1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी को राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का कोचिंग कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है। वे 2027 में होने वाली एशेज सीरीज और वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी में टीम की मदद करेंगे।
इसके अलावा 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की टी-20 रणनीति तैयार करने में भी उनकी अहम भूमिका होगी।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से शुरू होगी जिम्मेदारी
हसी की नई जिम्मेदारी इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी-20 सीरीज से शुरू होगी। इसके बाद वे न्यूजीलैंड के खिलाफ पर्थ में होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी में भी टीम की मदद करेंगे। इस दौरान वे मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के साथ काम करेंगे।
हसी इससे पहले भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ कुछ समय के लिए बैटिंग कंसल्टेंट की भूमिका निभा चुके हैं। हालांकि, कमेंट्री और अन्य क्रिकेट जिम्मेदारियों के कारण वे लंबे समय तक टीम के साथ नहीं जुड़ पाए थे।
इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने का ऑफर ठुकराया था
इस साल न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्होंने अपने पुराने साथी माइकल हसी को इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था।
हालांकि, हसी ने यह ऑफर ठुकरा दिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ काम करने को प्राथमिकता दी। वे इससे पहले भी पर्थ टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर जुड़ चुके हैं।
IPL और द हंड्रेड में कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं हसी
माइकल हसी की कमेंट्री और दुनिया भर की टी-20 लीग में कोचिंग की जिम्मेदारियों के कारण वे अब तक ऑस्ट्रेलियाई टीम को ज्यादा समय नहीं दे पा रहे थे।
वे IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बैटिंग कोच हैं। इसके अलावा इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में वेल्श फायर के हेड कोच की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
हसी 2022 में इंग्लैंड की टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कोचिंग ग्रुप का हिस्सा भी थे। उस समय मैथ्यू मोट टीम के हेड कोच थे।
हसी बोले- ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए योगदान देने को उत्साहित हूं
नई जिम्मेदारी मिलने पर माइकल हसी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, “आने वाले सालों में ज्यादा औपचारिक और अहम भूमिका में ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। इस टीम ने हाल के समय में काफी कुछ हासिल किया है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय में मैं खिलाड़ियों और कोचिंग ग्रुप के लिए योगदान दे सकूंगा।”
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी हसी की नियुक्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “माइक हमारे कोचिंग स्टाफ के बेहद सम्मानित सदस्य रहे हैं। अलग-अलग फॉर्मेट, लीग और देशों में खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव टीम के लिए बहुत उपयोगी होगा। एक व्यक्ति और मेंटर के तौर पर भी उनके गुण टीम के काम आएंगे।”
2028 ओलंपिक और टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी पर भी फोकस
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नेशनल टीम्स हेड बेन ओलिवर के मुताबिक, हसी की अहम जिम्मेदारी टी-20 फॉर्मेट की तैयारी में मदद करना होगी। अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट क्रिकेट शेड्यूल काफी व्यस्त है। ऐसे में हसी टीम मैनेजमेंट, कोच और चयनकर्ताओं के साथ मिलकर टी-20 की रणनीति तैयार करेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड को आराम दिया जाएगा। उनकी जगह असिस्टेंट कोच आंद्रे बोरोवेक टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। हसी भी उनके साथ काम करेंगे। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की युवा टीम खेलेगी।
बेन ओलिवर ने कहा कि हसी टीम के साथ सीधे काम नहीं करने के दौरान भी 2028 के टी-20 टूर्नामेंट्स की योजना और तैयारी में जुड़े रहेंगे। ऑस्ट्रेलिया की नजर लॉस एंजिलिस ओलंपिक और टी-20 वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन पर है।
——————————————
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
क्रिस लिन की सजा 3 महीने से घटकर 1 महीना:कोकीन इस्तेमाल के कारण लगा था बैन; रिहैब पूरा करने पर मिली राहत, अब प्रतिबंध खत्म
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर क्रिस लिन की कोकीन इस्तेमाल के मामले में सजा 3 महीने से घटाकर 1 महीना कर दी गई है। इंग्लैंड के क्रिकेट रेगुलेटर ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। 36 साल के लिन को 18 जुलाई को इंग्लैंड में T20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दौरान हुए एंटी-डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। उस समय वे नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेल रहे थे। पूरी खबर