9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
ब्राजील की फुटबॉल टीम 3 अक्टूबर को भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले बांग्लादेश के ढाका में ट्रेनिंग कैंप लगाने पर विचार कर रही है।
ब्राजील फुटबॉल कन्फेडरेशन (CBF) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 23 अगस्त को ढाका का दौरा किया। टीम ने नेशनल स्टेडियम, बसुंधरा किंग्स एरेना और कई होटलों का निरीक्षण किया।
बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष तबिथ अवल ने बताया कि ब्राजील के साथ ढाका में ट्रेनिंग करने और बांग्लादेश के खिलाफ फ्रेंडली खेलने समेत सभी विकल्पों पर बात हुई है। हालांकि, अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
ब्राजील 25 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टाउन्सविले और 29 सितंबर को ब्रिस्बेन में मुकाबला खेलेगा। इसके बाद टीम भारत आएगी।
कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत और ब्राजील के बीच फ्रेंडली मैच खेला जाना है।
ढाका की पिच ब्राजील को ठीक लगी
बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन के मुताबिक, ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल ने नेशनल स्टेडियम और बसुंधरा किंग्स एरेना की पिच को टीम के लिए सही बताया। हालांकि, ड्रेसिंग रूम, तकनीकी स्टाफ के लिए जगह और एंट्री-एग्जिट पर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई गई है।
ढाका में ब्राजील और बांग्लादेश के बीच 5 या 6 अक्टूबर को फ्रेंडली मैच की भी चर्चा हुई है। हालांकि, बांग्लादेश की टीम 24 सितंबर से 4 अक्टूबर तक इंडोनेशिया में FIFA एशियन कप में खेलेगी।
बांग्लादेश के बशुंधरा किंग्स एरिना स्टेडियम।
साल्ट लेक की पिच पर ब्राजील ने जताई चिंता
भारत-ब्राजील मुकाबला 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में होगा। यह ब्राजील का भारत में पहला मुकाबला होगा। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन ने 30 जुलाई को इसकी घोषणा की थी।
मैच से पहले CBF के पांच सदस्यीय दल ने कोलकाता का भी निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने स्टेडियम, ट्रेनिंग ग्राउंड, पिच, ड्रेसिंग रूम, होटल और सुरक्षा व्यवस्था देखी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैदान की घास की स्थिति और कुछ जगहों पर टर्फ को लेकर चिंता जताई गई है। ब्राजील ने पिच और ट्रेनिंग ग्राउंड की घास में सुधार की जरूरत बताई है।
AIFF ने इस पोस्ट के जरिए मैच का ऐलान किया था…
ब्राजील के मैच पर भूटिया ने खर्च को लेकर सवाल उठाए
भारत-ब्राजील मुकाबले को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान बाइचुंग भूटिया ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने ब्राजील को कोलकाता बुलाने पर करीब 50 से 70 करोड़ रुपए खर्च होने की रिपोर्ट पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इतनी रकम बंगाल के घरेलू फुटबॉल और ग्रासरूट डेवलपमेंट पर खर्च की जा सकती थी।
भूटिया ने भारत के FIFA एशियन कप 2026 से हटने के विरोध में फैंस से ब्राजील के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार की अपील भी की है।
ब्राजील के बाद केप वर्डे से भी भिड़ सकता है भारत
भारत के लिए अक्टूबर की इंटरनेशनल विंडो और भी व्यस्त हो सकती है। AIFF केप वर्डे के खिलाफ 6 अक्टूबर को फ्रेंडली कराने की बातचीत कर रहा है। मुकाबला कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम या कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हो सकता है। हालांकि, इस मैच की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहले रिपोर्ट्स में केप वर्डे के खिलाफ मैच के लिए 30 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच की तारीखों पर चर्चा की जा रही थी। अब 6 अक्टूबर की तारीख सामने आई है। AIFF ने केप वर्डे फुटबॉल फेडरेशन से संपर्क किया है और बातचीत आगे बढ़ने की बात सामने आई है।
केप वर्डे ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई थी।
वर्ल्ड कप में केप वर्डे ने चौंकाया था
केप वर्डे ने 2026 FIFA वर्ल्ड कप में पहली बार हिस्सा लिया था और अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया। टीम ने ग्रुप स्टेज में स्पेन को 0-0 से ड्रॉ पर रोका था। उरुग्वे के खिलाफ 2-2 और सऊदी अरब के खिलाफ 0-0 ड्रॉ खेलकर टीम नॉकआउट में पहुंची थी। अंतिम-32 के मुकाबले में उसे अर्जेंटीना ने एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से हराया।
सितंबर में पनामा से भी मुकाबला
भारत सितंबर में पनामा के खिलाफ भी FIFA इंटरनेशनल फ्रेंडली खेलने की तैयारी में है। AIFF ने पनामा के साथ लेटर ऑफ इंटेंट साइन किया है। यह मैच 26 या 27 सितंबर को होने की संभावना है। हालांकि, इसका वेन्यू अभी तय नहीं हुआ है।
पनामा ने 2026 FIFA वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था, लेकिन ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था।
नवंबर में न्यूजीलैंड से दो मैच
भारत नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो अवे मैच भी खेलेगा। पहला मुकाबला 12 नवंबर को ऑकलैंड और दूसरा 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च में होगा।
—————— स्पोर्ट्स से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पंत-जुरेल की फिफ्टी, दोनों के बीच सेंचुरी पार्टनरशिप
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत ने मजबूत पकड़ बना ली है। मुकाबले के दूसरे दिन के पहले सेशन का खेल जारी है। भारतीय टीम ने पहली पारी में 6 विकेट पर 391 रन बना लिए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
