क्रिकेटर शेफाली वर्मा के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मंत्री कृष्ण बेदी से स्टेडियम के खस्ता हाल के बारे में सवाल किया था।
हरियाणा के रोहतक जिले के लाखनमाजरा स्टेडियम में जर्जर बॉस्केटबॉल पोस्ट गिरने से नेशनल प्लेयर हार्दिक की मौत हुई। इसके बाद सत्ता और विपक्ष के नेता लगातार पीड़ित परिवार के प्रति सांत्वना जताने पहुंच रहे हैं। इसी बीच हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण बेदी क
.
मंत्री का यह वीडियो 9 नवंबर को रोहतक का है। जहां मंत्री बेदी क्रिकेटर शेफाली वर्मा के रोहतक लौटने पर स्वागत समारोह में हिस्सा लेने गए थे। इसी दौरान मीडिया ने मंत्री से सवाल किया था कि रोहतक के खेल स्टेडियमों के हालात बड़े खराब हैं। यहां पर निरीक्षण कर सुधार करवा दीजिए। इस पर मंत्री ने हंसते हुए उल्टा सवाल दागा। कहा- आपके पास ऐसे कितने स्टेडियम की लिस्ट है। आप लिस्ट दे दीजिए, हम चेक करवा लेते हैं। आपकी शंका दूर कर देंगे।
मंत्री ने सवाल पर कहा था कि आप कुछ भी कहते रहिए, उससे फर्क थोड़ी पड़ेगा। आप मुझे वो लिस्ट दीजिए, या फिर मैं अधिकारियों को कह करके, डीसी को बोल करके चेक करवाता हूं। डीसी साहब यहां पर हैं, आप जो-जो बताएंगे, उन्हें चेक करके शाम तक आपको बता देंगे।
मीडिया ने सवाल करते हुए कहा कि ये लिस्ट भी हमें देनी होगी, आप खुद चेक करवाइए। मंत्री ने कहा कि अरे पूछ तो आप रहे हैं। इसी दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा था कि अरे मेरे मित्रों आज खुशी का दिन है, ये फिर किसी दिन पूछ लेना।
बास्केटबॉल पोल के नीचे दबे खिलाड़ी को निकालने की कोशिश करते साथी खिलाड़ी- फाइल फोटो।
मौत के बाद लगा नेताओं का जमावड़ा लाखनमाजरा गांव में 25 नवंबर को बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक (16) की मौत हो गई थी। इसके बाद गांव में नेताओं का जमावड़ा लग गया है। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, इनेलो प्रमुख अभय चौटाला गांव में परिवार से मिलकर शोक व्यक्त कर चुके हैं।
इसके अलावा पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर सवाल भी उठाया। इससे पहले 23 नवंबर को बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में भी इसी तरह प्रैक्टिस के दौरान बॉस्केटबॉल पोल गिरने से 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन घायल हो गया था, जिसकी भी 25 नवंबर को मौत हो गई थी।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट फेसबुक पर एक तरफ हादसे की सीसीटीवी और दूसरी तरफ मंत्री के बयान की वीडियो पोस्ट कर कटाक्ष किया है।
यहां पढ़िए, दीपेंद्र हुड्डा और खिलाड़ी के पिता ने क्या कहा…
- दीपेंद्र ने बोले- न सुनने का धैर्य न काम करने की नीयत: रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मंत्री बेदी की फोटो और हादसे की CCTV की पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा- न सुनने का धैर्य, न काम करने की नीयत। प्रदेश सरकार के इसी अहंकारी रवैये ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। जर्जर खेल व्यवस्था पर बार-बार सवाल उठाने पर भी सरकार सोती रही। इस आपराधिक अनदेखी की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री जी को लेनी होगी। हार्दिक और अमन के परिवारों को न्याय देना होगा।
- हार्दिक के पिता बोले- नेता अब भाग रहे: हार्दिक के पिता संदीप राठी का बयान भी सामने आया है। इसमें वह मीडिया से बातचीत करते हुए कह रहे हैं- हमारे गांव में जो खेल मैदान है, उसको लेकर हमने बार-बार शिकायत की। अगर प्रशासन समय पर ध्यान दे लेता, तो मुझे ये दिन नहीं देखना पड़ता। मेरे बच्चे की डेथ नहीं होती। आज जो प्रशासन और नेता भाग-भाग कर आ रहे हैं, वो समय पर पहले देख लेते तो आज आने की जरूरत नहीं पड़ती।
- बीमार बेटे को मां ने उस दिन जाने से रोका था: हार्दिक के पिता ने कहा कि बेटा 2 दिन से बीमार चल रहा था। मां ने उसे हादसे के दिन रोका भी। लेकिन वो बोला कि नेशनल आने वाला है, दिन में 2 बार प्रैक्टिस करूंगा, तभी ताे इम्प्रूवमेंट कर सकूंगा। ग्राउंड में पहुंचा तो 5 मिनट वार्मअप के बाद ही डक की प्रैक्टिस में हादसा हो गया।
- 10 लाख दूंगा, ऐसे ग्राउंड में खिलाकर दिखाएं: सीएम नायब सैनी ने खिलाड़ियों की मौत पर परिजनों को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इस पर हार्दिक के पिता ने कहा कि 10 लाख रुपए मैं देता हूं। आप अपने बच्चों को ऐसे ग्राउंड में खिलाकर दिखाएं। मां-बाप के लिए पैसा बड़ी बात नहीं है।
- गांव में अब इंडोर स्टेडियम बने: पिता संदीप राठी ने कहा- अब मैं यह चाहता हूं कि गांव के बच्चों के लिए इंडोर स्टेडियम बने। इसका नामकरण मेरे बेटे के नाम पर किया जाए। इससे भविष्य में बच्चों को पता लगे कि उनके गांव का एक नेशनल प्लेयर हुआ था।
प्रदेश सरकार की अब तक 4 कार्रवाई…
- रोहतक DSO को किया सस्पेंड: नेशनल खिलाड़ी हार्दिक की मौत के बाद जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही लाखनमाजरा खेल नर्सरी को भी सस्पेंड करते हुए जांच और खेल उपकरणों में सुधार के लिए एक कमेटी भी बनाई गई है। रोहतक के राजीव गांधी स्टेडियम के इंचार्ज को कमेटी में शामिल किया गया है।
- सभी जगह पुराने उपकरण हटाने के निर्देश: हरियाणा खेल विभाग ने राज्यभर के सभी खेल परिसरों में लगे पुराने इक्विपमेंट को तुरंत हटाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग के महानिदेशक की तरफ से जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी परिसर में ऐसा इक्विपमेंट प्रयोग में नहीं आना चाहिए, जो खिलाड़ियों के लिए खतरा बने।
- पंचकूला में हाईलेवल मीटिंग आज: सभी जिला खेल अधिकारियों, मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल राई, अंबाला, हिसार, रोहतक और गुरुग्राम रेंज के उपनिदेशकों को हाई लेवल मीटिंग के लिए 28 नवंबर को पंचकूला बुलाया गया है। इस प्रकार के हादसे भविष्य में न हो, मीटिंग में इसके लिए चर्चा होगी।
- मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए: बास्केटबॉल के 2 खिलाड़ियों की मौत पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनके परिजनों को 5-5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार परिवारों के साथ है। इसके अलावा उन्होंने खेल विभाग को सभी खेल परिसरों के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
रोहतक के डीसी सचिन गुप्ता, जिनको स्टेडियम की जांच के तत्काल आदेश देने की बात मंत्री बेदी ने फिर से दोहराई है।
मंत्री बेदी की सफाई- मैंने तो उसी दिन DC को कहा था बयान का वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री कृष्ण बेदी ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने तो रोहतक DC को उसी दिन स्टेडियमों के निरीक्षण के लिए कह दिया था। अब डीसी सचिन गुप्ता से मैंने फोन कर उसके बारे में जानकारी ली तो डीसी ने बताया कि उन्हें खामियों वाले स्टेडियम की लिस्ट मीडिया ने उपलब्ध नहीं करवाई थी।
——————-
ये खबर भी पढ़ें…
रोहतक में बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर की मौत,VIDEO:प्रैक्टिस करते वक्त छाती पर गिरा 750 किलो का पोल
रोहतक के लाखनमाजरा में बास्केटबॉल खेलते समय एक खिलाड़ी की पोल गिरने से मौत हो गई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें खिलाड़ी बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस करता दिखाई दे रहा है। जैसे ही वह दौड़कर बास्केटबॉल पोल पर लटकता है, वैसे ही पूरा पोल टूटकर उसकी छाती पर गिर जाता है। इस पोल का वजन करीब 750 किलोग्राम बताया गया है। इसमें खिलाड़ी की मौत हो जाती है। (पूरी खबर पढ़ें)
