स्पोर्ट्स डेस्क56 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
क्रिकेट की दुनिया का पुराना स्ट्रक्चर बदल रहा है। अब वो दौर गया जब बड़ी टीमें एसोसिएट देशों को नेट प्रैक्टिस समझकर मैदान पर उतरती थीं। टी-20 वर्ल्ड कप के शुरुआती 3 दिनों ने यह साबित कर दिया है कि क्रिकेट के ‘एलीट क्लब’ में अब खौफ का माहौल है।
नेपाल ने इंग्लैंड के पसीने छुड़ा दिए, नीदरलैंड ने पाकिस्तान की धड़कनें बढ़ा दीं और अमेरिका ने तो टीम इंडिया तक को चुनौती दे डाली। आज एक बार फिर अमेरिका का सामना पाकिस्तान से है, और यकीन मानिए, दबाव पाकिस्तान पर ज्यादा होगा।
1. नेपाल ने इंग्लैंड को डराया
फीस कम, हौसले बुलंद
जब नेपाल की टीम 2022 की वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड के सामने उतरी, तो किसी ने नहीं सोचा था कि मुकाबला आखिरी ओवर तक जाएगा। दुनिया की सबसे महंगी लीग खेलने वाले इंग्लिश खिलाड़ियों के सामने नेपाल के वे खिलाड़ी थे, जिनकी मैच फीस इंग्लैंड के खिलाड़ियों के एक दिन के नाश्ते के बराबर भी नहीं है।
नेपाली प्लेयर्स को एक टी-20 मैच के महज 3500 रुपए मिलते हैं, वहीं इंग्लिश प्लेयर्स एक टी-20 खेलकर 4.50 लाख रुपए कमाते हैं। इतना ही नहीं, नेपाल में एनुअल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल टॉप प्लेयर को एक साल के 7.50 लाख रुपए ही मिलते हैं। इससे ज्यादा तो इंग्लिश प्लेयर्स 2 टी-20 खेलकर कमा लेते हैं।
- जज्बे की जीत: नेपाल के स्पिनर्स ने इंग्लैंड के मिडिल ऑर्डर बैटर्स को अपनी उंगलियों पर नचाया। रन स्कोरिंग को रोके रखा और वानखेड़े स्टेडियम की बैटिंग पिच पर भी 200 रन नहीं बनाने दिए। इंग्लैंड ने 184 रन बनाए, जवाब में नेपाल 180 तक पहुंचा, लेकिन मैच नहीं जीत सका।
2. पाकिस्तान को हराने के करीब पहुंचा नीदरलैंड: अब ये ‘उलटफेर’ नहीं
नीदरलैंड को अब ‘छोटा’ कहना बंद करना होगा। यह वही टीम है जिसने 2022 के वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका और 2009 में इंग्लैंड को हराया था। पाकिस्तान के खिलाफ मौजूदा वर्ल्ड कप के ओपनिंग मैच में भी टीम ऐसे ही कारनामे के करीब पहुंच गई थी।
कोलंबो में पहले बैटिंग करते हुए नीदरलैंड ने 147 रन बनाए। पाकिस्तान ने एक समय 98 रन पर 2 ही विकेट गंवाए थे, लेकिन नीदरलैंड ने कमबैक किया और स्कोर 100/5 कर दिया। आखिरी ओवरों में टीम से फहीम अशरफ का कैच छूट गया, जिन्होंने 3 छक्के लगाकर 20वें ओवर में पाकिस्तान को 3 विकेट से करीबी जीत दिला दी।
- रणनीति में माहिर: नीदरलैंड अब तुक्के से नहीं, बल्कि डेटा और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर मैच जीतती है। पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम ने पिच के हिसाब से स्लोअर बॉल और स्पिनर्स का बेहतरीन इस्तेमाल किया। जिसने पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाया।
नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 37 रन बनाकर टीम को 150 के करीब पहुंचाया था।
3. अमेरिका ने ‘होम टीम’ इंडिया को चौंकाया: पाकिस्तान को हरा चुके
अमेरिका (USA) इस समय वर्ल्ड क्रिकेट का नया ‘जायंट किलर’ बनकर उभर रहा है। टीम ने 2024 में पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर उन्हें ग्रुप स्टेज से ही बाहर कर दिया था। फिर सुपर-8 में एंट्री की और 2026 के ICC टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर लिया।
भारत के खिलाफ ओपनिंग मुकाबले में टीम ने बेहतरीन फील्ड प्लेसमेंट और स्ट्रैटजी अपनाकर पावरप्ले में ही 4 विकेट गिरा दिए। मीडियम पेसर शैडली वान शाल्कविक ने 4 विकेट लिए और भारतीय बैटिंग को तेजी से रन नहीं बनाने दिए। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फिफ्टी लगाकर भारत को किसी तरह 160 के पार पहुंचाया। जिस कारण टीम 29 रन से मुकाबला जीत सकी।
- बेहतरीन फील्ड प्लेसमेंट: भारत के खिलाफ अमेरिका ने अभिषेक शर्मा को पावरप्ले में ही एक्स्ट्रा कवर्स पोजिशन पर कैच कराया। आमतौर पर पावरप्ले में यह फील्डर बाउंड्री पर नहीं रहता, लेकिन अमेरिका ने स्ट्रैटजी बनाकर बॉलिंग की और विकेट निकाला।
अमेरिका ने पावरप्ले में ही भारत के 4 विकेट गिरा दिए थे।
एसोसिएट देश इतना अच्छा कैसे खेल रहे हैं?
- मैचों की बढ़ती संख्या: पहले एसोसिएट टीमों को साल में 2-3 मैच ही मिलते थे, अब ICC के नए कैलेंडर और लीग क्रिकेट (जैसे MLC और ILT20) की वजह से ये खिलाड़ी साल भर क्रिकेट खेलने लगे हैं। सालभर एसोसिएट टीमों की सीरीज और क्वालिफायर टूर्नामेंट होते हैं, जिनसे प्लेयर्स का अनुभव लगातार बढ़ता जा रहा है।
- एक्सपीरियंस प्लेयर्स की भरमार: अमेरिका और कनाडा जैसी टीमों में भारत, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के पूर्व घरेलू खिलाड़ी खेल रहे हैं, जिन्हें बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव है।
- कोचिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर: अब इन टीमों के पास दुनिया के बेहतरीन कोच और एनालिस्ट मौजूद हैं, जो स्ट्रैटजी और प्लानिंग से टीमों को मजबूती दे रहे हैं। नेपाल के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद साउथ अफ्रीका के दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन मैनेजमेंट में शामिल होने की पेशकश कर चुके हैं।
- टी-20 फॉर्मेट: टी-20 क्रिकेट का सबसे छोटा फॉर्मेट है। मैच पलटने के लिए 2-3 ओवर के अच्छे खेल की जरूरत ही रहती है। नेपाल और नीदरलैंड ने वर्ल्ड कप के शुरुआती दिनों में कुछ ऐसा ही कर दिखाया।
- निडर रवैया: एसोसिएट टीमों के पास खोने के लिए कुछ नहीं होता, इसलिए वे बिना किसी डर के खेलती हैं। जबकि बड़े देशों पर अपनी इमेज बचाने का भारी दबाव रहता है।
अच्छा खेल रहे, लेकिन जीत क्यों नहीं पा रहे?
नेपाल, नीदरलैंड और अमेरिका ने खेल तो दिल जीतने वाला दिखाया, लेकिन फिनिशिंग लाइन पार करने में चूक गए। इसके पीछे ‘प्रेशर हैंडलिंग’ मुख्य वजह है।
- अनुभव की कमी: आखिर के 2 ओवरों में जब गेम हाथ से निकलता है, तब भारत, ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीमें अपने अनुभव का इस्तेमाल कर दूसरी टीमों पर प्रेशर बढ़ा देती हैं। एसोसिएट टीमें ज्यादातर मैच बराबरी की टीमों के खिलाफ ही खेलती हैं, इसलिए उनके पास प्रेशर सिचुएशन के लिए टॉप टीमों जैसा अनुभव नहीं आ पाता।
- बेंच स्ट्रेंथ: एसोसिएट टीमों के पास 11 खिलाड़ी तो अच्छे हैं, लेकिन अगर कोई चोटिल हो जाए तो उनके पास रिप्लेसमेंट में क्वालिटी प्लेयर नहीं होते। इसलिए कई बार प्लेइंग-11 में अनुभवहीन प्लेयर्स को शामिल करना पड़ता है।
यूरोपियन देश इटली ने पहली बार ICC टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया।
आज साख बचाने उतरेगा पाकिस्तान
वर्ल्ड कप में आज शाम 7 बजे से पाकिस्तान और अमेरिका के बीच ग्रुप-ए का मैच खेला जाएगा। पाकिस्तान ने जहां नीदरलैंड के खिलाफ करीबी मैच जीता, वहीं अमेरिका को भारत के खिलाफ 29 रन की हार मिली। अमेरिका ने पिछले वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराया था, अगर टीम इस बार भी उन्हें हराती है तो पाकिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने के चांस कम हो जाएंगे।
___________________
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
T20 वर्ल्डकप 2026 आज NED Vs NAM:पाकिस्तान से हार के बाद कमबैक करना चाहेगी नीदरलैंड; नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को हराया था
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में नामीबिया अपना अभियान मंगलवार से शुरू करेगी। उसका सामना नीदरलैंड्स से दिल्ली के अरुण जेटली स्टडियम में होगा। ग्रुप-A में भारत, पाकिस्तान और अमेरिका पहले से मौजूद हैं। यहां सिर्फ टॉप-2 टीमों को सुपर-8 में जगह मिलेगी। ऐसे में इस मुकाबले में हार किसी भी टीम को लगभग टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है। पूरी खबर
T20 वर्ल्डकप 2026 न्यूजीलैंड vs UAE, चेन्नई में 11वां मुकाबला आज:चेपॉक की स्पिन पिच पर न्यूजीलैंड-UAE की असली परीक्षा
टी-20 वर्ल्ड कप का 11वां मैच आज न्यूजीलैंड और UAE के बीच खेला जाएगा। मुकाबला चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। टॉस दोपहर 2:30 बजे किया जाएगा। पूरी खबर
T20 वर्ल्डकप 2026 पाकिस्तान आज अमेरिका से भिड़ेगा:पिछले वर्ल्ड कप में PAK को हराकर ही सुपर-8 में पहुंचा था USA; पॉसिबल प्लेइंग-11
टी-20 वर्ल्ड कप का 12वां मैच आज पाकिस्तान और अमेरिका के बीच कोलंबो के SSC स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जिसका टॉस 6.30 बजे होना है। पूरी खबर
