पहलवान सरिता मोर के बेटे को गोद में लेकर खिलाते अभिनेता जैकी श्रॉफ।
विश्व की नंबर-1 रेसलर रहीं सरिता मोर के बेटे का नामकरण बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने किया। नामकरण समारोह में पहुंचे श्रॉफ ने सरिता के बेटे का नाम ‘दक्षित मान’ रखा, जो भगवान शिव के नाम पर है। जैकी ने बच्चे को गिफ्ट में पौधा दिया।
.
दिल्ली में हुए नामकरण समारोह में जैकी श्रॉफ ने बच्चे को गोद में लेकर कहा कि भिड़ू, ऊपर वाला तुझे मुझसे भी ज्यादा इज्जत, नाम और शोहरत दे। नामकरण से पहले जैकी श्रॉफ ने फोन पर बच्चे की राशि पूछी थी। पति जो सरिता के कोच भी हैं, राहुल मान ने उन्हें बताया कि बच्चे की राशि ‘मीन’ है, जिसके बाद जैकी ने फोन पर ही ‘दक्षित’ नाम सुझा दिया था।
समारोह में करीब 1 घंटे मौजूद रहे जैकी श्रॉफ ने सरिता और परिवार को अपने मुंबई स्थित घर पर आने का निमंत्रण भी दिया। सरिता के पति राहुल मान ने बताया कि 2010 में दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में जैकी दादा के साथ मुलाकात हुई थी। तब से लेकर अब तक परिवार के साथ उनकी पारिवारिक जान-पहचान बनी हुई है। सरिता ने 7 अक्टूबर को बेटे को जन्म दिया था।

दिल्ली में हुए नामकरण समारोह में जैकी श्रॉफ पहुंचे थे।
वजन घटाने में जुटीं सरिता मोर, अगले महीने मैट पर लौटेंगी बेटे के जन्म के एक सप्ताह बाद ही सरिता ने फिटनेस पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। उनका लक्ष्य दिसंबर के अंत तक मैट पर लौटने का है। पति व कोच राहुल मान ने बताया कि परंपरा के अनुसार 40 दिन बाद सरिता ट्रेनिंग शुरू कर सकती हैं। सरिता कहती हैं कि जब बॉक्सर मैरी कॉम मां बनने के बाद 3 बार विश्व चैंपियन बन सकती हैं, तो मैं क्यों नहीं।”
कड़ी डाइट, वजन घटाने पर फोकस हरियाणा में प्रसव के बाद मिलने वाले घी-मेवे, पंजीरी और गूंद के लड्डू से वजन बढ़ने की आशंका रहती है। लेकिन सरिता सख्त डाइट फॉलो कर रही हैं। राहुल ने बताया कि वेट नियंत्रण में रखने के लिए डाइटीशियन का प्लान फॉलो किया जा रहा है और पंजीरी-गूंद का सेवन बहुत कम किया जा रहा है।
डिलीवरी से पहले सरिता का वजन 88 किलो था, जो अब घटकर 76 किलो रह गया है। अगले कुछ हफ्तों में इसे 66 किलो तक लाने की योजना है। इसके बाद लक्ष्य 57 किलो वेट कैटेगरी में लौटने का है। ओलिंपिक में भी यही श्रेणी मौजूद है।

बेटे के जन्म के बाद ओलिंपिक की तैयारी करने के लिए अभ्यास करतीं पहलवान सरिता मोर।
लक्ष्य- ओलिंपिक और विश्व चैंपियनशिप का पदक सरिता ने आखिरी बार 2024 में सीनियर एशियन और वर्ल्ड रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में भाग लिया था, जहां उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब बेटा होने के बाद वे नई एनर्जी और नए लक्ष्य के साथ मैट पर उतरने की तैयारी में हैं।
59 किलो भार वर्ग में वर्ल्ड नंबर-1 रहीं सरिता मोर भारतीय महिला कुश्ती की प्रमुख चेहरों में से एक हैं। उन्होंने 2022 में विश्व रैंकिंग में 59 किलोग्राम वर्ग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था और एशियाई चैंपियनशिप में चार पदक जीते हैं। 2021 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। गीता फोगाट ने बेटे के जन्म के बाद कमबैक किया, 30 किलो वजन घटाया।
राहुल बताते हैं कि कॉमनवेल्थ में देश की पहली गोल्ड मेडल विजेता रेसलर गीता फोगाट ने भी वर्ष 2021 में बेटे के जन्म के बाद खेल में कमबैक किया था। गोंडा में हुई नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। गीता को इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सरिता ने ही हराया था।
वहीं, गीता ने 30 किलोग्राम से ज्यादा वजन तोड़कर 59 केजी वेट कैटेगरी में कमबैक करते हुए रजत पदक जीता था। वैसे मां बनने के बाद सबसे अच्छा कमबैक बॉक्सर मैरी कॉम ने किया था। 2014 एशियाई खेल में मैरी कॉम ने बच्चे के जन्म के बाद दो साल की छुट्टी के बाद वापसी करते हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता।

अब पढ़िए….सरिता के वैवाहिक जीवन से मां बनने तक का सफर
- 2017 में अंतरराष्ट्रीय पहलवान राहुल मान के साथ शादी: सरिता ने एक मार्च 2017 में दिल्ली के खेड़ा गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय पहलवान राहुल मान के साथ शादी की थी। राहुल, सरिता के कोच भी हैं। वर्तमान में राहुल रेलवे में नौकरी करते हैं। सरिता 3 साल पहले विश्व कुश्ती रैंकिंग में नंबर-1 पर रही हैं। एशियाई चैंपियनशिप में कई बार पदक जीत चुकी हैं।
- 7 अक्टूबर को सरिता ने दिया बेटे को जन्म: सरिता मोर ने 7 अक्टूबर को बेटे को जन्म दिया था। सरिता ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो पोस्ट साझा कर यह जानकारी दी थी। लिखा था- नई जर्नी शुरू। फेसबुक अकाउंट पर डाली इस फोटो में सरिता और उनके पति राहुल मान काफी खुश नजर आ रहे थे। यह दोनों की पहली संतान है।
- बेटे के जन्म पर सरिता मोर ने फेसबुक पर दो पोस्ट साझा की थी। एक पोस्ट में लिखा, विद ब्लेसिंग्स ऑफ गॉड एंड विश ऑफ यू ऑल, वी हैव बीन बलेस्ड बाई ए बेबी ब्वाय। ए न्यू जर्नी बिगिन्स,फिल्ड विद टिनी फीट एंड एंडलैस लव, वेलकम टू द वर्ल्ड, अवर बेबी बॉय। वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक साझा किया, जिसमें लिखा है- ओइम कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने प्रणतः क्लेशनाशाय गोविंदाय नमो नमः ।

प्रेग्नेंसी के वक्त सरिता ने फेसबुक पर की थी पोस्ट प्रेग्नेंसी के दौरान भी सरिता ने दो पोस्ट की थी। एक पोस्ट में लिखा था कि ताकत रुकती नहीं, बल्कि रूपांतरित होती है। कुश्ती के मैदान से लेकर मातृत्व के सफर तक, हर पड़ाव एक जंग है, हर कदम एक जीत। कभी कुश्ती में दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी रही, आज मैं मां बनने के बाद अब तक की सबसे खूबसूरत चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हूं।
दूसरी पोस्ट में लिखा था- हर चैंपियन के पीछे कोई न कोई ऐसा होता है जो विश्वास करता है, साथ देता है और आगे बढ़ाता है। मैट पर और मैट के बाहर, दोनों जगह मेरी ताकत बनने के लिए शुक्रिया। यह सफर हमारा है।

कबड्डी प्लेयर से अंतरराष्ट्रीय पहलवान बनने का सफर…
- कबड्डी खेलते हुए पहलवानी शुरू की: सरिता मोर का जन्म 16 अप्रैल 1995 को हुआ था। बचपन में कबड्डी खेलते-खेलते उन्होंने कुश्ती को अपना करियर बना लिया। 2010 में महज 15 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैडेट वर्ग में पदार्पण किया। उनके पति राहुल मान उनके कोच भी हैं। वर्तमान में सरिता भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं।
- 2022 में बनी नंबर वन पहलवान: महिला पहलवान सरिता मोर ने भारतीय महिला कुश्ती में अपने दम पर खास पहचान बनाई है। सरिता 2022 में विश्व रैंकिंग में 59 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में विश्व नंबर-1 रही थी। उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप में चार पदक जीते थे।
- फोगाट बहनों के बीच पहलवानी में बनाई खास पहचान: फोगाट बहनों और ओलिंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक जैसी दिग्गज खिलाड़ियों के बीच सरिता मोर ने अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। 2017 में एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
- अर्जुन अवॉर्ड भी मिल चुका: टोक्यो ओलिंपिक 2020 में जगह न बना पाने के बावजूद सरिता ने हौसला नहीं खोया और 2021 में एशियाई चैम्पियनशिप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने के साथ विश्व चैम्पियनशिप (ओस्लो) में कांस्य पदक हासिल किया। 2022 में उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
————–
ये खबर भी पढ़ें…
पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान सरिता मोर करेंगी कमबैक, डिलीवरी के बाद फिटनेस पर फोकस

हरियाणा के सोनीपत की पूर्व विश्व नंबर-1 रेसलर सरिता मोर जल्द ही मैट पर वापसी करना चाहती हैं। 7 अक्टूबर को ही उन्होंने बेटे को जन्म दिया। सरिता फिटनेस पर ध्यान देने लगी हैं। पति राहुल मान खुद इंटरनेशनल रेसलर व सरिता के कोच हैं। पूरी खबर पढ़ें…