पूर्व इंग्लिश कप्तान कुक बोले-सूर्यवंशी जैसा टैलेंट कभी नहीं देखा: दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन सकते हैं; टेस्ट में ऐसा ही खेल दिखाने की उम्मीद – Alistair Cook Praises Vaibhav

17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
वैभव सूर्यवंशी के नाम लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 50, 100, 150 और 200 रन बनाने का रिकॉर्ड है।  - Dainik Bhaskar

वैभव सूर्यवंशी के नाम लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 50, 100, 150 और 200 रन बनाने का रिकॉर्ड है।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक ने शनिवार को कहा कि उन्होंने वैभव जैसा टैलेंट पहले कभी नहीं देखा है। कुक का मानना है कि वे दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन सकते हैं।

कुक के मुताबिक, वैभव की सबसे बड़ी खासियत लगातार बड़े शॉट लगाने की क्षमता है। उन्हें उम्मीद है कि वैभव का यह अंदाज सिर्फ टी-20 तक सीमित नहीं रहेगा और वे टेस्ट व वनडे क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाएंगे।

कुक ने शनिवार को गुरुग्राम में PTI से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने भारतीय टीम को मौजूदा दौर की सबसे मजबूत ऑल-फॉर्मेट टीम बताया। साथ ही अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के पहुंचने की उम्मीद जताई।

53 गेंदों में 204 रन बनाए

वैभव ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया-A की ओर से खेलते हुए UAE के खिलाफ डबल सेंचुरी लगाई थी। दोहा में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 53 गेंदों पर 204 रन बनाए। उनकी पारी में 28 छक्के शामिल थे। पुरुषों के लिस्ट-A क्रिकेट में यह सबसे तेज दोहरा शतक है। लिस्ट-A क्रिकेट में 50 ओवर के घरेलू और वनडे मुकाबले शामिल होते हैं।

वैभव ने 52 बॉल पर दोहरा शतक लगाया था।

वैभव ने 52 बॉल पर दोहरा शतक लगाया था।

वैभव की बल्लेबाजी में ऐसा क्या खास है?

एलिस्टेयर कुक के मुताबिक, वैभव तेज रफ्तार से आती गेंद को भी अच्छी तरह समझते हैं और उसे छक्के के लिए बाउंड्री के पार पहुंचा देते हैं।

कुक की इस तारीफ के पीछे वैभव के पिछले दो IPL सीजन का प्रदर्शन भी है। उन्होंने 2025 में 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू किया था। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने 7 मैचों में 252 रन बनाए। इसमें गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों पर लगाया गया शतक भी शामिल था। इस पारी के साथ वे पुरुष टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे।

2026 में वैभव ने अपने प्रदर्शन को एक और स्तर पर पहुंचाया। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। इस सीजन वैभव ने 72 छक्के लगाए। यह किसी एक IPL सीजन में किसी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा छक्के हैं। उन्होंने क्रिस गेल का 2012 में बनाया 59 छक्कों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। इसी सीजन में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंदों पर 103 रन भी बनाए।

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीती थी। यह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर को दी जाती है।

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीती थी। यह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर को दी जाती है।

भारत को तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 टीम मानते हैं कुक

कुक ने भारतीय क्रिकेट की भी तारीफ की। उनका कहना है कि भारत के पास इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं कि वह दुनिया में कहीं भी मुकाबला कर सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत में खिलाड़ियों की संख्या और उनके बीच का कॉम्पिटिशन टीम को मजबूत बनाता है। जब एक टीम में जगह बनाने के लिए इतने सारे खिलाड़ी दावेदारी करते हैं, तो हर खिलाड़ी को लगातार बेहतर प्रदर्शन करना पड़ता है।

2012 में भारत को भारत में हराने वाले कप्तान हैं कुक

  • कुक ने भारत में अपनी आखिरी कप्तानी वाली टेस्ट सीरीज को भी याद किया। 2012 में उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने भारत को उसी की जमीन पर चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था।
  • इंग्लैंड ने अहमदाबाद में पहला टेस्ट 9 विकेट से गंवाया था। इसके बाद टीम ने मुंबई में 10 विकेट और कोलकाता में 7 विकेट से जीत दर्ज की। नागपुर में चौथा टेस्ट ड्रॉ रहा और इंग्लैंड ने सीरीज अपने नाम कर ली। भारत में इंग्लैंड की यह 1984-85 के बाद पहली टेस्ट सीरीज जीत थी।
  • उस सीरीज में कुक ने खुद शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 4 टेस्ट की 8 पारियों में 562 रन बनाए और तीन शतक लगाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था।
  • कुक ने कहा कि भारत में टेस्ट सीरीज जीतना आसान नहीं है। हालांकि, पिछले कुछ समय में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका जैसी टीमों ने भारत में जीत हासिल की है, जिससे मुकाबले का स्वरूप थोड़ा बदला है।
कुक ने अपने करियर का आखिरी मैच भी भारत के खिलाफ द ओवल में खेला था।

कुक ने अपने करियर का आखिरी मैच भी भारत के खिलाफ द ओवल में खेला था।

इंग्लैंड की टीम में टैलेंट, लेकिन बड़ी जीत की जरूरत

कुक ने मौजूदा इंग्लैंड टीम को भी प्रतिभाशाली बताया। उन्होंने हैरी ब्रूक की बल्लेबाजी और जो रूट के अनुभव का जिक्र किया। कुक के मुताबिक, रूट टीम के बाकी खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने वाले अनुभवी बल्लेबाज हैं।

हालांकि, उन्होंने माना कि इंग्लैंड की टेस्ट टीम को एक बड़ी और यादगार जीत की जरूरत है। उनके मुताबिक, यह जीत भारत में टेस्ट सीरीज जीतकर या ऑस्ट्रेलिया में एशेज अपने नाम करके मिल सकती है।

Source link

Leave a Comment