Newsleak

Ronaldo Vs Messi; Cristiano Ronaldo FIFA World Cup Goals Record

  • Hindi News
  • Sports
  • Ronaldo Vs Messi; Cristiano Ronaldo FIFA World Cup Goals Record | Portugal Vs Uzbekistan

ह्यूस्टन22 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगातार 6 फुटबॉल वर्ल्डकप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मंगलवार रात को उज्बेकिस्तान के खिलाफ छठे मिनट में गोल करके यह उपलब्धि हासिल की।

41 साल के रोनाल्डो 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप में भी गोल स्कोर कर चुके हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ा।

मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में गोल किए हैं। लेकिन, वे 2010 के एडिशन में गोल नहीं कर सके। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया।

खास बातें

  • रोनाल्डो और मेसी छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 में गोल किए हैं, जबकि रोनाल्डो ने अपने हर वर्ल्डकप में कम से कम एक गोल दागा है।
  • रोनाल्डो ने अपना पहला वर्ल्डकप गोल 2006 में 21 साल की उम्र में किया था। उनके नाम सबसे ज्यादा 143 इंटरनेशनल गोल हैं। रोनाल्डो 230वां इंटरनेशनल मैच खेल रहे थे।

रोनाल्डो की 4 फोटो…

गोल करने के बाद रोनाल्डो का ट्रेडमार्क ‘सियू’ सेलिब्रेशन।

जोआओ कैंसिलो के पास पर गोल करते हुए रोनाल्डो।

ह्यूस्टन स्टेडियम में फैंस का अभिवादन करते रोनाल्डो।

रोनाल्डो उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव से बॉल छीनते हुए।

रोनाल्डो ने मैच में 2 गोल दागे, पुर्तगाल के टॉप स्कोरर

रोनाल्डो ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसी के साथ वे पुर्तगाल के लिए वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा 10 गोल करने वाले प्लेयर भी बन गए। उन्होंने यूसेबियो के 9 गोल के रिकार्ड को पीछे छोड़ा।

मैच में रोनाल्डो के अलावा, नूनो मेंडेस (17वें मिनट) और राफेल लेओ (87वें मिनट) ने गोल किया। 59वें मिनट में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव से बॉल टकराकर गोल में चली गई। इसे ओन गोल माना गया। मौजूदा टूर्नामेंट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 2 गोल हो चुके हैं। वे पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ गोल नहीं कर सके थे।

क्रॉस पर मौका चूके रोनाल्डो, 2 मिनट बाद गोल

मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल अटैकिंग दिखा। चौथे मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर रोनाल्डो मौका चूक गए, लेकिन दो मिनट बाद उन्होंने गलती नहीं दोहराई। जोआओ कैंसिलो के लो क्रॉस पर रोनाल्डो ने शानदार राइट-फुटेड शॉट लगाकर गेंद को नेट में पहुंचाया। इसी गोल के साथ वह 6 वर्ल्डकप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

नूनो मेंडेस ने बढ़त दोगुनी की

14वें मिनट में उज्बेकिस्तान के खामरोबेकोव ने पेड्रो नेटो को फाउल किया। यहां पुर्तगाल को फ्री-किक मिली। सभी को लगा कि रोनाल्डो शॉट लेंगे, लेकिन उन्होंने गेंद छोड़ दी और नूनो मेंडेस ने 17वें मिनट में शानदार लो शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया।

नूनो मेंडेस गोल करने के बाद।

रीव्यू से छीना उज्बेकिस्तान का गोल

29वें मिनट में उज्बेकिस्तान के अजीज गानिएव ने दूर से शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया था। हालांकि, रिव्यू में पुर्तगाल के जोआओ कैंसिलो पर फाउल पाया गया और गोल नहीं दिया गया।

हाफ टाइम तक पुर्तगाल 3-0 से आगे

38वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस ने मिडफील्ड से बेहतरीन थ्रू बॉल दी। रोनाल्डो डिफेंस से निकलते हुए आगे बढ़े और गेंद को पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। इस गोल ने पुर्तगाल को हाफ टाइम से पहले 3-0 की बढ़ पर ला दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा।

जीत के बाद कोच को गले लगाते हुए रोनाल्डो।

रोनाल्डो हैट्रिक से चूके

हाफ टाइम के बाद भी पुर्तगाल ने हमले जारी रखे। 57वें मिनट में रोनाल्डो ने फ्री-किक लिया, लेकिन नेमातोव ने शानदार बचाव किया। 59वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस के कॉर्नर पर जोआओ फेलिक्स ने बैक-हील फ्लिक किया, जो डिफेंडर अब्दुकोदिर खुसानोव से टकराकर गोलकीपर नेमातोव के दस्तानों से होते हुए नेट में चली गई। इसे ओन गोल माना गया और स्कोर 4-0 हो गया।

73वें मिनट में रोनाल्डो के पास हैट्रिक पूरी करने के दो मौके आए। पहले में उनका शॉट डिफ्लेक्ट होकर बाहर चला गया, फिर उन्होंने गोलकीपर पर दबाव बनाकर गेंद छीनी, लेकिन नेमातोव ने शानदार बचाव किया। इस तरह रोनाल्डो हैट्रिक करने से चूक गए।

राफेल लियाओ ने लगाई जीत पर मुहर

83वें मिनट में मैदान पर आए राफेल लियाओ ने 87वें मिनट में पुर्तगाल का 5वां गोल दाग दिया। नेल्सन सेमेडो के कट-बैक पर रोनाल्डो गेंद तक नहीं पहुंच सके, लेकिन पीछे खड़े लियाओ ने दमदार शॉट लगाकर गेंद को टॉप कॉर्नर में भेज दिया। इसके साथ ही पुर्तगाल ने मुकाबला 5-0 से अपने नाम कर लिया।

राफेल लियाओ गोल करने के बाद सेलिब्रेट करते हुए।

पुर्तगाल की पहली जीत, कोलंबिया नॉकआउट में पहुंची

पुर्तगाल ने इस वर्ल्ड कप में पहली जीत हासिल की है। उसने अपने पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। टीम ग्रुप-के की पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। पुर्तगाल के खाते में 4 अंक हैं। दूसरी ओर उज्बेकिस्तान इस हार से नॉकआउट की रेस से बाहर हो चुकी है।

इस ग्रुप से कोलंबिया ने नॉकआउट में प्रवेश कर लिया है। उसने डीआर कांगो को 1-0 से हराया। कोलंबिया के पास लगातार दो जीत के बाद 6 अंक हैं। डीआर कांगो एक ड्रॉ के साथ तीसरे स्थान पर है।

——————————– वर्ल्डकप से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…

मेसी वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बने

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फुटबॉल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मेसी ने पहले अपना 17वां गोल दागकर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजा (16 गोल) का रिकॉर्ड तोड़ा और फिर मैच के आखिरी में एक और गोल कर इसे 18 तक पहुंचा दिया। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…

Source link

Exit mobile version