रिंकू सिंह बन सकते हैं कोलकाता के नए कप्तान: इरफान बोले- नरेन भी विकल्प; चोपड़ा ने ग्रीन को रिटेन करने पर उठाए सवाल

स्पोर्ट्स डेस्क9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
रिंकू सिंह IPL 2026 में कोलकाता के उपकप्तान थे।  - Dainik Bhaskar

रिंकू सिंह IPL 2026 में कोलकाता के उपकप्तान थे।

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि रिंकू सिंह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नए कप्तान बन सकते हैं। पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने भी रिंकू के नाम का समर्थन किया है।

रिंकू के दावे की सबसे बड़ी वजह यह है कि KKR ने उन्हें IPL 2026 में उपकप्तान बनाया था। उस समय अजिंक्य रहाणे टीम के कप्तान थे। 30 जुलाई को रहाणे के संन्यास लेने के बाद टीम को कप्तान की जरूरत है। KKR के पास सुनील नरेन का विकल्प भी है।

इधर आकाश चोपड़ा ने KKR के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को रिटेन करने के फैसले पर हैरानी जताई। ग्रीन को फ्रेंचाइजी ने पिछले ऑक्शन में ₹25.20 करोड़ में खरीदा था।

कैमरून ग्रीन ने IPL 2026 के 14 मैचों में 322 रन बनाए थे।

कैमरून ग्रीन ने IPL 2026 के 14 मैचों में 322 रन बनाए थे।

रिंकू के नाम पर क्यों बन रही सहमति?

इरफान पठान ने कहा कि KKR में फिलहाल नेतृत्व के ज्यादा विकल्प नहीं हैं। ऐसे में रिंकू सबसे बेहतर विकल्प नजर आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फ्रेंचाइजी चाहे तो ऑक्शन से कप्तान खरीद सकती है, लेकिन टीम मैनेजमेंट के काम करने के तरीके को देखते हुए उन्हें लगता है कि रिंकू को ही कप्तानी मिलेगी।

रिंकू के पास घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव भी है। उन्होंने 2024 में उत्तर प्रदेश की टी-20 लीग में मेरठ मैवरिक्स की कप्तानी की और टीम को खिताब जिताया। इसके बाद उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की सीनियर टीम का कप्तान बनाया गया। यह उनकी सीनियर राज्य टीम की पहली कप्तानी थी।

मेरठ मैवरिक्स के लिए उन्होंने उस टूर्नामेंट में 9 पारियों में 210 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 161.54 रहा।

रिंकू सिंह ने IPL के 73 मैचों 1394 रन बनाए हैं।

रिंकू सिंह ने IPL के 73 मैचों 1394 रन बनाए हैं।

होप को खरीदकर कप्तान बना सकती है KKR

इरफान पठान ने रिंकू के अलावा वेस्टइंडीज के शाई होप का नाम भी लिया। उनका कहना है कि अगर KKR ऑक्शन से कप्तान खरीदना चाहे तो होप एक विकल्प हो सकते हैं। होप हाल ही में भारत के खिलाफ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं।

होप को कप्तानी का अनुभव भी है। वे वेस्टइंडीज की वनडे टीम के कप्तान रहे हैं और बाद में टी-20 टीम की जिम्मेदारी भी उन्हें मिली। KKR के पास पहले से कैमरून ग्रीन, फिन एलन, रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन और टिम सीफर्ट जैसे विदेशी खिलाड़ी हैं। ऐसे में होप को खरीदने पर टीम को यह भी तय करना होगा कि प्लेइंग-11 में किस विदेशी खिलाड़ी को जगह मिलेगी। इसके उलट रिंकू भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्हें कप्तान बनाने से विदेशी खिलाड़ियों के चयन में टीम को ज्यादा आजादी मिल सकती है।

आकाश चोपड़ा ने भी रिंकू का समर्थन किया

पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने भी कहा कि अगर KKR रिंकू को कप्तान बनाना चाहती है तो उनके सामने कोई बड़ा विकल्प नहीं दिखता। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि रिंकू पिछले सीजन में उपकप्तान थे, इसलिए कप्तानी के लिए उनका दावा मजबूत है।

चोपड़ा ने सुनील नरेन को भी एक विकल्प बताया। उनके मुताबिक, नरेन पहले भी कप्तानी कर चुके हैं और इस जिम्मेदारी के लिए खराब विकल्प नहीं होंगे।

रहाणे के जाने से अंगकृष को ओपनिंग का मौका मिल सकता है

इरफान पठान ने कहा कि अजिंक्य रहाणे के टीम में नहीं होने से अंगकृष रघुवंशी को पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। रहाणे ने IPL 2026 में KKR के लिए 14 मैचों में 335 रन बनाए थे। वे ज्यादातर मैचों में ओपनिंग करने उतरे। दूसरी ओर, रघुवंशी ने 12 पारियों में 422 रन बनाए और टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वे आमतौर पर तीसरे नंबर पर खेलते थे।

हर्षित राणा की वापसी से मजबूत होगी गेंदबाजी

पठान का मानना है कि हर्षित राणा की फिटनेस लौटने से टीम को मजबूती मिलेगी। हर्षित IPL 2026 में नहीं खेल सके थे। भारत के टी-20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में उनके दाएं घुटने में लिगामेंट की चोट लगी थी। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई और वे पूरे IPL सीजन से बाहर रहे।

ऑक्शन में KKR के पास कितना पैसा है?

KKR ने IPL 2027 के लिए 17 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। टीम के पास ऑक्शन में खर्च करने के लिए ₹41.65 करोड़ बचे हैं। वह आठ खिलाड़ियों को खरीद सकती है, जिनमें अधिकतम तीन विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। IPL 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा।

Source link

Leave a Comment