Site icon Newsleak

Vinesh Phogat Announces Comeback to Wrestling After Becoming MLA | हरियाणा MLA रेसलर की कहानी, शुरूआत से संन्यास वापसी तक: 2023 में कुश्ती संघ को चुनौती, 2024 में रेसलिंग छोड़ MLA बनीं विनेश फोगाट – Panchkula News

हरियाणा की MLA रेसलर विनेश फोगाट एक बार फिर से अखाड़े में उतरने को तैयार हो गई है। पहलवान से MLA बनीं विनेश फोगाट की जिंदगी में जन्म से ही उथल-पुथल रही है। 9 साल की उम्र में पिता को खो देने के बाद अखाड़े में पहली बार कदम रखा था।

.

हरियाणवीं रेसलर विनेश फोगाट का साल 2023 में कुश्ती संघ अध्यक्ष से टकराव हुआ। इसके बाद साल 2024 के पेरिस ओलिंपिक में 100 ग्राम वजन बढ़ने से डिसक्वालिफाई होने पर रेसलिंग छोड़ दी थी। खेल छोड़ने के बाद कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की। 2024 में ही चुनाव जीत कर जींद के जुलाना से MLA बनीं। अब वे एक बेटे की मां भी हैं।

इसी बीच 12 दिसंबर 2025 को विनेश ने फिर से अखाड़े में उतरने की घोषणा कर सबको चौंका दिया है। विनेश फोगाट ने अपने सोशल मीडिया X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की है।

विनेश फोगाट का जन्म हरियाणा के भिवानी जिले के गांव बलाली में हुआ, जो वर्तमान में चरखी दादरी का हिस्सा है। 25 अगस्त 1994 को बलाली में जन्मीं विनेश फोगाट के सिर से 9 साल की उम्र में ही पिता का साया उठ चुका था। ताऊ महाबीर फोगाट ने उन्हें अखाड़े में उतारा और दांव-पेंच सिखाना शुरू किए।

अपने पति सोमवीर राठी के साथ विनेश फोगाट।

विनेश फोगाट का पहला अंतर्राष्ट्रीय पदक 2013 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप (Asian Wrestling Championships) में जीता गया कांस्य पदक (Bronze Medal) था, जो उन्होंने नई दिल्ली में 51 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में हासिल किया था, और यह उनके शानदार करियर की शुरुआत थी, जिसके बाद उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीते।

एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में विनेश फोगाट ने साल 2013 कांस्य पदक जीता। साल 2014 में कांस्य, 2015 में रजत, 2016 में कांस्य, 2017 में रजत, 2018 में रजत, 2019 में कांस्य और 2021 में स्वर्ण पदक जीता था। इनके अलावा राष्ट्रमंडल खेल 2014 में स्वर्ण पदक, 2018 में स्वर्ण और 2022 में फिर स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेल 2014 में कांस्य, 2018 में स्वर्ण पदक जीता। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 2019 कांस्य पदक जीता और साल 2022 में भी कांस्य पदक जीता।

विनेश की शादी से जुड़े 4 अहम पॉइंट…

  • 17 साल की उम्र में राठी से प्यार हुआ: विनेश फोगाट मूल रूप से चरखी दादरी के गांव बलाली की रहने वाली हैं। विनेश फोगाट ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब वह 17 साल की थीं तब उन्हें पहली बार प्यार हुआ। उन्हें ये पता चला कि जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के बख्ता खेड़ा के रहने वाले पहलवान सोमवीर राठी उन्हें पसंद करते हैं। सोमवीर ने ही लव स्टोरी को आगे बढ़ाने की पहल की थी। विनेश बताती हैं कि सोमवीर ने अपने कुछ दोस्तों की मदद से मेरा मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। नंबर तो हासिल कर लिया, लेकिन वो गलत थे। यह नंबर मेरा नहीं बल्कि मेरी मां का था।
  • नौकरी के दौरान करीब आए : इसके बाद विनेश और सोमवीर को खेल कोटे से रेलवे में नौकरी मिल गई। जहां उनकी मुलाकात हुई। हालांकि, शुरू में दोनों की ज्यादा बात नहीं होती थी, लेकिन बाद में दोनों की दोस्ती आगे बढ़ने लगी। कुश्ती के प्यार के कारण दोनों एक-दूसरे के करीब आए और फिर इन दोनों के बीच प्यार के बाद डेटिंग शुरू हो गई।
  • राठी ने एयरपोर्ट पर विनेश को प्रपोज किया: साल 2018 में जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में विनेश ने गोल्ड मेडल जीता था। जब वह मेडल जीतकर भारत लौटीं तो दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर सोमवीर राठी ने उन्हें प्रपोज कर दिया और अंगूठी पहना दी। 2018 में ही दोनों की शादी भी हो गई। तब से ये दोनों एक साथ हैं। सोमवीर भी कुश्ती खिलाड़ी हैं। 2 बार नेशनल चैंपियन रह चुके हैं।

साल 2023 में कुश्ती संघ अध्यक्ष से विवाद बृजभूषण शरण सिंह पर 2023 में कई महिला पहलवानों, (जिसमें विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया भी शामिल थे) ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इन पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर महीनों तक धरना दिया और WFI के पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद दिल्ली पुलिस ने मई 2023 में बृजभूषण के खिलाफ दो FIR दर्ज की थीं। इनमें एक FIR यौन उत्पीड़न के आरोपों में और दूसरी एफआईआर पॉस्को एक्ट मामले में दर्ज की गई थी, क्योंकि एक शिकायतकर्ता नाबालिग थी। इस केस में दिल्ली पुलिस ने कैंसिलेशन रिपोर्ट दायर की हुई थी।

विवाद के बीच पहुंची पेरिस ओलिंपिक और फिर संन्यास

  • एक दिन में हराई तीन बॉक्सर: विनेश फोगाट ने 2024 में पेरिस ओलिंपिक में भाग लिया था। वहां विनेश ने 50 किग्रा वेट कैटेगरी में 6 अगस्त 2024 को एक ही दिन में 3 मैच खेले थे। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने टोक्यो ओलिंपिक की चैंपियन यूई सुसाकी को हरा दिया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने यूक्रेन और सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर को पटखनी दी। विनेश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बनी थीं।
  • फाइनल खेलने से पहले डिसक्वालीफाई: फाइनल खेलने से पहले वजन की जांच की गई तो उनका वजन ज्यादा निकला। उन्हें 15 मिनट मिले, लेकिन आखिरी बार वजन में भी वह 100 ग्राम अधिक निकलीं। इसके बाद उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया। विनेश फोगाट ने 8 अगस्त को कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।

विनेश फोगाट की यह तस्वीर उस वक्त की है, जब 2024 में ओलिंपिक से बाहर हो गई थी। इसके बाद वे बेहद निराश हो गई थीं।

राजनीति में उतरी, कांग्रेस से MLA बनीं पेरिस ओलिंपिक से लौटने के बाद विनेश फोगाट के समर्थन में दिल्ली एयरपोर्ट से उनके पैतृक गांव बलाली तक रोड शो निकाला गया। जहां सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा भी उनके साथ रहे। इसके बाद वह पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा से मिलीं। फिर विनेश की मुलाकात राहुल गांधी से हुई। इसके बाद विनेश ने पहलवान बजरंग पूनिया संग मिलकर कांग्रेस जॉइन कर ली। ​​​कांग्रेस ने विनेश को उनके ससुराल जींद के जुलाना से 2024 का चुनाव लड़वाया। यहां विनेश फोगाट ने भाजपा के योगेश बैरागी को 6015 वोटों से हरा दिया। विनेश फोगाट को 65,080 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे, भाजपा के कैप्टन योगेश बैरागी को 59,065 वोट मिल पाए थे।

विनेश फोगाट इसी साल जुलाई में मां बनी थीं।

अब 6 माह के बेटे की मां हैं विनेश…

  • प्रेग्नेंसी की इंस्टाग्राम पर की थी घोषणा: विनेश फोगाट ने 6 मार्च 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए की थी। उन्होंने पति सोमवीर राठी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था, “ऑवर लव स्टोरी कंटिन्यू विद न्यू चैप्टर (एक नए अध्याय के साथ हमारी प्रेम कहानी जारी है)।” पोस्ट में उन्होंने बच्चे के पैरों के निशान और प्यार का प्रतीक भी शेयर किया था।
  • 1 जुलाई को दिया बेटे को जन्म: हरियाणा की रेसलर और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने एक जुलाई 2025 को सुबह 9 बजे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। विनेश को एक दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनेश की शादी 7 साल पहले पहलवान सोमवीर राठी से हुई थी।

सोशल मीडिया पर संन्यास वापसी के लिए विनेश ने ये पोस्ट डाली।

कुश्ती संघ के ट्रॉयल से होगी वापसी हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर के अनुसार ट्रॉयल में विनेश फोगाट को हिस्सा लेना होगा। चरखी दादरी या जींद जिले की ट्रॉयल में मुकाबले के बाद विनेश को प्रदेश में खेलने का मौका मिलेगा। स्टेट चैंपियनशिप में जीत के बाद वे नेशनल में हिस्सा लेगी। वहां उनकी जीत ही उनके लिए भविष्य के दरवाजे खोलेगी।

************

ये खबर भी पढ़ें…

विनेश फोगाट ने ओलिंपिक 2028 के लिए संन्यास वापस लिया: कहा- आग कभी खत्म नहीं होती; पेरिस ओलिंपिक में 100g वजन बढ़ने से डिसक्वालिफाई हुई थीं

विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लेकर कुश्ती में लौटने का फैसला लिया है। वे 2028 में लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में हिस्सा लेना चाहती हैं। विनेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘खामोशी में मुझे कुछ ऐसा मिला जिसे मैं भूल गई थी। आग कभी खत्म नहीं होती।’ (पूरी खबर पढ़ें…)

Source link

Exit mobile version