- Hindi News
- Sports
- Manjot Kalra Arrested In Sri Lanka Over Bribery Allegations | LPL Cricket
कोलंबो15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मनजोत कालरा ने 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक जमाया था। तब राहुल द्रविड़ टीम के कोच थे।
पूर्व भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर और लंका प्रीमियर लीग (LPL) की टीम जाफना किंग्स के सह मालिक मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार किया गया है। उन पर एक खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे सीजन के शुरू होने से कुछ घंटे पहले हुई।
27 वर्षीय कालरा को खेल से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए बनी पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने गिरफ्तार किया। उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें 31 जुलाई तक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में कालरा के सहयोगी और भारतीय नागरिक युवराज पुष्पा को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने शिकायत दर्ज कराई थी
श्रीलंकाई पुलिस के अनुसार, कालरा पर टूर्नामेंट के संबंध में एक खिलाड़ी को पैसों का लालच देने का आरोप है। जांचकर्ताओं ने बताया कि खिलाड़ी ने करीब 10 दिन पहले संपर्क किए जाने पर अधिकारियों को सूचित किया था। कोर्ट को बताया गया कि यह शिकायत भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो, दुनिथ वेलालागे और दो अन्य खिलाड़ियों ने दर्ज कराई थी।
लंका प्रीमियर लीग के पहले दिन हुई गिरफ्तारी
यह गिरफ्तारी LPL 2026 के पहले दिन हुई, जब कोलंबो के SSC ग्राउंड्स में जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच मैच होना था। पांच टीमों वाला यह टूर्नामेंट 24 मैचों का है और 8 अगस्त तक चलेगा। इससे पहले इस साल एक अन्य फ्रेंचाइजी मालिक को खिलाड़ी को प्रभावित करने के आरोप में सजा हो चुकी है।
2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक जमाया था
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा कि उन्होंने गिरफ्तारी का संज्ञान लिया है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। बोर्ड ने साफ किया कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। साथ ही, बोर्ड ने भ्रष्टाचार और अनैतिक प्रथाओं के खिलाफ ‘जीरो-टॉलरेंस’ की नीति दोहराई है। कालरा 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक के लिए जाने जाते हैं।
