Newsleak

Will Russell, Venkatesh, Samson be released before the IPL auction? | क्या IPL ऑक्शन से पहले रिलीज होंगे रसेल, वेंकटेश, सैमसन: ₹10 करोड़ प्लस कीमत वाले खिलाड़ियों को छोड़ सकती हैं टीमें; जानिए संभावित प्लेयर्स

स्पोर्ट्स डेस्क49 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

IPL मिनी ऑक्शन से पहले 15 नवंबर तक 10 टीमों को अपनी रिटेंशन लिस्ट टूर्नामेंट कमेटी को शेयर करनी है। डेडलाइन से पहले ही संजू सैमसन, रवींद्र जडेजा और अर्जुन तेंदुलकर जैसे प्लेयर्स के ट्रैड होने की खबरें चर्चा में रहीं। वहीं शार्दूल ठाकुर और शेरफन रदरफोर्ड को मुंबई ने ट्रैड डील से अपनी टीम में शामिल कर लिया।

नीलामी से पहले आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर, जोफ्रा आर्चर और मोहम्मद शमी जैसे महंगे प्लेयर्स भी रिलीज किए जा सकते हैं। कुछ प्लेयर्स आउट ऑफ फॉर्म हैं तो कुछ की उम्र रिटायरमेंट के करीब हैं। स्टोरी में 10 करोड़ रुपए से महंगे 10 प्लेयर्स के बारे में जानते हैं, जिन्हें IPL टीमें रिलीज कर सकती हैं…

1. वेंकटेश अय्यर

तीसरे सबसे महंगे प्लेयर, प्रदर्शन खराब

बैटिंग ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। वे नीलामी के तीसरे सबसे महंगे प्लेयर रहे, लेकिन टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके। 11 मैचों में उनके नाम 139.22 के स्ट्राइक रेट से महज 142 रन रहे। 2024 की चैंपियन कोलकाता भी पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर रहकर प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।

वेंकटेश मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हैं, उन पर टीम का रन रेट बढ़ाए रखने की जिम्मेदारी रहती थी। हालांकि, पिछले सीजन वे अपने प्राइस टैग को सही साबित नहीं कर सके। अंगकृष रघुवंशी और कप्तान अजिंक्य रहाणे के कारण टीम उन्हें प्लेइंग-11 में फिट भी नहीं कर पा रही थी। ऐसे में KKR उन्हें रिलीज कर कैमरन ग्रीन जैसे ऑलराउंडर को ऑक्शन में खरीदने पर फोकस कर सकती है।

2. संजू सैमसन

चेन्नई का हिस्सा बन सकते हैं

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान और विकेटकीपर संजू सैमसन को टीम ने 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। पिछले सीजन इंजरी के कारण वे 9 मैच ही खेल सके। उनकी जगह रियान पराग ने कप्तानी और युवा वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली। सैमसन ने बैट से ठीक-ठाक प्रदर्शन किया, लेकिन टीम 9वें नंबर पर रही।

पिछले मेगा ऑक्शन से पहले RR ने जोस बटलर, युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन को रिलीज कर दिया था। सैमसन इस फैसले से खुश नहीं थे, इसके बाद खबरें आईं कि उन्हें अगले सीजन से कप्तानी और ओपनिंग भी नहीं मिलेगी। इन अटकलों के बीच सैमसन ने भी टीम छोड़ने का मन बना लिया। अब ऑक्शन से पहले ही वे चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रैड होकर शामिल भी हो सकते हैं। सैमसन की जगह RR किसी भरोसेमंद विकेटकीपर और कप्तान को खरीदने पर फोकस करेगी।

3. रवींद्र जडेजा

चेन्नई ने छोड़ने का मन बना लिया

चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को 18 करोड़ रुपए में रिटेन किया। जडेजा ने पिछले सीजन 301 रन बनाने के साथ 10 विकेट भी लिए। उनकी फील्डिंग टूर्नामेंट में अब भी बेस्ट है। वे टूर्नामेंट में 3000 से ज्यादा रन बनाने के साथ 150 प्लस विकेट लेने वाले इकलौते खिलाड़ी भी हैं। हालांकि, टीम पिछले सीजन 10वें नंबर पर रही।

जडेजा को रिलीज करने के लिए चेन्नई के पास वैसे तो कोई कारण नहीं है, लेकिन टीम सैमसन को शामिल करने के लिए जड्डू को ट्रैड कर सकती है। चेन्नई को भविष्य के लिए एमएस धोनी का विकल्प चाहिए, ऐसे में सैमसन बेस्ट ऑप्शन हैं। वहीं जडेजा को रिलीज कर टीम ऑक्शन में किसी युवा स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर को खरीदने पर फोकस कर सकती है।

4. जोफ्रा आर्चर

इंजरी के कारण प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे

राजस्थान रॉयल्स 12.50 करोड़ रुपए के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को भी रिलीज कर सकती है। उन्होंने इंजरी से वापसी के बाद पिछले सीजन 12 मैच तो खेले, लेकिन 11 ही विकेट ले सके। उनकी इकोनॉमी भी 10 के करीब रही। जो उनकी करियर इकोनॉमी से बेहद खराब है।

आर्चर इंजरी से जूझते रहते हैं, ऐसे में राजस्थान उन्हें रिलीज कर सकती है। जोफ्रा को रिलीज करने से टीम के पर्स में ज्यादा पैसे आएंगे, इससे RR विदेशी तेज गेंदबाजों को खरीद सकती है। RR का मिडिल ऑर्डर भी कमजोर है, टीम इन पैसों का इस्तेमाल बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए भी कर सकती है।

5. आंद्रे रसेल

खराब फॉर्म के कारण रिलीज हो सकते हैं

कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को 12 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। वे पिछले सीजन 13 मैच में 167 रन ही बना सके। गेंदबाजी में भी वे 8 विकेट ही ले पाए। रसेल IPL में 175 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी टीम को विकेट भी दिलाते हैं।

पिछले सीजन रसेल ज्यादा प्रभावी नहीं रहे। वे 37 साल के भी हो चुके हैं और दुनियाभर की लीग में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे। आउट ऑफ फॉर्म होने के कारण कोलकाता रसेल को रिलीज कर 26 साल के युवा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को खरीद सकती है।

6. मयंक यादव

इंजरी के कारण बाहर हो सकते हैं

लगातार 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले मयंक यादव को लखनऊ सुपरजायंट्स ने 11 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। वे इंजरी से जूझने के कारण पिछले सीजन 2 ही मैच खेल सके, इनमें वे 2 विकेट ही ले सके। उनकी इकोनॉमी भी 12.50 की रही। टीम भी प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।

मयंक की पेस कई टीमों को परेशान जरूर करती है, लेकिन इंजरी से जूझने के कारण वे पूरा टूर्नामेंट नहीं खेल पाते हैं। इसे देखते हुए LSG उन्हें रिलीज कर अपना पर्स अमाउंट बढ़ा सकती है। मयंक की जगह टीम किसी भारतीय तेज गेंदबाज को खरीदने पर फोकस करेगी।

7. शिमरोन हेटमायर

टीम के लिए फिनिश नहीं कर पा रहे

वेस्टइंडीज के लेफ्ट हैंड बैटर शिमरोन हेटमायर को राजस्थान ने 11 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। उन्हें टीम ने फिनिशिंग मजबूत करने के लिए रखा था, लेकिन वे इस काम को बखूबी निभा नहीं पाए। पिछले सीजन वे 14 मुकाबलों में 145 के स्ट्राइक रेट से 239 रन ही बना सके। टीम कई मुकाबलों में उनके पिच पर होने के बावजूद रन चेज नहीं कर सकी।

हेटमायर इन दिनों अपनी नेशनल टीम से भी बाहर चल रहे हैं। आउट ऑफ फॉर्म होने के चलते राजस्थान उन्हें रिलीज कर सकती है। उनकी जगह टीम विदेशी फिनिशर खरीदने पर फोकस कर सकती है। हेटमायर, आर्चर और सैमसन के रिलीज होने से टीम में 41.50 करोड़ रुपए आ जाएंगे।

8. थंगारसु नटराजन

दिल्ली में जगह नहीं मिल रही

लेफ्ट आर्म पेसर थंगारसु नटराजन को दिल्ली कैपिटल्स ने 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। नटराजन मिडिल और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करते हैं और वैरिएशन से टीम को विकेट दिलाते हैं। इसके बावजूद पिछले सीजन उन्हें एक ही मुकाबला खिलाया गया। जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वे करियर में 67 IPL विकेट ले चुके हैं।

दिल्ली कैपिटल्स 7 मैच जीतने के बावजूद 5वें नंबर पर रही और प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। टीम कॉम्बिनेशन को और मजबूत बनाने के लिए मैनेजमेंट नटराजन को रिलीज कर सकता है। उनकी जगह टीम मजबूत मिडिल ऑर्डर बैटर खरीदने पर फोकस कर सकती है, क्योंकि DC में गेंदबाजों की कमी नहीं है।

9. कगिसो रबाडा

4 ही मैच खेल सके

साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को गुजरात टाइटंस ने मेगा ऑक्शन में 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा। वे ICC के कोड ऑफ कंडक्ट में दोषी पाए जाने के कारण क्रिकेट से बैन कर दिए गए। हालांकि, उन्होंने 4 मैच जरूर खेले, लेकिन इनमें 2 विकेट ही ले सके। उनकी इकोनॉमी भी 11 से ज्यादा की रही।

पिछले सीजन गुजरात टाइटंस अपने बॉलिंग कॉम्बिनेशन को सेटल नहीं कर पाई। टीम ने प्लेऑफ में तो जगह बनाई, लेकिन एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस से हार कर बाहर हो गई। गुजरात ने ऑक्शन से पहले शेरफन रदरफोर्ड को मुंबई को बेच दिया। अब टीम अपने मिडिल ऑर्डर को स्ट्रॉन्ग करने पर फोकस कर सकती है।

10. मोहम्मद शमी

आउट ऑफ फॉर्म हो चुके

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा। हालांकि, 9 मुकाबलों में वे 6 विकेट ही ले सके। उनकी इकोनॉमी भी 11 से ज्यादा की रही। शमी IPL में 133 विकेट ले चुके हैं, लेकिन पिछले एक साल से आउट ऑफ फॉर्म हैं।

शमी के अलावा भी हैदराबाद के गेंदबाज टूर्नामेंट में फ्लॉप रहे, इस कारण टीम छठे नंबर पर रहकर प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। शमी को रिलीज कर SRH अपने बॉलिंग डिपार्टमेंट को मजबूत करने पर ध्यान दे सकती है।

5 बड़े प्लेयर्स पर असमंजस में टीमें

10 करोड़ रुपए से ज्यादा की कीमत वाले 10 प्लेयर्स के रिलीज होने की संभावनाएं बहुत ज्यादा हैं। इनके अलावा राशिद खान, मिचेल स्टार्क, आवेश खान, दीपक चाहर और लियम लिविंगस्टन जैसे प्लेयर्स भी रिलीज किए जा सकते हैं। सभी की कीमत 8.50 करोड़ रुपए से ज्यादा हैं।

चेन्नई का स्क्वॉड सबसे बड़ा

रिटेंशन डेडलाइन से पहले मुंबई इंडियंस ने तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर और ऑलराउंडर शेरफन रदरफोर्ड को ट्रैड कर टीम में शामिल कर लिया। MI में 25 प्लेयर्स हैं, जिनमें से 9 विदेशी और 16 भारतीय हैं। एक टीम में ज्यादा से ज्यादा 8 विदेशी ही हो सकते हैं, इसलिए मुंबई कुछ विदेशियों को भी रिलीज कर सकती है।

मुंबई और पिछली रनर-अप पंजाब किंग्स का स्क्वॉड 25-25 मेंबर्स का है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स में सबसे ज्यादा 26 खिलाड़ी हैं। राजस्थान, कोलकाता और हैदराबाद ने पिछले सीजन सबसे कम 20-21 प्लेयर्स ही खरीदे थे। इसके बावजूद तीनों टीमें ऑक्शन से पहले ज्यादातर प्लयेर्स को रिलीज कर सकती हैं।

खबरें और भी हैं…

Source link

Exit mobile version