3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

MCC के लॉज मैनेजर और हेड ऑफ क्रिकेट फ्रेजर स्टीवर्ट ILT20 के लिए UAE में मौजूद हैं।
दोहा में रविवार को एशिया राइजिंग कप के मैच में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया। टॉस के दौरान दोनों कप्तानों ने भी एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया।
मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी बिना हाथ मिलाए अपने-अपने ड्रेसिंग रूम में लौट गए। इस मामले में क्रिकेट के नियमों की संरक्षक संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने कहा कि वह खिलाड़ियों को हाथ मिलाते देखना चाहती है, लेकिन ऊपर से निर्देश मिलने पर कुछ नहीं कर सकती।

इंडिया-ए vs पाकिस्तान-ए मैच में टॉस से पहले कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया।
MCC बोला- हमारे नियंत्रण से बाहर
ILT20 के पांचवें सीजन के लिए UAE में मौजूद MCC के लॉज मैनेजर और हेड ऑफ क्रिकेट फ्रेजर स्टीवर्ट ने इस मामले पर कहा कि संस्था खिलाड़ियों के हाथ मिलाने का समर्थन करती है, लेकिन इस पर आने वाले निर्देश उसके नियंत्रण में नहीं हैं।
स्टीवर्ट ने कहा, “अगर हाथ मिलाने को लेकर ऊपर से निर्देश आ रहे हैं, तो यह ऐसी चीज नहीं है जिसे MCC नियंत्रित कर सके। हम खिलाड़ियों को हाथ मिलाते देखना चाहेंगे, लेकिन समझते हैं कि इसमें बड़े मुद्दे शामिल हैं। यह हमारे नियंत्रण से बाहर है।”
पिछले एशिया कप से जारी है हाथ नहीं मिलाने का सिलसिला
भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हाथ नहीं मिलाने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल दुबई में खेले गए एशिया कप के बाद से भारतीय क्रिकेट टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज करती रही हैं। हालांकि, अन्य खेलों में भारतीय टीमों का रुख अलग रहा है।

एशिया कप 2025 के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था।
पहलगाम हमले के बाद क्रिकेट में नो-हैंडशेक की शुरुआत
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा और मई में ऑपरेशन सिंदूर हुआ। सितंबर 2025 में एशिया कप में दोनों टीमों के पहली बार आमने-सामने आने पर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि टीम पहलगाम हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है।

_______________________
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया:कप्तान तिलक की सेंचुरी काम नहीं आई; राइजिंग एशिया कप में हसन-रजा को 3-3 विकेट

पाकिस्तान-A ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत-A को 48 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। दोहा में पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 313 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पूरी खबर
