Newsleak

ICC Approves Pink Ball Tests; Head Coaches Allowed During Drinks Break

  • Hindi News
  • Sports
  • ICC Approves Pink Ball Tests; Head Coaches Allowed During Drinks Break

स्पोर्ट्स डेस्क50 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
इंटरनेशनल टेस्ट मैचों में पहली बार 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच डे-नाइट टेस्ट में गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया गया था। - Dainik Bhaskar

इंटरनेशनल टेस्ट मैचों में पहली बार 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच डे-नाइट टेस्ट में गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया गया था।

टेस्ट क्रिकेट में खराब रोशनी की वजह से खेल रुकने की समस्या जल्द ही खत्म हो सकती है। दिन में होने वाले टेस्ट मैच में लाल गेंद से खेल होता है। अगर खराब रोशनी से खेल रुकता है तो दोनों की कप्तानों की सहमति से गुलाबी गेंद का इस्तेमाल हो सकेगा। गुलाबी गेंद फ्लड लाइट्स में देखी जा सकती है। लाल गेंद से फ्लड लाइट्स में खेल नहीं हो पाता है।

अहमदाबाद में सोमवार को हुई ICC की सालाना बैठक में इसके ट्रायल को मंजूरी दे दी गई है। शुरुआत में यह ट्रायल कुछ ही मैचों तक सीमित रहेगा। अच्छे नतीजे मिलने पर इसे सभी टेस्ट मैचों पर लागू किया जाएगा।

ICC ने इंटरनेशनल क्रिकेट से जुड़े कुछ और प्लेइंग कंडीशंस में बदलावों को मंजूरी दे दी है। सभी बदलाव 1 अक्टूबर से लागू होंगे।

टेस्ट मैचों में बैड लाइट की वजह से कई बार दिन में 90 ओवर का खेल नहीं हो पाता है

नई लाइटिंग टेक्नोलॉजी पर रिसर्च की अनुमति

खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की समस्या कम करने के लिए नई लाइटिंग टेक्नोलॉजी पर रिसर्च करने की अनुमति भी बैठक में दी गई। ICC और मेरिलबोर्न क्रिकेट क्लब (MCC) मिलकर नइस प्रोजेक्ट्स को फंड करेंगे।

ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान ग्राउंड पर जा सकेगा हेड कोच

अब वनडे मैचों में किसी टीम का हेड कोच ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बातचीत कर सकेगा। पहले यह अनुमति सिर्फ टी-20 मैचों में ही थी।

अवैध एक्शन के लिए अंपायर ले सकेंगे हॉक-आई डेटा की मदद

ICC ने अंपायर को अवैध गेंदबाजी एक्शन की रिपोर्ट पर विचार करते समय हॉक-आई डेटा देखने की अनुमति भी दी है। हॉक-आई कैमरा-आधारित ट्रैकिंग तकनीक है, जो कई हाई-स्पीड कैमरों की मदद से गेंद की गति और उसके रास्ते का 3D मॉडल तैयार करती है। क्रिकेट में इसका सबसे ज्यादा उपयोग DRS के तहत LBW फैसलों में होता है, जहां यह अनुमान लगाया जाता है कि बल्लेबाज के पैड से टकराने के बाद गेंद स्टंप्स को लगती या नहीं। इससे अंपायरों को अधिक सटीक निर्णय लेने में मदद मिलती है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर काफी चर्चा हुई थी।

महिला क्रिकेट के लिए नए टूर्नामेंट और क्वालिफिकेशन सिस्टम

ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की विंडो बदल दी गई है। यह टूर्नामेंट अब जून-जुलाई की जगह 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच खेला जाएगा।

ICC ने महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 को शुरू करने की मंजूरी दी है। इसमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें पांच फुल मेंबर और पांच एसोसिएट मेंबर देश होंगे। टीमों का चयन रैंकिंग और पिछले टी-20 वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन के आधार पर होगा।

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2028 के क्वालिफिकेशन सिस्टम को भी मंजूरी मिल गई है। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में होगा, जबकि भारत के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे।

12 टीमों के इस टूर्नामेंट में 10 टीमों को सीधे एंट्री मिलेगी। इनमें महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की टॉप-8 टीमें, मेजबान और 6 जुलाई 2026 की रैंकिंग के आधार पर अगली टीमें शामिल होंगी। बाकी दो स्थान 10 टीमों वाले ग्लोबल क्वालिफायर से तय होंगे।

बांग्लादेश, श्रीलंका और फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर चर्चा

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चुनावी प्रक्रिया समेत वहां की स्थिति पर चर्चा के लिए क्रिकेट साउथ अफ्रीका के डॉ. मोहम्मद मूसाजे और जिम्बाब्वे क्रिकेट के तावेंगा मुकुहलानी बांग्लादेश जाएंगे और विभिन्न पक्षों से बात करेंगे।

वहीं, बोर्ड ने दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीगों पर चिंता जताई है। ICC ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और फ्रेंचाइजी टूर्नामेंटों के बीच संतुलन बनाने के लिए एक समिति गठित करने का फैसला किया है। यह समिति मौजूदा ढांचे के भीतर तालमेल की संभावनाओं का आकलन करेगी।

खबरें और भी हैं…

Source link

Exit mobile version