37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से और पाकिस्तान का मुकाबला बांग्लादेश से होगा।
चारों क्वार्टर फाइनल मैच बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गए। इसके बाद बेहतर ICC टी-20 रैंकिंग के आधार पर भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
श्रीलंका-नेपाल मैच में टॉस भी नहीं हुआ
निशिन में मंगलवार को श्रीलंका और नेपाल के बीच क्वार्टर फाइनल होना था। मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे शुरू होना था, लेकिन कई घंटे पहले ही बारिश शुरू हो गई। बारिश रुकने के आसार नहीं दिखे। मैच को टॉस से पहले ही रद्द कर दिया गया।
श्रीलंका को उसकी बेहतर सीडिंग का फायदा मिला। श्रीलंका, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश टूर्नामेंट की चार टॉप सीडेड टीमें हैं। इनकी सीडिंग ICC टी-20 रैंकिंग के आधार पर तय हुई थी।
बांग्लादेश-मलेशिया मैच भी रद्द
मंगलवार को ही बांग्लादेश और मलेशिया के बीच चौथा क्वार्टर फाइनल भी बारिश में धुल गया। यह मैच टॉस के तय समय से करीब दो घंटे पहले ही रद्द कर दिया गया। दोनों टीमों को वेन्यू पर नहीं आने के लिए कहा गया था।
बेहतर सीडिंग के कारण बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब उसका सामना पाकिस्तान से होगा।
सोमवार को भारत और पाकिस्तान के मैच भी धुले
सोमवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल भी बारिश के कारण नहीं हो सका था। भारत को बेहतर सीडिंग के आधार पर सेमीफाइनल में जगह मिली।
इसी तरह पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग का क्वार्टर फाइनल भी बारिश के कारण रद्द हुआ था। पाकिस्तान ने बेहतर सीडिंग के कारण अंतिम-4 में जगह बनाई।
श्रीलंका के पास भारत को रोकने का मौका
श्रीलंका 2022 के एशियन गेम्स में क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गया था। उसे अफगानिस्तान ने हराया था। इस बार बारिश के कारण बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंची श्रीलंकाई टीम के सामने भारत की चुनौती होगी।
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल भी बारिश में धुला तो बेहतर सीडिंग के कारण भारत फाइनल में पहुंच जाएगा।
बांग्लादेश का पिछला रिकॉर्ड
2023 के एशियन गेम्स में बांग्लादेश सेमीफाइनल में भारत से हार गया था। इसके बाद उसने ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान को हराकर कांस्य जीता था।
बांग्लादेश ने 2014 में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उसका सबसे अच्छा प्रदर्शन 2010 में आया था, जब उसने अफगानिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
भारत की नजर लगातार दूसरे गोल्ड पर
भारतीय पुरुष टीम एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से उतरी है। भारत ने 2022 के हांगझोउ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।
उस समय अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत को गोल्ड मेडल दिया गया था।
विमेंस टीम पहले ही जीत चुकी गोल्ड
भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया।
भारत ने 216/3 का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड जीता।
अब पुरुष टीम की नजर भी लगातार दूसरे गोल्ड मेडल पर है।
———————————————————-
भारत-पाकिस्तान में एशियन गेम्स का फाइनल संभव:दोनों टीमें मेंस क्रिकेट के सेमीफाइनल में पहुंची; बारिश के कारण दोनों के मैच रद्द
एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो सकता है। दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। हालांकि, सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने नहीं होंगे। पूरी खबर