- Hindi News
- Sports
- India Out Of Davis Cup 2026 | South Korea Defeats India In Seoul
1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारत का डेविस कप 2026 अभियान शनिवार को खत्म हो गया। सियोल के ओलिंपिक टेनिस कोर्ट में दक्षिण कोरिया ने भारत को 1-3 से हरा दिया।
शनिवार को सुमित नागल रिवर्स सिंगल्स में सूनवू क्वोन से 1-6, 2-6 से हार गए। टीम इंडिया 1996 के बाद पहली बार डेविस कप के आखिरी आठ में जगह बनाने की कोशिश कर रही थी।

कोरियाई टीम पहली बार डेविस कप के क्वार्टरफाइनल में पहुंची है।
सुरेश-बालाजी ने कोरियाई जोड़ी को हराया था
पहले दिन के सिंगल्स मैचों के बाद भारत 0-2 से पीछे था। दूसरे दिन टीम को अभियान बचाने के लिए दोनों मैच जीतना जरूरी था।
डबल्स से पहले भारत ने टीम में बदलाव किया। निकी पूनाचा की जगह धक्षिणेश्वर सुरेश को उतारा गया। उन्हें अनुभवी एन श्रीराम बालाजी के साथ जोड़ी बनाया गया।
सुरेश और बालाजी ने जी सुंग नाम और उइसुंग पार्क को 6-3, 3-6, 6-3 से हराया। इस जीत से भारत के टॉप-8 में पहुंचने की उम्मीदें जगी थीं।

सुरेश-बालाजी ने मेंस डबल्स मैच जीतकर भारत की वापसी कराई थी।
क्वोन ने नागल और भारत का अभियान खत्म किया
रिवर्स सिंगल्स में नागल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वर्ल्ड रैंकिंग में 157वें नंबर के खिलाड़ी क्वोन ने पहला 6-1 से जीत लिया।
दूसरे सेट में नागल ने वापसी की कोशिश की। लेकिन क्वोन ने दूसरा सेट 6-2 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। 247वीं रैंकिंग वाले नागल पहले पहले दिन सिंगल्स मैच में ह्योन चुंग से हार गए थे।
कप्तान रोहित राजपाल का कार्यकाल समाप्त
इस मुकाबले के बाद रोहित राजपाल का भारतीय कप्तान के रूप में कार्यकाल भी खत्म हो सकता है। उनका कॉन्ट्रैक्ट दिसंबर 2026 तक है और अब तक इसके विस्तार की घोषणा नहीं हुई है। भारत अब 2027 में क्वालिफायर राउंड-1 में खेलेगा।
