38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

युवराज सिंह 6 IPL टीम के लिए खेल चुके हैं।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह IPL में दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट और बैटिंग कोच बन गए हैं। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसका ऐलान X पर किया। युवराज पहली बार किसी टीम की कोचिंग करेंगे। टीम के हेड कोच सौरव गांगुली हैं।
युवराज 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेले थे। उस समय फ्रेंचाइजी ने उन्हें 16 करोड़ रुपए में खरीदा था। यह उस समय IPL इतिहास की सबसे बड़ी खिलाड़ी बोली थी।
कोचिंग को लेकर जुनूनी हूं- युवराज
नई जिम्मेदारी मिलने पर युवराज ने कहा कि दिल्ली के साथ उनका पुराना जुड़ाव है। उन्होंने सौरव गांगुली के साथ काम करने को खास मौका बताया। युवराज ने बताया कि कोचिंग ऐसा काम है, जिसे लेकर वे वास्तव में जुनूनी हैं।
2019 में लिया था क्रिकेट से संन्यास, मुंबई इंडियंस के लिए खेला आखिरी IPL
- युवराज ने 2008 से 2019 तक IPL में हिस्सा लिया। अपने 12 साल के IPL करियर में वे छह फ्रेंचाइजी से खेले। किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), पुणे वॉरियर्स इंडिया, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली डेयरडेविल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस।
- उनका IPL का आखिरी सीजन 2019 था। उस समय मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। मुंबई ने उस सीजन फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर अपना चौथा खिताब जीता था। युवराज ने 2019 में चार मैच खेले और 98 रन बनाए। उन्होंने जून 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ IPL से भी संन्यास की घोषणा की थी।
- युवराज ने IPL में दो फ्रेंचाइजी की कप्तानी भी की। वे शुरुआती दो सीजन 2008 और 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रहे। इसके बाद 2011 में उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया की कप्तानी संभाली।
कैंसर के इलाज के कारण 2012 में IPL नहीं खेले
युवराज के करियर में 2011 वनडे वर्ल्ड कप के बाद मुश्किल दौर आया। वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें कैंसर का पता चला और इलाज के लिए क्रिकेट से दूर होना पड़ा। उन्होंने अमेरिका में कीमोथेरेपी कराई और मार्च 2012 में इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी दी। इसी वजह से वे 2012 के IPL सीजन में नहीं खेल पाए।
2011 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे
- युवराज भारत की 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप में उन्होंने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाए थे।
- 2011 वनडे वर्ल्ड कप में युवराज ने 9 मैचों में 362 रन बनाए और 15 विकेट लिए। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। उन्होंने उस वर्ल्ड कप में चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता।
- भारत के लिए युवराज ने 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार से ज्यादा रन हैं। बल्लेबाजी के साथ बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी भी उनकी ताकत रही।
अभिषेक शर्मा समेत कई युवा खिलाड़ियों को मेंटर कर चुके हैं
युवराज पिछले कुछ साल में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों को मेंटर कर चुके हैं। इनमें अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, अब्दुल समद, संजू सैमसन, ऋषभ पंत और प्रियांश आर्या जैसे नाम शामिल हैं।
—————————
IPL 2027 से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
IPL 2027 का ऑक्शन गोवा में होगा:BCCI सेक्रेटरी बोले- दिसंबर में लगेगी बोली; 3 साल बाद भारत लौटेगी नीलामी
IPL 2027 का ऑक्शन गोवा में होगा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिसंबर में मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें…