स्पोर्ट्स डेस्क2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुस्तफिजुर रहमान एम एस धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी IPL खेल चुके हैं।
भारत और बांग्लादेश एक बार फिर क्रिकेट और राजनीति से जुड़े विवाद के केंद्र में आ गए हैं। इस बार मामला टी-20 वर्ल्ड कप और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़ा है। बांग्लादेश ने अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में अपने मैच भारत में खेलने से इनकार कर दिया है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC से औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि उसके मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। यह मांग तब सामने आई, जब बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को BCCI की सलाह के बाद उनकी IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया।
अमीनुल इस्लाम (बीच में) बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेजिडेंट हैं।
कोई हैरानी की बात नहीं- थरूर इस पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर लिखा, कोई हैरानी की बात नहीं। यह शर्मिंदगी हमने खुद मोल ली है।
रविवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आपात बैठक बुलाई, जिसके बाद बोर्ड ने कहा कि मौजूदा हालात में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम भारत जाकर टूर्नामेंट नहीं खेलेगी। बोर्ड का कहना है कि यह फैसला खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं और बांग्लादेश सरकार की सलाह के आधार पर लिया गया है।
विवाद तब और बढ़ गया, जब मुस्ताफिजुर रहमान को KKR से रिलीज किया गया। बताया गया कि भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के चलते BCCI ने फ्रेंचाइजी को ऐसा करने की सलाह दी थी।
शशि थरूर केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद हैं।
गुलामी के दिन खत्म हो चुके बांग्लादेश के युवा एवं खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने इस पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश अपने क्रिकेट और खिलाड़ियों का किसी भी तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने लिखा- गुलामी के दिन खत्म हो चुके हैं। जब एक कॉन्ट्रैक्टेड बांग्लादेशी खिलाड़ी भारत में नहीं खेल सकता, तो पूरी बांग्लादेशी टीम वर्ल्ड कप खेलने के लिए खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का ऑफिशियल स्टेटमेंट, जिसमें उन्होंने भारत में खेलने से मना किया है।
बांग्लादेश को कोलकाता में मैच खेलने थे टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होगा और इसकी मेजबानी भारत व श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। बांग्लादेश को अपने सभी चार ग्रुप मैच भारत में खेलने थे, जबकि पाकिस्तान अपने मुकाबले पहले से तय न्यूट्रल वेन्यू समझौते के तहत श्रीलंका में खेलेगा।
BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा कि खिलाड़ियों की गरिमा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगा।
मुस्तफिजुर को KKR ने खरीदा था मुस्तफिजुर को दिसंबर में हुए IPL ऑक्शन में KKR ने 9.20 करोड़ में खरीदा था। हालांकि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि हालिया परिस्थितियों को देखते हुए फ्रेंचाइजी को उन्हें रिलीज करने की सलाह दी गई हैं।
आसिफ नजरुल ने आगे सख्त कदम उठाने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने बांग्लादेश में IPL के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए सूचना एवं प्रसारण सलाहकार से बात की है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने बयान जारी कर कहा कि मुस्तफिजुर की रिलीज पूरी प्रक्रिया आपसी परामर्श के बाद की गई है।
रहमान को शाहरुख की फ्रेंचाइजी KKR ने पिछले महीने अबुधाबी में हुए IPL मिनी ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। वे IPL में बांग्लादेश के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।
भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब भारत-बांग्लादेश के राजनीतिक रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं। 2024 में हुए बड़े जनआंदोलन के बाद शेख हसीना सत्ता से हट गई थीं और अब बांग्लादेश में 12 फरवरी को चुनाव होने वाले हैं।