- Hindi News
- Sports
- Brazil Vs India Friendly Match Kolkata | Vinicius Raphinha Ancelotti
8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ब्राजील के स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर और राफिन्हा 3 अक्टूबर को कोलकाता में साल्ट लेक स्टेडियम में भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। कोच कार्लो एंसेलोटी ने ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ फ्रेंडली मैचों के लिए 26 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है।
इसमें विनीसियस, राफिन्हा, मार्क्विन्होस और ब्रूनो गुइमारेस जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ब्राजील और भारत के बीच यह पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। मैच कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा।

एंसेलोटी ने युवाओं पर लगाया दांव, कासेमिरो-एलिसन बाहर
2026 वर्ल्ड कप में नॉर्वे से हारकर राउंड ऑफ 16 से बाहर होने के बाद एंसेलोटी ने ब्राजील की टीम में बदलाव शुरू कर दिया है। उन्होंने पेड्रो मोरिस्को, ओटावियो, माउरो जूनियर, ब्रेनो बिडोन और गेब्रियल बोन्टेम्पो जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। इनमें कुछ खिलाड़ी 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक के लिए भी पात्र हैं।
वहीं नेमार ने 34 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है, जबकि कासेमिरो और गोलकीपर एलिसन को इस बार टीम में जगह नहीं मिली। दूसरी ओर विनीसियस जूनियर, राफिन्हा, कप्तान मार्क्विन्होस और ब्रूनो गुइमारेस जैसे प्रमुख खिलाड़ियों पर एंसेलोटी ने भरोसा कायम रखा है। चेल्सी के जोआओ पेड्रो और एस्टेवाओ की भी टीम में वापसी हुई है।

ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ फ्रेंडली मैचों के लिए 26 सदस्यीय टीम घोषित की
जोआओ पेड्रो और एस्टेवाओ की वापसी
चेल्सी के फॉरवर्ड जोआओ पेड्रो और एस्टेवाओ की टीम में वापसी हुई है। जोआओ पेड्रो को वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली थी, जबकि एस्टेवाओ चोट के कारण टूर्नामेंट से पहले बाहर हो गए थे।
अब दोनों को एंसेलोटी ने नए दौर की टीम में फिर मौका दिया है। रियल मैड्रिड के एंड्रिक भी 26 सदस्यीय टीम में शामिल हैं।
भारत आने से पहले ऑस्ट्रेलिया से दो मैच
ब्राजील भारत पहुंचने से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो दोस्ताना मैच खेलेगी। पहला मुकाबला 25 सितंबर को टाउन्सविले के क्वींसलैंड कंट्री बैंक स्टेडियम में और दूसरा 29 सितंबर को ब्रिसबेन के सनकॉर्प स्टेडियम में होगा।
इसके बाद टीम कोलकाता पहुंचेगी। 3 अक्टूबर को भारत के खिलाफ मुकाबला ब्राजील के वर्ल्ड कप के बाद के नए दौर का तीसरा मैच होगा।
ब्राजील 2002 के बाद से वर्ल्ड कप नहीं जीता
ब्राजील पांच बार वर्ल्ड कप जीत चुका है, लेकिन टीम को 2002 के बाद से छठे खिताब का इंतजार है। 2026 वर्ल्ड कप में भी टीम नॉर्वे से हारकर प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई थी।
एंसेलोटी के सामने अब इस निराशा से उबरकर ऐसी टीम तैयार करने की चुनौती है, जो 2030 वर्ल्ड कप में खिताब के लिए मजबूत दावेदार बन सके।
26 सितंबर को पनामा से खेलेगा भारत टीम इंडिया 26 सितंबर को पनामा से भी फ्रेंडली मैच खेलेगी। यह मैच बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में होगा। भारत का यह किसी वर्ल्ड कप खेलने वाले देश के खिलाफ पहला फ्रेंडली मैच होगा। पनामा इस समय वर्ल्ड रैंकिंग में 44वें नंबर पर है। सेंट्रल अमेरिकी देश पनामा ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लिया था।

भारतीय फुटबॉल टीम पनामा, ब्राजील और उरुग्वे से मुकाबला खेलेगी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्राजील की टीम
गोलकीपर्स: ह्यूगो सूजा, पेड्रो मोरिस्को, ओटावियो
डिफेंडर्स: अर्थर डियास, डगलस सेंटोस, गेब्रियल मैगालहेस, जायर कुन्हा, मार्क्विन्होस, मैथ्यूज़िन्हो, माउरो जूनियर, विटोर रीस, वेस्ले
मिडफील्डर्स: एंड्री सेंटोस, ब्रेनो बिडोन, ब्रूनो गुइमारेस, डैनिलो, डगलस लुइज, गेब्रियल बोन्टेम्पो
फॉरवर्ड्स: एंड्रिक, विनीसियस जूनियर, एस्टेवाओ, जोआओ पेड्रो, पेड्रो, सैमुअल लीनो, राफिन्हा, रायन
————————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
बांग्लादेश से 8 मैचों से नहीं हारी भारतीय विमेंस टीम:एशिया कप सेमीफाइनल आज; शतक लगा चुकीं स्मृति पर नजरें

महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से शुरू होगा।
भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। वहीं, भारत पिछले 8 विमेंस टी-20 इंटरनेशनल में बांग्लादेश के खिलाफ अजेय है। बांग्लादेश ने आखिरी बार 13 जुलाई 2023 को भारत को हराया था। पूरी खबर
