वडोदरा20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पंत वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन में शामिल हुए थे।
टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया है। इसकी जानकारी BCCI ने रविवार को दी।
शनिवार शाम अभ्यास सत्र के दौरान पंत थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक गेंद उनके पेट की दाहिनी तरफ जा लगी। गेंद लगते ही पंत दर्द में जमीन पर बैठ गए। इसके बाद टीम का सपोर्ट स्टाफ और मेडिकल टीम उन्हें मैदान से बाहर ले गई। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि पंत की दाहिनी पसली में खिंचाव आ गया है, जिस वजह से उन्हें आराम की जरूरत है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह इस मैदान पर पहला मेंस इंटरनेशनल मैच होगा। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट में और तीसरा वनडे 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ अपडेटेड वनडे स्क्वॉड शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।
पंत की प्रैक्टिस सेशन की तस्वीरें…
अगस्त 2024 में खेला था 50 ओवर का मैच
पंत पिछले दो साल से भारत की वनडे टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उन्होंने आखिरी बार 50 ओवर फॉर्मेट का मैच अगस्त 2024 में श्रीलंका दौरे के समय खेला था। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले पंत को टीम से बाहर किए जाने की अटकलें तेज थीं, लेकिन अजीत अगरकर की अगुआई वाली सिलेक्शन कमेटी ने उन्हें टीम में बरकरार रखा।
2025 में भी चोट के कारण टीम से बाहर हुए
- भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज: जुलाई 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट के पहले दिन पंत को चोट लगी थी। उनके दाहिने पैर की अंगुली में फ्रैक्चर था। डॉक्टर्स ने पंत को कम से कम छह हफ्ते आराम करने को कहा था।
- एशिया कप 2025: पैर की चोट के कारण सितंबर में खेले एशिया कप से भी ऋषभ पंत बाहर रहे। उन्हें टीम में नहीं चुना गया था। अक्टूबर में वेस्टइंडीज से खेले गए 2 टेस्ट के लिए भी पंत को टीम में नहीं रखा गया था।
जुरेल ने अब तक वनडे नहीं खेला ध्रुव जुरेल ने भारत के लिए अपना इंटरनेशनल करियर साल 2024 में शुरू किया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में डेब्यू किया और अपने पहले ही मौके पर शानदार प्रदर्शन किया। घरेलू क्रिकेट और IPL में लगातार अच्छे खेल के दम पर उन्होंने इंटरनेशनल टीम में जगह बनाई और अब उन्हें वनडे टीम में भी मौका मिला है।
————————–
ये खबर भी पढ़ें…
2026 में भारत का पहला वनडे न्यूजीलैंड से: कोहली 28 हजार रन के करीब, क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं रोहित
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे आज वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा और टॉस 1:00 बजे होगा। भारत में दोनों टीमों के बीच 7 वनडे सीरीज खेली गईं, सभी होम टीम ने ही जीतीं। पढ़ें पूरी खबर…