7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जूनियर क्रिकेट सिलेक्शन कमेटी के 5 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। नई कमेटी अंडर-22 स्तर तक की भारतीय टीमों के चयन, युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा तलाशने और उन्हें तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी। उम्मीदवार 5 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक BCCI की ओर से जारी ऑनलाइन लिंक के जरिए आवेदन कर सकेंगे।
मौजूदा जूनियर सिलेक्शन कमेटी के 5 साल का कार्यकाल खत्म होने वाला है। इसी वजह से BCCI ने नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू की है। नई कमेटी के चयन में खिलाड़ियों के चयन के साथ-साथ युवा क्रिकेटरों में नैतिक मूल्यों और सही खेल भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
नए प्लेयर्स को लाने की जिम्मेदारी
जूनियर क्रिकेट कमेटी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अंडर-22 स्तर तक की भारतीय टीमों का चयन करना होगी। कमेटी घरेलू और विदेशी दौरों के लिए खिलाड़ियों का चयन करेगी। इसके साथ ही युवा प्रतिभाओं की पहचान करने और स्काउटिंग का काम भी कमेटी के जिम्मे रहेगा।
कमेटी को जूनियर क्रिकेट के लिए पारदर्शी तरीके से खिलाड़ियों का चयन करना होगा और उनके प्रदर्शन की समीक्षा भी करनी होगी।
पहली बार नैतिक मूल्यों पर भी खास जोर
नई कमेटी की जिम्मेदारियों में युवा खिलाड़ियों को ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग के खतरों के बारे में जागरूक करना भी शामिल किया गया है। BCCI के मुताबिक, कमेटी सीनियर और पूर्व खिलाड़ियों के साथ बातचीत के जरिए युवा क्रिकेटरों में मजबूत नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देगी।
मौजूदा कमेटी में 5 सदस्य
नई कमेटी के लिए आवेदन इसलिए मांगे गए हैं क्योंकि मौजूदा 5 सदस्यीय जूनियर सिलेक्शन कमेटी का 5 साल का कार्यकाल खत्म होने वाला है। मौजूदा कमेटी में एस. शरत- दक्षिण क्षेत्र, चेयरमैन, कृष्ण मोहन- उत्तर क्षेत्र, रणदेब बोस- पूर्व क्षेत्र, पथिक पटेल-पश्चिम क्षेत्र और हरविंदर सिंह सोढ़ी- मध्य क्षेत्र शामिल हैं।
आवेदन के लिए क्या योग्यता?
BCCI के मुताबिक, जूनियर सिलेक्टर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का कम से कम 25 फर्स्ट क्लास मैच खेलना जरूरी है। इसके अलावा उम्मीदवार को क्रिकेट से संन्यास लिए हुए कम से कम 5 साल पूरे हो चुके होने चाहिए।
———————————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… यशस्वी जायसवाल बोले- कोई हद पार करेगा तो जवाब मिलेगा
श्रीलंकाई गेंदबाज असिथा फर्नांडो से मैदान पर हुई भिड़ंत के बाद यशस्वी जायसवाल ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह जाने बिना फैसला नहीं सुनाना चाहिए कि फर्नांडो ने उनसे क्या कहा था। जायसवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, अगर कोई हद पार करेगा तो हमें उसे बताना होगा। यह भारत है, हम लड़ेंगे और जवाब देंगे। पूरी खबर