा के वर्ल्ड नंबर 9 विक्टर लाई ने 38 मिनट चले मुकाबले में 21-14, 21-7 से हराया। इस नतीजे के साथ इस सीजन लक्ष्य का एक और असंगत प्रदर्शन खत्म हुआ।

Source link

Leave a Comment