स्पोर्ट्स डेस्क3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय कप्तान शुभमन गिल और साउथ अफ्रीकी कैप्टन टेम्बा बावुमा की यह फोटो कोलकाता टेस्ट के पहले दिन की है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन (WTC) साउथ अफ्रीका ने 2 बार की रनर-अप भारत को पहले टेस्ट में 30 रन से हरा दिया। इस हार के बाद टीम इंडिया WTC पॉइंट्स टेबल में तीसरे से चौथे नंबर पर खिसक गई। वहीं, साउथ अफ्रीका पांचवे से दूसरे नंबर पर आ गया।
दोनों टीमें के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। भारत के पास दूसरा टेस्ट जीतकर तीसरे नंबर पर वापस आने का मौका है। वहीं, सीरीज हारने पर टीम टॉप-5 पोजिशन से बाहर भी हो सकती है। स्टोरी में दोनों टीमों का WTC समीकरण…

साउथ अफ्रीका WTC की मौजूदा चैंपियन है, टीम ने टेम्बा बावुमा की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को हराकर टाइटल जीता था।
भारत घर में 15 साल बाद साउथ अफ्रीका से हारा साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत 15 साल बाद अपने घर में कोई टेस्ट मैच हारा है। पिछली हार 2010 में नागपुर में मिली थी। भारतीय टीम ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रविवार को 124 रन का टारगेट चेज कर रही 9 विकेट पर 93 रन ही बना सकी। कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी करने नहीं आए। वे एक दिन पहले गर्दन में ऐंठन के कारण रिटायर हुए थे।
WTC में टॉप पर है ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का 2025 से 2027 का साइकल इसी साल जून में शुरू हुआ है। भारत ने इस साइकल में तीसरी सीरीज खेल रहा है। टीम ने इंग्लैंड में पहली सीरीज 2-2 से सीरीज ड्रॉ कराई। इसके बाद वेस्टइंडीज को घर में 2-0 से हराया। भारतीय टीम फिलहाल 54.17 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर है।
साउथ अफ्रीका की मौजूदा WTC साइकल में एक ही सीरीज पाकिस्तान से हुई, जो 1-1 से ड्रॉ रही। कोलकाता टेस्ट जीत के बाद टीम के 66.67 पॉइंट्स है और टीम दूसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है।

1-1 से ड्रॉ रही सीरीज तो तीसरे पर पहुंचेगा भारत भारत और साउथ अफ्रीका की मौजूदा सीरीज 2 मैचों की है। इसके नतीजों से भारत के पॉइंट्स कितने होंगे, नीचे जानते हैं…
- 1-1 से ड्रॉ: भारत 59.26% पॉइंट्स के साथ नंबर-3 पर वापस आ जाएगा।
- 0-1 से हारे: भारत 51.85% पॉइंट्स के साथ नंबर-4 पर बना रहेगा।
- 0-2 से हारे: भारत 48.15% पॉइंट्स के साथ नंबर-5 पर खिसकेगा।
दक्षिण अफ्रीका के बाद भारतीय टीम इस WTC साइकल में 3 सीरीज और खेलेगी। टीम इंडिया को पहले श्रीलंका, फिर न्यूजीलैंड और आखिर में ऑस्ट्रेलिया से खेलना है।

साउथ अफ्रीका के पास टॉप-2 पर बने रहने का मौका साउथ अफ्रीका की जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज WTC का हिस्सा नहीं थी। टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 1-1 से सीरीज ड्रॉ खेली। अब भारत के बाद उन्हें फरवरी 2027 में श्रीलंका जाकर 2 टेस्ट खेलने हैं। वहीं टीम की 3 घरेलू सीरीज ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और इंग्लैंड के खिलाफ होगी। भारत के खिलाफ सीरीज के नतीजों से साउथ अफ्रीका के पॉइंट्स कितने होंगे, नीचे जानते हैं…
- 2-0 से जीते: साउथ अफ्रीका 75% पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर बना रहेगा।
- 1-0 से जीते: साउथ अफ्रीका 58.33% पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगा।
- 1-1 से ड्रॉ: साउथ अफ्रीका 50% पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर ही रहेगा।

साउथ अफ्रीका चैंपियन, भारत 2 बार फाइनल हारा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) को ICC ने 2019 में शुरू किया। इसमें 9 टीमों को 6 टीमों के खिलाफ 2 से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी होती हैं। इनमें 3 अपने घर और 3 सीरीज विदेश में रहती हैं। सभी टीमों के मैच खत्म होने के बाद पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 पोजिशन पर रहने वाली टीमों के बीच फाइनल होता है।
भारत ने 2021 और 2023 में 2 बार फाइनल में जगह बनाई, लेकिन टीम न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबला हार गई। साउथ अफ्रीका ने 2025 में फाइनल खेला और टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियन भी बनी।

——————— क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… ईडन गार्डन्स में 13 साल बाद हारा भारत

भारतीय टीम रविवार को साउथ अफ्रीका से पहला टेस्ट मैच हार गई। टीम 124 रन का टारगेट चेज नहीं कर सकी। ऐसा पहली बार हुआ जब भारत अपने घर पर 125 रन से कम का लक्ष्य हासिल नहीं कर सका। यह कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 13 साल में भारत की पहली हार है। पढ़ें पूरी खबर…