- Hindi News
- Career
- Two Arrested In UP DElEd Paper Leak Case 6 Paper Leak In Last 5 Years In UP
3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
UP STF ने मंगलवार को DEl.Ed. एग्जाम का पेपर लीक करने वाले दो अपराधियों को अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों सगे भाई हैं और उनकी पहचान धर्मेंद्र कुमार और पुष्पेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
दरअसल, 2 नवंबर को उत्तर-प्रदेश पुलिस को एक स्क्रीनशॉट मिला था जिसमें पेपर लीक का दावा किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच की जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया से बेचते थे पेपर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से कई घंटे पूछताछ की। उनके पास से मिले मोबाइल और लैपटॉप की गहन जांच की गई जिसमें कई सोशल मीडिया ग्रुप मिले। इनमें सैकड़ों लोग जुड़े हुए हैं। इन्हीं ग्रुपों के जरिए पेपर लीक किए जाते थे।
आरोपियों के फोन से एक लाख रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड भी मिला। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि वे अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर उनसे और भी पैसे वसूलते थे। साइबर टीम मोबाइल डेटा की जांच कर रही है ताकि डिलीट की गई फाइलों को रिकवर किया जा सके।
आरोपी धर्मेंद्र एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक का काम करता है। उसमे अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ मिलकर नकली नाम से टेलीग्राम पर अकाउंट बनाया और इस तरह के पेपर लीक को अंजाम दिया।
UP में लगातार पेपर लीक, सरकार ने नहीं लिया सबक
साल 2021 – नवंबर 2021 में रविवार के दिन उत्तर प्रदेश टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट होना था लेकिन उसके पहले ही इसके पेपर लीक की खबरें आ गईं। इसके बाद दोनों शिफ्टों की परीक्षा कैंसिल कर दी गई थी।
UP के एजुकेशन मिनिस्टर ने ऐलान किया था कि यह परीक्षा एक महीने के अंदर दोबारा कराई जाएगा। इसके लिए कैंडिडेट्स को कोई अतिरिक्त फीस नहीं भरनी होगी।
STF ने इस मामले में 26 लोगों गिरफ्तार किया था जिसमें से 16 लोगों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था।
साल 2022 – 30 मार्च 2022 को UP बोर्ड 12वीं का अंग्रेजी का पेपर होना था लेकिन एग्जाम से पहले ही पेपर लीक हो गया। इसके बाद 24 जिलों में एग्जाम कैंसिल कर दिया गया।
साल 2024 – दिसंबर 2023 में उत्तर प्रदेश पुलिस में 67 हजार कॉन्स्टेबल की भर्ती निकली। भर्ती पांच साल बाद निकली थी इसलिए इसके लिए आयु सीमा में कैंडिडेट्स को पांच साल की छूट भी दी गई थी।
48 लाख कैंडिडेट्स ने इसका आवेदन भरा और फरवरी 2024 में इसका एग्जाम हुआ। यह पेपर भी लीक हो गया था जिसके बाद पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड को अप्रैल में गिरफ्तार किया गया।
साल 2024 – उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी UPPSC द्वारा आयोजित RO/ARO भर्ती परीक्षा का एग्जाम फरवरी 2024 में हुआ। इसका नोटिफिकेशन 2023 में जारी किया गया था।
इस एग्जाम के शुरू होने से पहले ही पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद इस एग्जाम को कैंसिल कर दिया गया था और यूपी STF को इसकी जांच सौंपी गई थी।
STF के बयान के मुताबिक, पेपर 11 फरवरी की सुबह प्रयागराज के एग्जाम सेंटर बिशप जॉन्सन गर्ल्स स्कूल एण्ड कॉलेज से लीक कराया गया था। इसके साथ ही जांच में ये शक हुआ कि पेपर एग्जाम सेंटर के अलावा कहीं और से भी लीक कराया गया हो सकता है।
इस पर प्रिंटिंग प्रेस के बारे में जानकारी ली तो पता चला पेपर भोपाल से छपवाया गया था।
साल 2025- 1 मार्च को यूपी बोर्ड का मैथ्स का पेपर था। इसी दिन एटा के चौधरी BL इंटर कॉलेज की सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर अंजु यादव ने सुबह क्वेश्चन पेपर ऑफिशियल एग्जामिनेशन वॉट्सऐप ग्रुप में डाल दिया। पेपर शुरू हुए एक घंटे के अंदर ही ऐसा हुआ। इसके बाद पेपर वॉट्सऐप ग्रुप से हटवाया और अंजु यादव के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की गई।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में 7 फर्जी परीक्षार्थियों को भी गिरफ्तार किया गया जिसमें एटा से तीन, मुरादाबाद में दो और आजमगढ़-कानपुर में एक-एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। नकल कराने के आरोप में एक कक्ष निरीक्षक तीन केंद्र व्यवस्थापक और 14 अन्य के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई। बोर्ड एग्जाम्स को लेकर अलग-अलग जिलों मे कुल 25 लोगों पर FIR दर्ज हो चुकी है।
पेपर लीक की वजह से स्टूडेंट ने किया था सुसाइड
बृजेश पाल ने फरवरी 2024 में यूपी पुलिस भर्ती का पेपर दिया था। ये उसका आखिरी अटेम्प्ट था। उसे उम्मीद थी कि इस बार नौकरी मिल जाएगी, मगर पेपर लीक हो गया। पेपर लीक की खबर ने जैसे बृजेश की आखिरी उम्मीद भी तोड़ दी। उसने अपने पिता से कहा, ‘पापा अब हमारा नहीं हो पाएगा पेपर लीक हो गया है। अब हमारा वक्त ही निकल गया है। अब कुछ नहीं हो सकता।’
रात करीब 10 बजे यूपी में कन्नौज के भूड़पूरवा गांव में 27 साल के बृजेश जेब से माचिस निकाली और अपनी डिग्री में आग लगा दी। इसके बाद बृजेश ने अपने कमरे में फांसी लगा ली।
दरअसल, बृजेश सात साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। इस बार उसका आखिरी अटेम्ट था, लेकिन यूपी पुलिस में सिपाही भर्ती का पेपर लीक हो गया और परीक्षा कैंसिल हो गई।
———————
ऐसी ही और खबरें पढ़ें…
जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के पहले भारतीय मूल के मेयर बने:फिल्ममेकर मीरा नायर के बेटे हैं, पॉलिटिक्स से पहले म्यूजिक में हाथ आजमाया; कंप्लीट प्रोफाइल
भारतीय मूल के डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क के मेयर का चुनाव जीत लिया है। वे न्यूयॉर्क टाउन के इतिहास में पहले मुस्लिम, भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
