इंदौर के उषा राजे स्टेडियम में आज भारत और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट मुकाबला होगा।
महिला वर्ल्ड कप मुकाबलों का 20वां मैच आज इंदौर में होगा। इसमें भारतीय क्रिकेट टीम, इंग्लैंड से भिड़ेगी। 27 हजार क्षमता वाले उषा राजे स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए सभी टिकट बिक चुके हैं।
.
एमपीसीए सचिव सुधीर असनानी ने बताया कि इंदौर में हुए सभी मैचों की मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने सफल मेजबानी की है।
भारतीय टीम के अलावा विदेशी टीमों के खिलाड़ियों ने इंदौर के ग्राउंड और दर्शकों के समर्थन की काफी तारीफ की है।
यही कारण होलकर स्टेडियम फेवरेट वेन्यू में गिना जाता है। दोनों टीमों के बीच दोपहर 3 बजे मैच शुरू होगा।
सेमी में पहुंचने हर हाल में जीतना होगा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जबकि इंग्लैंड टीम की कप्तानी नैट साइवर ब्रंट करेंगी। टीम इंडिया को लगातार दो मैचों में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलनी पड़ी।
अब इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे इंग्लैंड को हर हाल में हराना होगा। इंग्लैंड की महिला टीम अभी तक इस वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं हारी है।
इन दोनों ही टीमों के बीच आखिरी ODI मुकाबला साल 2025 में ही चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला गया था जहां टीम इंडिया ने 319 रनों का टारगेट डिफेंड करते हुए 13 रनों से जीत हासिल की।
ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वर्ल्ड कप के मंच पर भी भारतीय टीम इंग्लैंड को धूल चटा पाती है या नहीं।
इंदौर में शनिवार को हुई तेज बारिश के चलते एमपीसीए ने मैदान को समय पर कवर कर दिया। जिससे पिच को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस बीच इंडियन टीम ने मैदान में प्रैक्टिस की।
स्टेडियम में ये सामान नहीं ले जा सकेंगे रेडियो, कैमरा, हेलमेट, शीशे, हैंड बैग, पटाखे, ट्रांजिस्टर, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल, सिगरेट, लैपटॉप, इंजेक्शन, टिफिन, डब्बे, चाकू या अन्य हथियार, पॉवर बैंक, ब्रड़े लेडीज बैग, शराब व नशीले पदार्थ, सेल्फी स्टीक।
इन गेटों से मिलेगी एंट्री मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। दर्शकों को 12:30 बजे तक स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। स्टेडियम में 8 गेट हैं, लेकिन उषा राजे, सतीश मल्होत्रा समेत 3 गेटों से ही एंट्री होगी। स्टेडियम की पूरी क्षमता भरने के कारण लास्ट-मिनट टिकटिंग का विकल्प उपलब्ध नहीं है।
स्थानीय आयोजक रोहित पंडित ने बताया कि त्योहारी सीजन के बावजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता है। उन्होंने सलाह दी कि टिकट धारक समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, क्योंकि ट्रैफिक की समस्या हो सकती है।
