27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत न्यूजीलैंड-A के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट में नहीं खेलेंगे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले ट्रेनिंग शुरू कर दी है, लेकिन 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में होने वाले मुकाबले से बाहर रहेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंत ईरानी कप फाइनल के दौरान लगी चोट से उबर रहे हैं। रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से खेलते समय उनकी बाईं तरफ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इसी वजह से वे न्यूजीलैंड-A के खिलाफ शुरुआती दो अनऑफिशियल टेस्ट भी नहीं खेल सके।
माना जा रहा था कि पंत तीसरे मैच में उतरकर सीनियर टीम की टेस्ट सीरीज से पहले मैच प्रैक्टिस हासिल कर सकते हैं। हालांकि, अब यह साफ हो गया है कि वे इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे।
ऋषभ पंत को ईरानी कप में चोट लगी थी।
लिंकन में 7 से 10 नवंबर तक खेला जाएगा तीसरा टेस्ट
भारत-A और न्यूजीलैंड-A के बीच तीन मैचों की सीरीज का आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाएगा। पंत की गैरमौजूदगी में भारत-A की टीम अपने मौजूदा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेगी।
19 नवंबर से वेलिंगटन टेस्ट में खेलने पर सस्पेंस
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसका पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा। पंत के तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट से बाहर रहने के बाद अब उनके सीधे पहले टेस्ट में खेलने पर सवाल उठ रहे हैं।
टीम मैनेजमेंट के सामने पंत को सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल करने या ध्रुव जुरेल को विशेषज्ञ विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में मौका देने का विकल्प होगा।
ध्रुव जुरेल ने शतक लगाकर मजबूत की दावेदारी
ध्रुव जुरेल ने न्यूजीलैंड-A के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत की है।
अगर पंत पहले टेस्ट तक पूरी तरह मैच फिट नहीं होते हैं, तो जुरेल को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। हालांकि, अंतिम फैसला पंत की फिटनेस और टीम मैनेजमेंट के आकलन पर निर्भर करेगा।
साइड स्ट्रेन से उबर रहे हैं पंत
पंत अक्टूबर के पहले सप्ताह में ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे। उस मैच में वह रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी कर रहे थे और उनकी टीम ने जम्मू-कश्मीर को हराकर खिताब जीता था। साइड स्ट्रेन यानी शरीर के किनारे की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पंत दिल्ली की ओर से रणजी ट्रॉफी का शुरुआती मैच और न्यूजीलैंड A के खिलाफ पहले दो अनौपचारिक टेस्ट नहीं खेल पाए।
पंत ने अब हल्की ट्रेनिंग और बल्लेबाजी अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन विकेटकीपिंग का अभ्यास अभी शुरू नहीं किया है। यही कारण है कि उनकी उपलब्धता पर मेडिकल टीम की मंजूरी जरूरी है। बल्लेबाजी के लिए तैयार होना और विकेटकीपिंग के दौरान लगातार झुकना, उठना तथा तेजी से मूव करना दो अलग तरह की शारीरिक चुनौतियां हैं। इसलिए केवल नेट्स में बल्लेबाजी करने के आधार पर उन्हें पूरी तरह फिट नहीं माना जा सकता।
—————————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़े…
इंडिया ए ने पहली पारी में 346 रन बनाए:न्यूजीलैंड ए के खिलाफ जुरेल का शतक, आकाशदीप ने फिफ्टी लगाई
इंडिया ए ने क्राइस्टचर्च में चल रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहली पारी में 346 रन बनाए।
कप्तान ध्रुव जुरेल ने 171 गेंद पर 105 रन की पारी खेली। जुरेल ने 4 घंटे 7 मिनट बल्लेबाजी की। ध्रुव की पारी में 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। पूरी खबर