गुवाहाटी43 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कोलकाता टेस्ट जीतने के बाद साउथ अफ्रीका के कोच शुकरी कोनराड ने कप्तान टेम्बा बावुमा को गले लगा लिया था।

मैं चाहता था कि हमारे लड़के भारत को घुटनों पर रेंगने को मजबूर कर दें
यह बयान भारत के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत के करीब पहुंच चुकी साउथ अफ्रीका की क्रिकेट टीम के कोच शुकरी कोनराड ने दिया है। इस समय साउथ अफ्रीका की टीम गुवाहाटी टेस्ट मैच जीतने के करीब पहुंच चुकी है। कोलकाता में पहला टेस्ट जीतने के बाद अफ्रीकी टीम गुवाहाटी में ऐतिहासिक कामयाबी से 8 विकेट दूर है।
साउथ अफ्रीका ने भारत को 549 रन का टारगेट दिया है। चौथे दिन की समाप्ति तक मैच की आखिरी पारी में भारत ने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के विकेट गंवा दिए हैं। रन महज 27 बने हैं। बुधवार को मैच का अंतिम दिन है और यहां से भारत की जीत लगभग असंभव है।
साउथ अफ्रीका 25 साल के बाद भारत में कोई टेस्ट सीरीज जीतने वाला है। इससे पहले साल 2000 में उसने भारत में दो मैचों की सीरीज 2-0 से जीती थी।

साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा अब तक अपनी कप्तानी में एक भी टेस्ट नहीं हारे हैं।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान का मुहावरा दोहराया पोस्ट मैच कॉन्फ्रेंस में अफ्रीकी कोच ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान टोनी ग्रेग के एक मुहावरे को दोहराते कहा- टोनी ग्रेग ने 1976 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले कहा था कि अगर वेस्टइंडीज यह सीरीज जीत जाता है तो वे घुटने के बल चलेंगे।
ग्रेग आश्वस्त थे कि इंग्लैंड ही सीरीज जीतेगी। लेकिन, तब वेस्टइंडीज ने सबको चौंकाते हुए पांच मैचों की सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की। इसके बाद ग्रेग फील्ड पर घुटनों के बल चले भी थे।
शाम के समय नई बॉल का फायदा उठाना चाहते थे कॉनराड बोले, हम चाहते थे कि हमें शाम के समय नई गेंद मिले, क्योंकि उस वक्त विकेट पर छाया पड़ती है और तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। इसलिए जल्दी डिक्लेयर नहीं करना था। साथ ही हम चाहते थे कि भारतीय फील्डर मैदान पर ज्यादा समय बिताएं, उन्हें थकाएं, ताकि आखिरी दिन उन्हें टिकना मुश्किल हो जाए।

यशस्वी जायसवाल के विकेट के बाद सेलिब्रेट करते साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी।
पिच अभी भी बल्लेबाजी के लिए अच्छी है कॉनराड ने माना कि पिच अब भी बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी है और उन्होंने उम्मीद की थी कि यह ज्यादा टूटेगी। उन्होंने कहा कि अगर वे पहले डिक्लेयर करते और भारत बच जाता तो कोई फायदा नहीं था। हम मानते हैं कि 2-0 की जीत 1-0 से कहीं बेहतर है, इसलिए हम पूरी ताकत से जीत के लिए उतरेंगे।
उन्होंने पिच में मौजूद अच्छी बाउंस और लगातार टर्न का भी जिक्र किया और भरोसा जताया कि मार्को यानसन और स्पिनर्स आखिरी दिन काम कर सकते हैं। यानसन ने पहली पारी में 6 विकेट लेकर भारत को बड़ा झटका दिया था।

साउथ अफ्रीका के पास टॉप स्पिनर्स साउथ अफ्रीका की स्पिन गेंदबाजी हाल ही में काफी मजबूत हुई है। पाकिस्तान दौरे पर सेनुरन मुथुसामी प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। वहीं भारत के खिलाफ चल रही सीरीज में साइमन हार्मर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं। टीम दो टेस्ट में तीन स्पिनर्स के साथ उतरी, जो उनके अप्रोच में बड़ा बदलाव दिखाता है।
इस पर कॉनराड ने कहा, पहली बार हमने अपनी रणनीति में स्पिन गेंदबाजों को इतना महत्व दिया है। हमारे पास क्वालिटी स्पिनर्स हैं। इसका फायदा सिर्फ हमें ही नहीं, बल्कि साउथ अफ्रीका के युवा स्पिनर्स को भी मिलेगा। अब उन्हें भी उम्मीद होगी कि वे भविष्य में प्रोटियाज़ टीम का हिस्सा बन सकते हैं।”
प्रोटियाज की मैच में मजबूत पकड़ साउथ अफ्रीका ने भारत को लगातार दबाव में रखा है। गुवाहाटी टेस्ट में उन्होंने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की, 489 रन बनाए और फिर भारत को 201 पर ऑलआउट कर दिया। फॉलो-ऑन देने के बजाय उन्होंने फिर बैटिंग करना चुना और भारत को कुल 229.4 ओवर तक मैदान पर रोके रखा।
चौथे दिन भारत दूसरी पारी में 27/2 पर था और जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है। आखिरी दिन 90 ओवर का खेल तय है, हालांकि पिछले दिनों की तरह रोशनी की समस्या आ सकती है।