3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इंग्लैंड के क्रिकेटर ब्रायडन कार्स पर नाइट क्लब विवाद में कोई चार्ज नहीं लगाया गया। डर्बीशायर पुलिस ने नाइट क्लब में कथित छेड़छाड़ की जांच बंद कर दी है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसलिए आगे कार्रवाई नहीं की गई।
घटना 23 अगस्त की सुबह डर्बी के मॉली मेलोनस नाइट क्लब में हुई थी। कार्स को पिछले महीने क्लब के बाहर हथकड़ी लगाए देखा गया था। इसके बाद वह पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट सीरीज के दूसरे और तीसरे टेस्ट में नहीं खेल सके थे।

डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर ब्रायडन कार्स को ले जाती पुलिस। पीछे बेन स्टोक्स भी नजर आ रहे है। (फोटो- द टेलीग्राफ)
नाइट क्लब विवाद में पुलिस जांच में क्या निकला?
- डर्बीशायर पुलिस ने बताया कि हमले में एक व्यक्ति को नशे में हंगामा करने के शक में गिरफ्तार किया गया था। उसकी जानकारी दर्ज करने के बाद उसे हिरासत से छोड़ दिया गया।
- उस व्यक्ति के जाने के बाद बार कर्मचारियों ने अधिकारियों को बताया कि एक महिला को कपड़ों के ऊपर गलत तरीके से छूने का आरोप लगा है।
- महिला ने कर्मचारियों से मदद मांगी थी। इसके बाद उस व्यक्ति को नाइट क्लब से बाहर कर दिया गया।
- हालांकि, पुलिस के महिला से बात करने से पहले ही वह बार से जा चुकी थी। अधिकारियों ने उसकी पहचान करने की कोशिश की। बाद में महिला की पहचान कर उससे बात की गई।
- महिला ने पुलिस को बताया कि वह कोई शिकायत नहीं करना चाहती। उसकी इच्छा को देखते हुए पुलिस ने आगे कार्रवाई नहीं की।
पुलिस रिकॉर्ड में यौन हमला दर्ज
डर्बीशायर पुलिस ने बताया कि अपराध दर्ज करने के नियमों के तहत इस घटना को पुलिस के सॉफ्टवेयर में यौन हमले के रूप में दर्ज किया गया था।
पुलिस के शुरुआती बयान में इसे हमला बताया गया था। उस समय घटना से जुड़े किसी भी पक्ष से बात नहीं हो पाई थी। पुलिस ने कहा कि संभावित जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उस समय कथित हमले की प्रकृति की पुष्टि नहीं की जा सकती थी।
पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट से भी बाहर हुए थे
डर्बी की घटना के बाद कार्स को पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में भी शामिल नहीं किया गया था।
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने उस समय खिलाड़ियों के ऑफ-फील्ड व्यवहार पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि टीम के खिलाड़ियों की ओर से बार-बार ऐसी गलतियां होना निराशाजनक है और यह घटना टीम में सांस्कृतिक बदलाव का कारण बन सकती है।

रूट के मुताबिक, कार्स अपने व्यवहार को लेकर परेशान और माफी मांगने वाले थे।
2024 में भी कार्स पर बैन लगा था
कार्स को 2024 में भी ऑफ-फील्ड व्यवहार के कारण कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। ECB के सट्टेबाजी नियमों के उल्लंघन के मामले में उन्हें 3 महीने का प्रतिबंध लगा था।
इसके बाद कार्स ने इंग्लैंड की टीम में तीनों फॉर्मेट में अपनी जगह मजबूत की। पिछले सीजन ऑस्ट्रेलिया में हुई एशेज सीरीज में वे इंग्लैंड के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
———————————————
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
सैकिया बोले- एशिया कप ट्रॉफियां भारत आएंगी:समय नहीं बताया; टीम इंडिया ने नकवी के हाथ से नहीं ली थी

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत की पुरुष और महिला टीम की एशिया कप ट्रॉफियां एक दिन भारत आएंगी। सैकिया ने यह बात BCCI की एनुअल जनरल मीटिंग में हिस्सा लेने के बाद कही। उन्होंने कहा- ‘ट्रॉफियां कब आएंगी, इसकी समयसीमा नहीं बता सकते। लेकिन, दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित BCCI ऑफिस जरूर पहुंचेंगी।’ पूरी खबर पढ़ें…
