![]()
नालंदा के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के एथलेटिक स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को रग्बी मैच खेला गया। भारत और न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष टीम मैदान में उतरी। न्यूजीलैड की पुरुष और इंडिया की महिला टीम ने मैच जीता। इससे पहले सीएम सम्राट चौधरी ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं। भारतीय महिला टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 17-0 से हराकर देश का मान बढ़ाया। वहीं, पुरुष वर्ग के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 32 अंकों के अंतर से पराजित कर दिया। ये मैच दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज में भारत और न्यूजीलैंड माओरी की अंडर-20 पुरुष और महिला टीम ने पार्टिसिपेट किया। कुछ तस्वीरें… भारतीय महिला टीम का शुरू से ही दबदबा रहा महिला वर्ग का 15 मिनट के मुकाबले में शुरू से ही दबदबा रहा। व्हाइट जर्सी में मैदान पर उतरी भारतीय खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार, बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर न्यूजीलैंड की टीम को दबाव में रखा। पहले हाफ में ही भारत ने 12 अंक हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इसके बाद भी खिलाड़ियों का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने आखिरी क्षण तक बढ़त बनाए रखी। भारतीय महिला टीम की जीत में जर्सी नंबर 15 का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने मुकाबले में सबसे अधिक अंक जुटाकर टीम की बढ़त मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। आखिरकार भारतीय बेटियों ने 17-0 से मुकाबला जीत लिया। न्यूजीलैंड की टीम अपना खाता भी नहीं खोल सकी। पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड का दबदबा ब्लैक जर्सी में उतरी न्यूजीलैंड की अंडर-20 टीम ने शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में न्यूजीलैंड ने 12 अंक जुटाकर बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। न्यूजीलैंड की ओर से जर्सी नंबर 10 ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ट्राई स्कोर कर टीम के खाते में अंक जोड़े और बढ़त मजबूत करने में अहम योगदान दिया। न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाते हुए भारतीय टीम को मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया। न्यूजीलैंड ने 32 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
‘राज्य के युवाओं को प्रतिभा दिखाने का मौका’ मुख्यमंत्री सम्राट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी खेल नीति के तहत इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। यह टूर्नामेंट दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रगाढ़ करने के साथ-साथ बिहार में रग्बी जैसे आधुनिक खेलों को एक नई ऊंचाई देगा। इससे राज्य के युवाओं को न केवल वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा, बल्कि बिहार अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। मैदान पर उतरा रोमांच, ‘हाका’ नृत्य ने बांधा समां प्रतियोगिता के पहले दिन भारत और न्यूजीलैंड माओरी की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मैच से पहले जब न्यूजीलैंड की टीम ने मैदान पर अपना पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य प्रस्तुत किया मुख्यमंत्री ने दोनों देशों के खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली विशेष जर्सी का अनावरण किया और उनका हौसला बढ़ाया। भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। 28 अक्टूबर तक चलेगा मुकाबला 23 से 28 अक्टूबर तक चलने वाली इस सीरीज के जरिए न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीम पहली बार भारतीय सरजमीं पर मुकाबला खेल रही है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैथ्यू आयर्स, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण, रग्बी संघ अध्यक्ष राहुल बोस सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, आला प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। साझा अभ्यास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय रग्बी टीम पिछले चार दिनों से राजगीर में डेरा डाले हुए थी। इस दौरान कीवी और भारतीय खिलाड़ियों ने एक साथ फिजिकल कंडीशनिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और अभ्यास सत्रों में भाग लिया। खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दोनों देशों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की परंपराओं को भी साझा किया। खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम से न केवल विदेशी मेहमानों ने बिहार की समृद्ध संस्कृति को करीब से देखा, बल्कि बिहार और देश के उभरते खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल हुआ।
न्यूजीलैंड के 24 और भारत के 32 खिलाड़ी न्यूजीलैंड की टीम में 24 माओरी खिलाड़ी और 6 प्रबंधन सदस्य रहे। पुरुष टीम का नाम ‘तामा टोआ’ और महिला टीम का नाम ‘हिने टोआ’ है। दोनों टीमों में 12-12 खिलाड़ी शामिल हुए। भारतीय टीम में 32 खिलाड़ी। इसमें 16 बालक और 16 बालिका हैं। इसके अलावे 8 प्रबंधन सदस्य हैं। बालक वर्ग में बिहार के बजरंगी कुमार, रोहित कुमार और सागर प्रकाश शामिल हुए। बालिका वर्ग में अल्पना कुमारी, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी और सलोनी कुमारी ने बिहार का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम में झारखंड, दिल्ली, ओडिशा, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी शामिल रहीं। 28 को नवादा जाएंगे खिलाड़ी 28 अक्टूबर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी संयुक्त समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें मैचों की तकनीकी बारीकियों और रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद खिलाड़ी नवादा स्थित रग्बी स्कूल जाएंगे और स्थानीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा करेंगे। 28 अक्टूबर की रात विदाई समारोह और साझा रात्रिभोज होगा। 29 अक्टूबर को विदाई समारोह के बाद दोनों टीमें पटना होते हुए रवाना होंगी।
Source link