- Hindi News
- Sports
- FIFA World Cup 2026: Cape Verde Stuns Uruguay 2 2; Belgium & Iran Draw 0 0
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को ग्रुप G और H के मुकाबले खेले गए। ग्रुप G में बेल्जियम और ईरान के बीच मैच गोलरहित (0-0) ड्रॉ रहा। वहीं, ग्रुप H में केप वर्डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे को 2-2 की बराबरी पर रोककर बड़ा उलटफेर किया। इस नतीजे के बाद दोनों ग्रुपों में नॉकआउट की दौड़ और रोमांचक हो गई है।
केप वर्डे ने पूर्व वर्ल्ड चैंपियन को बराबरी पर रोका
केप वर्डे ने पूर्व वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे को 2-2 की बराबरी पर रोककर बड़ा उलटफेर किया। मियामी में खेले गए मुकाबले में केप वर्डे ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए एक अंक हासिल किया। इससे पहले वह स्पेन को भी 0-0 से ड्रॉ पर रोक चुका है। इस ड्रॉ के साथ ही ग्रुप H में नॉकआउट की रेस बेहद दिलचस्प हो गई है। स्पेन 4 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पर है, जबकि उरुग्वे और केप वर्डे दोनों के 2-2 अंक हैं।
केविन पिना ने 34 यार्ड की शानदार फ्री-किक पर गोल कर केप वर्डे को बढ़त दिलाई, लेकिन हाफ-टाइम से पहले मैक्सी अराउजो और अगस्टिन कैनोबियो के गोल से उरुग्वे 2-1 से आगे हो गया। दूसरे हाफ में उरुग्वे की डिफेंस की गलती का फायदा उठाकर वरेला ने बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद उरुग्वे ने जीत के लिए जोर लगाया, लेकिन पिको लोप्स और सिडनी लोप्स कैबरल की अगुआई में केप वर्डे के डिफेंस ने मजबूती से मुकाबला बचाते हुए मैच 2-2 से ड्रॉ करा दिया।
बेल्जियम और ईरान की टीम एक भी मैच नहीं जीत पाए हैं
लॉस एंजिल्स में खेले गए मुकाबले में बेल्जियम और ईरान ने 0-0 से ड्रॉ खेला। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में थीं, लेकिन मजबूत डिफेंस और गोलकीपिंग के कारण कोई भी गोल नहीं हो सका। इस ड्रॉ के बाद दोनों टीमों के दो मैचों में दो-दो अंक हो गए हैं।
बेल्जियम के लिए स्टार स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू की करीब एक साल बाद शुरुआती एकादश में वापसी हुई। वहीं, ईरान का एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। बेल्जियम को 66वें मिनट में बड़ा झटका लगा, जब सेंटर-बैक नाथन नगोय को रेड कार्ड मिला और टीम को आखिरी 24 मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसके बावजूद ईरान अतिरिक्त खिलाड़ी का फायदा नहीं उठा सका और मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
गार्सिया बोले- मौके बहुत मिले, लेकिन गोल नहीं कर सके
मैच के बाद बेल्जियम के कोच रूडी गार्सिया ने कहा कि उनकी टीम ने रणनीति के हिसाब से अच्छा खेल दिखाया, लेकिन फिनिशिंग में कमी रही।
गार्सिया ने कहा, ‘हम ईरान के खिलाफ तीन गोल से जीत सकते थे, लेकिन हम उतने प्रभावी नहीं रहे। हमने कई मौके बनाए। फुटबॉल में जब आप गोल नहीं करते, तो मैच नहीं जीत सकते। खेल और रणनीति के लिहाज से हमने वैसा ही प्रदर्शन किया जैसा चाहते थे, लेकिन गोल करने में नाकाम रहे।’