- Hindi News
- Sports
- FIDE Chess Candidates Round 2 Draws | Praggnanandhaa, Divya Deshmukh
साइप्रसकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंदा चीन के वेई यी के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद।
साइप्रस के पाफोस में चल रहे FIDE कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में भारत के ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने दूसरे राउंड में चीन के वेई यी के खिलाफ ड्रॉ खेला। दूसरे राउंड में सभी मुकाबले ड्रॉ रहे।
विमेंस में दिव्या देशमुख ने वैशाली रमेशबाबू से बराबरी की। दो राउंड के बाद फैबियानो कारुआना, आर प्रज्ञानानंदा और जावोखिर सिंदारोव 1.5 अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।
काले मोहरों से दबाव बनाया, लेकिन मुकाबला ड्रॉ
पहले राउंड में जीत के बाद प्रज्ञानानंदा ने दूसरे दिन भी अच्छा खेल दिखाया। काले मोहरों से उन्होंने वेई यी पर दबाव बनाया। हालांकि वेई यी ने आखिर में शानदार खेल दिखाकर मुकाबला बराबरी पर खत्म किया। प्रज्ञानानंदा के पास एक अतिरिक्त प्यादा था, लेकिन सफेद मोहरों की स्थिति मजबूत रही और 46 चाल में ड्रॉ तय हुआ।
दूसरे मुकाबले भी रहे बराबरी पर
दूसरे राउंड में अन्य मुकाबले भी ड्रॉ रहे। अनीश गिरि और फैबियानो कारुआना के बीच मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। वहीं जावोखिर सिंदारोव और मैथियास ब्लूबाउम के बीच भी ड्रॉ हुआ। अमेरिका के हिकारू नाकामुरा और आंद्रेई एसिपेंको के बीच मुकाबला भी ड्रॉ की ओर बढ़ता दिखा।
जिनेर झू और कतेरीना लाग्नो के बीच भी मुकाबला ड्रॉ रहा। लाग्नो ने समय कम होने के बावजूद शानदार चाल चलते हुए बराबरी हासिल की। बिबिसारा असाउबायेवा और अलेक्जेंड्रा गोन्याचकिना के बीच भी ड्रॉ हुआ। वहीं झोंगयी तान और अन्ना मुझीचुक का मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ।
अमेरिका के हिकारू नाकामुरा और आंद्रेई एसिपेंको के बीच मुकाबला भी ड्रॉ रहा।
महिला वर्ग में दिव्या से चूका बड़ा मौका
महिला वर्ग में भारत की दिव्या देशमुख के पास अकेले बढ़त लेने का मौका था, लेकिन वह वैशाली के खिलाफ जीती हुई स्थिति को भुना नहीं सकीं। समय के दबाव में दिव्या से गलती हुई, जिसका फायदा उठाते हुए वैशाली ने शानदार वापसी की और मैच ड्रॉ करा लिया।
दिव्या देशमुख ने वैशाली के खिलाफ ड्रॉ खेला।
टूर्नामेंट का महत्व
कैंडिडेट्स टूर्नामेंट हर दो साल में होता है। इसका विजेता वर्ल्ड चैंपियन को चुनौती देता है। ओपन वर्ग का विजेता भारत के डी गुकेश से खेलेगा, जबकि महिला वर्ग की विजेता चीन की जू वेनजुन से मुकाबला करेगी।
————————– स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
वैभव का पहली बॉल पर कैच छूटा:सिक्स लगाकर फिफ्टी पूरी की, जडेजा ने दुबे को आउट करके गन सेलिब्रेशन किया; मोमेंट्स
राजस्थान रॉयल्स ने जीत के साथ IPL 2026 की शुरुआत की। टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में चेन्नई 19.4 ओवर में 127 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। राजस्थान ने 12.1 ओवर में 2 ही विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। पूरी खबर