Site icon Newsleak

IBSF World Snooker Championship Indore

इंदौर2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इंदौर के यशवंत क्लब में आयोजित IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 खत्म हो गई। भारत की 24 साल की अनुपमा रामचंद्रन ने लगातार दूसरी बार महिला वर्ग का विश्व खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

महिला वर्ग के फाइनल में अनुपमा ने हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने पिछले साल जीता अपना खिताब भी बरकरार रखा।

वहीं, पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के 32 वर्षीय अली घरहागोजलू ने हांगकांग के 24 वर्षीय टैम युन फंग को 5-1 से हराया। अली ने भी दूसरी बार खिताब जीता है।

भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के शताब्दी वर्ष के मौके पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 30 से ज्यादा देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 में भारत की अनुपमा ने दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।

पहली फ्रेम हारने के बाद अनुपमा ने लगातार तीन फ्रेम जीते

महिला वर्ग का फाइनल मौजूदा चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन और हांगकांग की सो मैन यान के बीच खेला गया। मुकाबले की पहली फ्रेम यान ने 58-16 से जीतकर बढ़त बना ली।

इसके बाद अनुपमा ने शानदार वापसी की। उन्होंने दूसरी फ्रेम 83-7 से जीतकर स्कोर बराबर कर दिया। फिर तीसरी फ्रेम 85-26 और चौथी फ्रेम 65-37 से जीतकर लगातार तीन फ्रेम अपने नाम कर लिए।

अनुपमा ने पूरे मुकाबले में सटीक निशाने और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 3-1 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने पिछले साल दोहा में जीता विश्व खिताब भी बरकरार रखा।

अनुपमा ने हांगकांग की खिलाड़ी को 3-1 से हराया।

अनुपमा ने लगातार दूसरी बार जीता विश्व खिताब

अनुपमा रामचंद्रन ने नवंबर 2025 में दोहा में हुई विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब जीता था। फाइनल में उन्होंने हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से हराया था।

यह सीनियर स्तर पर उनका पहला विश्व खिताब था। अब इंदौर में खिताब का बचाव करते हुए उन्होंने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

अनुपमा ने 2017 में अंडर-16 गर्ल्स वर्ल्ड ओपन स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2023 में रियाद में IBSF विश्व अंडर-21 महिला स्नूकर चैंपियनशिप जीती।

इसी साल उन्होंने टीम स्पर्धा में विश्व महिला स्नूकर कप का खिताब भी अपने नाम किया था।

पहली बार जीतना खास था, दूसरी बार जीतना यादगार: अनुपमा रामचंद्रन

अनुपमा रामचंद्रन।

दैनिक भास्कर से बात करते हुए अनुपमा ने कहा,

पहली बार विश्व खिताब जीतना खास था, लेकिन दूसरी बार अपने खिताब का बचाव करना उनके लिए और भी यादगार अनुभव रहा। इंदौर में भारतीय दर्शकों के सामने जीत हासिल करना गर्व और खुशी का पल था।

उन्होंने बताया कि दिसंबर में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर अगले साल का खेल कैलेंडर तय होगा।

अनुपमा ने स्नूकर की लोकप्रियता बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, भारत में अभी भी बहुत से लोग इस खेल के बारे में नहीं जानते हैं। खिलाड़ियों की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोग स्नूकर को देखें, समझें और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं।

पुरुष वर्ग में ईरान के अली ने दूसरी बार जीता खिताब

पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के अली घरहागोजलू का मुकाबला हांगकांग के टैम युन फंग से हुआ। अली ने पहली फ्रेम में 55 का ब्रेक लगाकर जीत दर्ज की। हालांकि, दूसरी फ्रेम में फंग ने 73 का ब्रेक लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद अली ने शानदार खेल दिखाया और लगातार तीन फ्रेम जीतकर 4-1 की बढ़त बना ली। पांचवीं फ्रेम में 65 और छठी फ्रेम में 85 का ब्रेक लगाकर उन्होंने मुकाबला 5-1 से जीत लिया। मैच में अली के स्कोर 68-23, 26-96, 63-27, 63-33, 78-40 और 85-0 रहे।

भारत के पद्मभूषण सम्मानित और 29 बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें सेमीफाइनल में अली घरहागोजलू ने 5-3 से हराया था।

ईरान के अली घरहागोजलू का रहा बेहतर प्रदर्शन।

इंदौर की मेजबानी की विदेशी खिलाड़ियों ने की तारीफ

चैंपियनशिप में हिस्सा लेने आए विदेशी खिलाड़ियों ने इंदौर की सुविधाओं, मौसम और मेहमाननवाजी की तारीफ की। IBSF अध्यक्ष मुबारक अल खारियान ने भी आयोजन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इंदौर में आगे भी विश्व स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं।

पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के अध्यक्ष बालासुब्रमण्यम, सचिव सुनील बजाज, IBSF के जीम लेसी, मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के अध्यक्ष भोलू मेहता, महासंघ की उपाध्यक्ष अश्विनी पुराणिक, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जीतू जैन और सचिव विजय कस्तूरी मौजूद रहे। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिए गए।

अब जानिए क्या-क्या रहा खास

  • 30 से अधिक देश: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी।
  • 40 हजार डॉलर: कुल पुरस्कार राशि का वितरण।
  • पंकज आडवाणी: पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे।
  • अनुपमा: लगातार दूसरी बार सीनियर महिला विश्व चैंपियन।
  • अली घरहागोजलू: दूसरी बार विश्व खिताब जीता।
  • इंदौर की मेजबानी: IBSF अध्यक्ष ने भविष्य में भी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं की संभावना जताई।

प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग के विजेताओं को मिलाकर करीब 40 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि दी गई। फाइनल मुकाबलों के बाद IBSF अध्यक्ष मुबारक अल खारियान की मौजूदगी में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।

====================

ये खबर भी पढ़ें…

महिला एशियन हॉकी में भारत की लगातार दूसरी जीत: कोरिया को 2-1 से हराया, मुमताज और सुनेलिता ने दागे गोल; जापान ने थाईलैंड को 3-0 से हराया

भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में शनिवार को महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने कोरिया को 2-1 से हरा दिया। भारत की ओर से मुमताज खान और सुनेलिता ने एक-एक गोल दागा।

वहीं दिन के पहले मैच में चीन-मलेशिया मैच 2-2 से ड्रॉ रहा। दिन के दूसरे मैच में जापान ने थाईलैंड को 3-0 से हराया। पूरी खबर पढ़ें…

Source link

Exit mobile version