स्पोर्ट्स डेस्क43 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अंगकृष रघुवंशी कैच लेने की कोशिश में बॉलर वरुण चक्रवर्ती से टकरा गए थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। रघुवंशी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 मई को खेले गए मैच के दौरान कन्कशन और बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर हुआ था।
यह चोट ऐसे समय में आई है, जब कोलकाता को प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना आखिरी मैच हर हाल में जीतना जरूरी है। टीम को इसके साथ दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। कोलकाता और दिल्ली के बीच मुकाबला रविवार को ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।
प्रैक्टिस के समय रघुवंशी ने हाथ में प्लास्टर लगाया हुआ था।
मुंबई के खिलाफ चोट लगी
रघुवंशी मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में विकेटकीपिंग कर रहे थे। मुंबई की पारी के 11वें ओवर में तिलक वर्मा का कैच पकड़ने की कोशिश के दौरान उनकी टक्कर वरुण चक्रवर्ती से हो गई। दोनों खिलाड़ी गिर पड़े और चक्रवर्ती कैच नहीं पकड़ सके।
इसके बाद 14वें ओवर में तिलक वर्मा आउट हुए। उसी के तुरंत बाद रघुवंशी मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह तेजस्वी दहिया सब्स्टीट्यूट विकेटकीपर के तौर पर मैदान पर आए।
रघुवंशी मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गए थे।
कन्कशन के चलते मैच से बाहर हुए
रघुवंशी को कन्कशन के चलते मैच से बाहर कर दिया गया। तेजस्वी दहिया ने ही प्लेइंग-XII में उनकी जगह ली। इसके बाद कोलकाता ने मुकाबला चार विकेट से जीत लिया।
21 साल के अंगकृष रघुवंशी IPL 2026 में कोलकाता के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने अब तक 422 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.2 और स्ट्राइक रेट 146.52 रहा। इस सीजन में उन्होंने पांच अर्धशतक भी लगाए हैं।
क्या होता है कन्कशन
क्रिकेट में कन्कशन का मतलब सिर या गर्दन पर गेंद लगने के कारण सिर में लगने वाली चोट से है। जब किसी खिलाड़ी के सिर पर गंभीर चोट लगती है, जिससे उसका दिमाग ठीक से काम नहीं कर पाता या उसे चक्कर और उलझन महसूस होती है, तो उसे मेडिकल भाषा में कन्कशन कहा जाता है।]
क्रिकेट में कन्कशन नियम को ICC ने 2019 में इसलिए लागू किया गया था ताकि चोटिल खिलाड़ी को जोखिम में डालकर खेलने के लिए मजबूर न किया जाए। यदि किसी बल्लेबाज या फील्डर के सिर पर गेंद लगती है, तो टीम का फिजियो मैदान पर आकर उसका कन्कशन टेस्ट करता है (जैसे- तारीख, जगह या खिलाड़ी का नाम पूछना)।
यदि खिलाड़ी सिर की चोट या चक्कर के कारण आगे खेलने की स्थिति में नहीं होता है, तो उसे मैच से बाहर कर दिया जाता है। घायल खिलाड़ी की जगह मैच रेफरी की मंजूरी से कन्कशन सब्स्टीट्यूट (नया खिलाड़ी) टीम में शामिल किया जाता है।
नियम के अनुसार, जो नया खिलाड़ी अंदर आता है, वह चोटिल खिलाड़ी के बिल्कुल समान (जैसे- बल्लेबाज की जगह बल्लेबाज या गेंदबाज की जगह गेंदबाज) होना चाहिए, ताकि टीम का संतुलन न बिगड़े।