![]()
IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच ट्रेड हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी लगभग तय है। इसके लिए वे अपनी 27 करोड़ रुपए की सैलरी में करीब 12 करोड़ रुपए की कटौती करने को भी तैयार हो गए हैं। वहीं, स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह भी पहली बार IPL में कोचिंग भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का ट्रेड BCCI के पास भेजा जा चुका हैं। अगर मंजूरी मिलती है तो पंत दिल्ली लौटेंगे और कुलदीप लखनऊ का हिस्सा बन जाएंगे। पंत ने अपनी फीस घटाई लखनऊ ने 2025 मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। यह IPL इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। यही रकम उनके ट्रेड की सबसे बड़ी अड़चन बनी हुई थी, क्योंकि किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए इतनी बड़ी फीस वाले खिलाड़ी को शामिल करना आसान नहीं था। रिपोर्ट्स के अनुसार पंत ने खुद इस ट्रेड को संभव बनाने के लिए अपनी फीस घटाने पर सहमति दी है। अब उन्हें करीब 15 करोड़ रुपए मिलने की संभावना है। यानी वे लगभग 12 करोड़ रुपए की कटौती स्वीकार कर चुके हैं। यह कुछ वैसा ही कदम माना जा रहा है जैसा पिछले सीजन रवींद्र जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स से जुड़ते समय उठाया था। दो साल बाद दिल्ली वापसी, कप्तानी मिलना तय नहीं पंत 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने 111 मैच खेले और तीन सीजन में 43 मुकाबलों में टीम की कप्तानी भी की। हालांकि 2025 मेगा ऑक्शन से पहले GMR ग्रुप के साथ कुछ मतभेदों के बाद उन्हें रिलीज कर दिया गया था। अब फ्रेंचाइजी का संचालन अगले दो वर्षों तक JSW ग्रुप के हाथ में रहेगा। सह-मालिक पार्थ जिंदल लंबे समय से पंत के प्रशंसक माने जाते हैं और उनकी वापसी के पीछे भी उनकी अहम भूमिका बताई जा रही है। हालांकि दिल्ली लौटने के बावजूद पंत का कप्तान बनना तय नहीं माना जा रहा। टीम कप्तानी को लेकर फ्रेंचाइजी अलग फैसला ले सकती है। पंत ने लखनऊ की कप्तानी छोड़ी थी पंत का लखनऊ से बाहर होना काफी समय से तय माना जा रहा था। IPL 2026 सीजन खत्म होने से पहले ही सभी पक्षों के बीच इस बात पर सहमति बन गई थी कि वे कप्तानी छोड़ देंगे। उनकी कप्तानी में लखनऊ लगातार दो सीजन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। टीम 2025 में सातवें और 2026 में 10वें स्थान पर रही। पंत की कप्तानी में लखनऊ ने 28 मैच खेले, जिनमें सिर्फ 10 जीत हासिल कर सकी। 2026 सीजन में पंत के बल्ले से भी केवल 312 रन निकले। फ्रेंचाइजी का मानना था कि टीम को नए कप्तान की जरूरत है, जिसके बाद उनके बाहर होने का रास्ता साफ हो गया। कुलदीप के लिए भी घर वापसी जैसा मौका ट्रेड के तहत कुलदीप यादव के लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने की चर्चा है। कुलदीप की सैलरी में कोई बदलाव नहीं होगा और वे अपने मौजूदा 13.25 करोड़ रुपए के कॉन्ट्रैक्ट पर ही लखनऊ का हिस्सा बनेंगे। यह बदलाव कुलदीप के लिए भी एक तरह से घर वापसी जैसा होगा। उन्होंने घरेलू क्रिकेट उत्तर प्रदेश से खेला है, जबकि पंत दिल्ली के खिलाड़ी रहे हैं। कुलदीप IPL में अब तक मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े रहे हैं। अगर ट्रेड पूरा होता है तो यह उनके करियर का तीसरा फ्रेंचाइजी बदलाव होगा। युवराज पहली बार कोचिंग भूमिका में दिख सकते हैं दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह टीम के कोचिंग ग्रुप में शामिल हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह उनका पहला कोचिंग कार्यकाल होगा। युवराज पिछले कुछ वर्षों में कई युवा खिलाड़ियों के मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, अब्दुल समद, संजू सैमसन, ऋषभ पंत और प्रियांश आर्या जैसे खिलाड़ियों के साथ काम किया है। इन खिलाड़ियों की तकनीकी और मानसिक तैयारी में युवराज के योगदान की अक्सर चर्चा होती रही है। युवराज 6 IPL टीम से खेले, 2 की कप्तानी की युवराज IPL करियर में कुल 6 टीमों से खेले। किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), पुणे वॉरियर्स इंडिया, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के लिए वे मैदान पर उतरे। युवराज ने दो टीमों की कप्तानी भी की। उन्होंने IPL के शुरुआती दो सीजन (2008 और 2009) में किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी संभाली, जबकि 2011 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के कप्तान रहे। गांगुली की वापसी, बदानी की भूमिका पर सवाल JSW के प्रबंधन संभालने के साथ सौरव गांगुली की भूमिका भी बढ़ने वाली है। वे फ्रेंचाइजी के क्रिकेट मामलों के प्रमुख के तौर पर वापसी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि युवराज को टीम से जोड़ने में भी उनकी अहम भूमिका है। गांगुली की वापसी के बाद पिछले दो सीजन से हेड कोच रहे हेमंग बदानी की भूमिका समाप्त हो सकती है। बदानी और कप्तान अक्षर पटेल के नेतृत्व में दिल्ली ने IPL 2026 में शानदार शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे हाफ में टीम की लय टूट गई और वह छठे स्थान पर रहकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।
Source link