गुवाहाटी5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मार्को यानसन ने 91 बॉल पर 93 रन की पारी खेली। 6 चौके और 7 सिक्स भी लगाए।
भारत के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट की पहली पारी में साउथ अफ्रीका ने 489 रन बनाए। सेनुरन मुथुसामी ने अपने करियर का पहला टेस्ट शतक लगाया, जबकि मार्को यानसन 93 रन बनाकर आउट हुए। दिन के अंत तक भारत ने बिना विकेट खोए 9 रन बना लिए हैं।
बरसापारा स्टेडियम में मार्को यानसन ने 7 छक्के लगाए। इसके साथ ही वे भारत के खिलाफ एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने के मामले में शाहिद अफरीदी (7 छक्के, 2006 लाहौर टेस्ट) की बराबरी पर पहुंच गए।
मुथुसामी भी इतिहास रचने में पीछे नहीं रहे। वे नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले तीसरे साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी बने। उनसे पहले क्विंटन डिकॉक और लांस क्लूजनर ऐसा कर चुके हैं। दूसरे दिन के टॉप मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स…
रिकॉर्ड्स…
1. मुथुसामी डी कॉक-क्लूजनर के क्लब में शामिल सेनुरन मुथुसामी भारत के खिलाफ नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले तीसरे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले क्विंटन डी कॉक ने 2019 में विशाखापट्टनम टेस्ट में 111 रन बनाए थे, जबकि लांस क्लूजनर ने 1997 में केपटाउन टेस्ट में नाबाद 102 रन की पारी खेली थी।

2. मुथुसामी ने एशियाई पिचों पर तीसरा 50+ स्कोर बनाया सेनुरन मुथुसामी ने एशियाई पिचों पर अपना तीसरा 50+ स्कोर बनाया। इसी के साथ वे भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश तीनों के खिलाफ टेस्ट में 50+ रन बनाने वाले साउथ अफ्रीका के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले ग्रीम स्मिथ, मार्क बाउचर और टेम्बा बावुमा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

3. यानसन ने शाहीद अफरीदी की बराबरी की मार्को यानसन ने साउथ अफ्रीका की ओर से टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में एबी डिविलियर्स और क्विंटन डिकॉक की बराबरी कर ली है। अब तीनों के नाम एक पारी में 7-7 छक्के दर्ज हैं।
यानसन के 7 छक्के भारत के खिलाफ भी संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले शाहिद अफरीदी ने 2006 के लाहौर टेस्ट में इतने ही सिक्स लगाए थे।
यानसन टेस्ट क्रिकेट में नंबर 9 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। उनसे ज्यादा छक्के सिर्फ न्यूजीलैंड के टिम साउदी (9 छक्के) ने अपने डेब्यू मैच में 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ नेपियर में लगाए थे।

4. नर्वस नाइंटीज में आउट होने वाले यानसन 11वें खिलाड़ी मार्को यानसन टेस्ट क्रिकेट में नंबर-9 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 90 और 100 के बीच आउट होने वाले 11वें खिलाड़ी बन गए हैं। वे ऐसा करने वाले साउथ अफ्रीका के पहले बल्लेबाज़ हैं। भारत के खिलाफ यह दूसरी बार हुआ है। इससे पहले 2013 के मोहाली टेस्ट में मिचेल स्टार्क 99 रन पर आउट हुए थे।

मोमेंट्स…
1. पंत को अंपायर की चेतावनी भारत के कप्तान ऋषभ पंत को ओवरों के बीच जरूरत से ज्यादा समय लेने पर अंपायर रिचर्ड केटलब्रो ने चेतावनी दी। यह उनकी पारी की दूसरी चेतावनी थी। नियमों के मुताबिक, अगर पंत से ऐसी गलती एक बार और होती तो भारत पर 5 रन की पेनल्टी लग सकती थी। इसी वजह से अंपायर उन्हें लगातार खेल की रफ्तार बढ़ाने की याद दिलाते दिखे।
उधर, कमेंटेटर दीप दासगुप्ता ने ऑन-एयर कहा कि भारत को पहली चेतावनी 45वें ओवर में मिली थी और नियम के अनुसार 80वें ओवर के बाद चेतावनी रीसेट हो जाती है। ऐसे में यह चेतावनी तकनीकी रूप से पंत की पहली ही मानी जानी चाहिए।

ऋषभ पंत केएल राहुल से बात करते हुए।
2. रिव्यू में बचे मुथुसामी 105वें ओवर में जडेजा की गेंद पर मुथुसामी के खिलाफ जोरदार LBW की अपील हुई और ऑन-फील्ड अंपायर रॉड टकर ने आउट करार दिया। मुथुसामी ने तुरंत रिव्यू लिया। 92 किमी/घंटा की रफ्तार से आई गेंद लेंथ से स्पिन होकर नीचे झुकते हुए स्वीप खेल रहे मुथुसामी के फ्रंट पैड पर लगी। गेंद के ग्लव के पास आते ही अल्ट्राएज पर हल्की आवाज आई।
टीवी अंपायर क्रिस गैफनी ने कहा कि गेंद ग्लव को लगी है। इसके बाद ऑन-फील्ड फैसला बदल दिया गया। बड़ी स्क्रीन पर फैसला आते ही मुथुसामी को समझ आ गया कि गेंद उनके ग्लव से छूकर गई थी। उनका रिव्यू सफल रहा।

सेनुरन मुथुसामी 109 रन बनाकर आउट हुए।
3. पंत की स्टंपिंग से वेरिने आउट भारत को ऋषभ पंत की स्टंपिंग से विकेट मिला। 121वें ओवर की तीसरी बॉल पर जैसे ही जडेजा ने देखा कि वेरिने क्रीज से बाहर निकल रहे हैं। उन्होंने गेंद को दूर स्पिन कराया। गेंद बल्लेबाज के पास से सीधे ऋषभ पंत के ग्लव्स में गई और पंत ने फुर्ती दिखाते हुए स्टंपिंग कर दी।
अंपायर ने यह जांचने के लिए थर्ड अंपायर की मदद ली कि क्या पंत ने गेंद स्टंप के पीछे ही पकड़ी थी। रिप्ले में सब ठीक पाया गया और वेरिने को आउट दिया। वेरिने 122 बॉल पर 45 रन बनाकर आउट हुए। वेरिने और मुथुसामी के बीच 7वें विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी हुई।

काइल वेरिने को ऋषभ पंत ने रवींद्र जडेजा की बॉल पर स्टंपिंग कर पवेलियन भेजा।
4. यानसन का जडेजा की बॉल पर नो लुक सिक्स 124वें ओवर की तीसरी बॉल पर मार्को यानसन ने नो लुक सिक्स लगा दिया। जडेजा की गेंद फुल लेंथ पर थी। यानसन लेग-साइड में हल्का हटकर आगे आए, पीछे का पैर मोड़ा और जोरदार शॉट मारते हुए बॉल को लंबी दूरी तक लॉन्ग-ऑन के ऊपर भेज दिया।

मार्को यानसन 93 रन बनाकर आउट हुए।